वंदे भारत में यात्रियों को फिर मिल सकता है प्रयागराज का बना खाना
वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था तब ट्रेन में प्रयागराज से बना खाना ही परोसा जाता था। दो महीने से कानपुर का बना खाना परोसा जा रहा है। जल्द ही इसमें बदलाव हो सकता है।
प्रयागराज,जेएनएन : दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को फिर से प्रयागराज में बना खाना खाने को मिल सकता है। इसके लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) ने टेंडर जारी किया है।
17 फरवरी को जब वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था, तब ट्रेन में प्रयागराज से बना खाना ही परोसा जाता था। दो महीने से कानपुर का बना खाना परोसा जा रहा है। जल्द ही इसमें बदलाव हो सकता है। आइआरसीटीसी ने जो टेंडर जारी किया है। उसमें एजेंसी को विकल्प दिया है कि वह इलाहाबाद जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन से खाना लोड कर सकती है। वंदे भारत एक्सप्रेस जब नई दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना होती है तो यात्रियों को कानपुर स्टेशन से पहले नाश्ता दे दिया जाता है।
इलाहाबाद जंक्शन के बाद खाना परोसा जाता है। वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में कानपुर स्टेशन से चाय और हल्का नाश्ता दिया जाता है। कानपुर के बाद खाना परोसा जाता है। एेसे में अब उम्मीद जगी है कि वंदे भारत की सवारियों को जल्द ही प्रयागराज का खाना अब दोबारा से मिलने लगेगा। आइआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस में जल्द ही नई एजेंसी खाना परोसेगी। वह कानपुर या इलाहाबाद से खाना ट्रेन में चढ़ा सकेगी। ऐसे में अब यह उम्मीद है खाना प्रयागराज का बना ही होगा।