Gonda News: गोंडा-लखनऊ हाईवे पर हादसा, मंदिर जा रहे दंपती को एंबुलेंस ने रौंदा, मौत से घर में मचा कोहराम
पुलिस ने एंबुलेंस चालक को किया गिरफ्तार स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल समधी ने दर्ज कराया मुकदमा। ग्राम प्रधान उमापति तिवारी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुखद घटना है। बुजुर्ग के के सहारे की लाठी व बेटे से मां-बाप का साया उठ गया है।
संसू, कर्नलगंज-गोंडा। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर पिपरी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया है। स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल है। पारा गांव के रहने वाले समधी हृदय नरायन मिश्र ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कटरा घाट सरयू तट स्थित मंदिर पर रुद्राभिषेक करने जा रहे थे
सर्वांगपुर गांव के रहने वाले रमाकांत तिवारी अपनी पत्नी ऊषा देवी के साथ कटरा घाट सरयू तट स्थित मंदिर पर रुद्राभिषेक करने जा रहे थे। वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि पीछे से एंबुलेंस ने ठोकर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एंबुलेंस की ठोकर से पति-पत्नी दोनों हवा में उछल कर एंबुलेंस के शीशे पर आकर गिरे। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने ऊषा को मृत घोषित कर दिया। पति रमाकांत तिवारी की हालत नाजुक देख इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
एंबुलेंस को कब्जे में लेकर दर्ज किया केस
कोतवाल सुधीर सिंह ने कहा कि मृतक के समधी अधिवक्ता ह्रदय नारायण मिश्र की तहरीर पर मुकदमा किया गया है। एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है। चालक अहमदाबाद निवासी मनीष भरत भाई पाठक को गिरफ्तार करके उपनिरीक्षक अंकित सिंह को जांच सौंपी गई है।
कपड़े का व्यापार करते थे रमाकांत
कोतवाल के मुताबिक अहमदाबाद से गोंडा में मरीज को छोड़ने के बाद एंबुलेंस लेकर चालक जा रहा था। रास्ते में दुर्घटना हो गई।
रूद्राभिषेक के बाद बेटे के ससुराल जाते दंपती
रमाकांत लुधियाना में कपड़े का व्यापार करते थे। वह लड़के के ससुराल पारा गांव निवासी अधिवक्ता ह्रदय नारायण मिश्र के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सरयू तट स्थित मंदिर से पूजन करके पारा गांव में बेटे के ससुराल जाना था। रास्ते में दुर्घटना हो गई। मौत की सूचना सुन परिवार में कोहराम मच गया।
दंपति की मौत से घर में मचा कोहराम
सर्वांगपुर निवासी रमाकांत तिवारी व उनकी पत्नी ऊषा तिवारी की मौत हर कोई स्तब्ध है। मृतक के बुजुर्ग पिता सुंदर श्याम तिवारी का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह बदहवास हो रहे थे। मृतक लुधियाना में रोजगार करते थे। उनपर परिवार के भरण पोषण का भार था। मृतक के पिता ने कहा कि मनौती के कारण कर्नलगंज के सरयू घाट मंदिर पर रुद्राभिषेक करने गए थे। मृतक दंपति के चार संताने हैं।
बेटों के सिर से उठा माता पिता का साया
दो बेटियों व एक बेटे की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा नागेश तिवारी है। उसके सिर से मां-पिता का साया उठ गया है। गांव के लोग भी उनके बुजुर्ग बाप और अविवाहित छोटे बेटे को देखकर विचलित हैं।