रैपिड रेल निर्माण कार्य ने रोकी हाईवे की रफ्तार
फोटो 29 मोदी-3 रोज की परेशानी -दिल्ली-मेरठ हाईवे पर दिन भर लोगों ने झेला जाम का दंश -
-दिल्ली-मेरठ हाईवे पर दिन भर लोगों ने झेला जाम का दंश
-गुरुवार की रात भी हाईवे पर थम गई थी वाहनों की गति जागरण संवाददाता, मोदीनगर : रैपिड रेल निर्माण कार्य ने शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली-मेरठ हाईवे की रफ्तार रोक दी। पूरे दिन लोगों ने जाम के झाम में फंसकर मुसीबत का सामना किया। उधर, मुरादनगर भी निर्माण कार्य के चलते करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा था। बेहाल लोगों को मुरादनगर और मोदीनगर के जाम से निकलने में घंटों का वक्त लग गया।
बता दें कि इन दिनों एनसीआरटीसी ने मोदीनगर के आबादी क्षेत्र में भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सिखैड़ा रोड के आसपास सड़क चौड़ीकरण पूरा नहीं हुआ है। जबकि, एनसीआरटीसी ने अस्थायी वाल लगा दी है। इससे सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए काफी कम जगह रह गई है। इसी वजह से बृहस्पतिवार रात को भी लोगों ने जाम झेला था। शुक्रवार को भी इसी कारण हाईवे की गति सुबह नौ बजे के आसपास रुक गई। मेरठ से गाजियाबाद की ओर वाहनों की कतारें करीब चार किलोमीटर लंबी पहुंच गई। कुछ वाहन जल्दी निकलने के चक्कर में विपरीत दिशा में आ गए। इससे मेरठ से गाजियाबाद की ओर भी वाहनों की गति थम गई। लोगों ने मिनटों का सफर तय करने में घंटों मुसीबत झेली। करीब 11 बजे पुलिस सक्रिय हुई। इसके बाद विपरीत दिशा में आए वाहनों को सही दिशा में भेजा गया।
उधर, मुरादनगर में भी बृजविहार कालोनी के सामने सड़क की कम चौड़ाई रहने व रैपिड रेल निर्माण कार्य के चलते वाहनों की गति पर विराम लग गया। वाहनों का जैसे ही हाईवे पर दबाव बढ़ा तो वाहनों की कतारें सैंथली गेट के सामने तक जा पहुंचीं। लोगों को मिनटों की दूरी को तय करने में आधे घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया। मोदीनगर-मुरादनगर के जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पाइपलाइन मार्ग से गंगनहर पटरी मार्ग पर होकर गंतव्य तक पहुंचे। जो लोग गंगनहर पटरी मार्ग से नहीं निकल पाए, उन्होंने सिखैड़ा रोड से सौंदा को होकर गंगनहर पटरी मार्ग पकड़ा। इस बारे में सीओ सुनील कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। जाम को लेकर अधिकारी पूरी तरह गंभीर हैं। बाक्स
रोडरेज में मारपीट से लगा जाम
दिल्ली-मेरठ हाईवे पर सीकरी कलां गांव के निकट शुक्रवार सुबह कार टकराने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्ष के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में दोनों पक्ष में समझौता हो गया।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी तीन युवक व्यापार के सिलसिले में वैगनआर कार से मेरठ जा रहे थे। जब वे सीकरी कलां गांव के निकट पहुंचे तो उनकी कार में नोएडा नंबर की ब्रेजा कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों कारों में मामूली नुकसान हुआ। इसी बात को लेकर दोनों कार में सवार लोग वाहन को सड़क पर खड़ी कर नीचे उतर गए और उनमें कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। काफी देर तक उनका झगड़ा हुआ। इस दौरान हाईवे पर जाम जैसे हालात पैदा हो गए। हंगामा बढ़ने पर किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराया और चार लोगों को हिरासत में ले लिया। इस बारे में एसएचओ जयकरण सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।