Lok Sabha Elections 2019: गांधीनगर में रोड शो के बाद नामांकन भरेंगे अमित शाह

Amit Shah in Gandhinagar. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के गांधीनगर में रोड शो के बाद नामांकन भरेंगे।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 29 Mar 2019 03:12 PM (IST) Updated:Fri, 29 Mar 2019 03:12 PM (IST)
Lok Sabha Elections 2019: गांधीनगर में रोड शो के बाद नामांकन भरेंगे अमित शाह
Lok Sabha Elections 2019: गांधीनगर में रोड शो के बाद नामांकन भरेंगे अमित शाह

गांधीनगर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 30 मार्च को गांधीनगर कलेक्टर कार्यालय पर विजय मुहूर्त में 12 बजकर 39 मिनट पर नामांकन भरेंगे। नामांकन से पहले शाह अपने संसदीय क्षेत्र में घाटलोडिया से गांधीनगर तक भव्य रोड शो करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने बताया कि रोड शो में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाशसिंह बादल,शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे सहित कई दिग्गज शिरकत करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अनिल जैन ने गुरुवार को यहां पहुंचकर रोड शो के मार्ग का अवलोकन किया। रोड शो में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया, हरिभाई चौधरी के अलावा गांधीनगर व अहमदाबाद के सांसद, विधायक व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। राज्यसभा व लोकसभा के सदस्य,सांसद, विधायक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष शाह गुजरात की प्रतिष्ठित गांधीनगर सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। अब तक इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, अभिनेता राजेश खन्ना आदि हस्तियां चुनाव लड़ चुकी हैं।

ये भी पढ़ें - Lok Sabha Election 2019: भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह 30 मार्च को भरेंगे नामांकन, पहले होगा भव्‍य रोड शो

भाजपा संसदीय बोर्ड ने इस बार आडवाणी का नाम काटकर अपनी पार्टी के अध्यक्ष शाह को मैदान में उतारा है। शाह का यह पहला लोकसभा चुनाव होगा। भाजपा कार्यकर्ता भी चाहते थे कि कोई राष्ट्रीय नेता ही इस सीट से चुनाव लड़े, इसमें उनकी पहली पसंद भी शाह ही थे। गांधीनगर में नामांकन से पहले शाह अपने ही संसदीय क्षेत्र की घाटलोडिया विधानसभा जो कि अहमदाबाद में स्थित है, से एक भव्य रोड शो निकालेंगे। शाह शुक्रवार को देर शाम अहमदाबाद पहुंचेंगे। रोड शो में उनके साथ भगवान जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीप दासजी महाराज व स्वामी नारायण के कई संतगण होंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगें पीएम

भाजपा अध्यक्ष वाघाणी ने बताया कि देश में 16 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मैं भी चौकीदार अभियान की शुरुआत की थी, अब तक इससे 30 लाख लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अभियान से जुड़कर आम आदमी भी चौकीदार बनकर देश के लिए काम करना चाहती है। प्रधानमंत्री 31 मार्च को टाउन हॉल कार्यक्रम के जरिए गुजरात के 50 सहित देश के 500 स्थलों पर लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू होंगे। इसके जरिए प्रधानमंत्री नए मतदाता, किसान, युवाओं, व्यापारियों व महिलाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री रूपाणी पंचमहाल में, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल पाटण में तथा चुनाव प्रभारी व सांसद ओम माथुर आणंद में इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।  

चुनाव की विस्तृत जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें
 

chat bot
आपका साथी