Lok Sabha Election 2019: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 30 मार्च को भरेंगे नामांकन, पहले होगा भव्य रोड शो
Lok Sabha Election 2019 भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 30 मार्च को गांधीनगर में नामांकन भरेंगे इससे पहले वह अपने संसदीय क्षेत्र में रोड शो करेंगे।
गांधीनगर, जेएनएन। भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह 30 मार्च को गांधीनगर कलेक्टर कार्यालय पर विजय मुहूर्त में 12 बजकर 39 मिनट पर नामांकन भरेंगे। नामांकन से पहले शाह अपने संसदीय क्षेत्र में घाटलोडिया से गांधीनगर तक भव्य रोड शो करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अनिल जैन ने गुरुवार को यहां पहुंचकर रोड शो के मार्ग का अवलोकन किया। रोड शो में मुख्यमंत्री रुपाणी व मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ गुजरात के केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा व लोकसभा के सदस्य,सांसद, विधायक तथा बडी संख्या में कार्यकर्ता रहेंगे।
भाजपा अध्यक्ष शाह गुजरात की प्रतिष्ठित गांधीनगर सीट से पहली बार चुनाव लड रहे हैं, अब तक इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालक्रष्ण आडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला, अभिनेता राजेश खन्ना आदि हस्तियां चुनाव लड चुकी हैं। भाजपा संसदीय बोर्ड ने इस बार आडवाणी का नाम काटकर अपनी पार्टी के अध्यक्ष शाह को मैदान में उतारा है। शाह का यह पहला लोकसभा चुनाव होगा। भाजपा कार्यकर्ता भी चाहते थे कि कोई राष्ट्रीय नेता ही इस सीट से चुनाव लडे, इसमें उनकी पहली पसंद भी शाह ही थे।
गांधीनगर में नामांकन से पहले शाह अपने ही संसदीय क्षेत्र की घाटलोडिया विधानसभा जो कि अहमदाबाद में स्थित है, से एक भव्य रोड शो निकालेंगे। शाह शुक्रवार को देर शाम अहमदाबाद पहुंचेंगे, रोड शो में उनके साथ भगवान जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीप दासजी महाराज व स्वामी नारायण के कई संतगण होंगे। इसमें सीएम रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राज्य के लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी, केंद्रीय मंत्री स्म्रति ईरानी, केंद्रीय राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया, हरिभाई चौधरी के अलावा गांधीनगर व अहमदाबाद के सांसद, विधायक व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।