दिल्ली के सातों उम्मीदवारों का आज होगा ऐलान, पूर्व सीएम के साथ खिलाड़ी भी उतरेंगे मैदान में
सातों उम्मीदवारों की सूची को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हस्ताक्षर कर दिया है। अब सातों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों का एलान रविवार को पत्रकार वार्ता में किया जाएगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव-2019 के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAM AADMI PARTY) के साथ गठबंधन नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस (Congress) ने दिल्ली की सभी सातों सीटों (नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली) पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर ली है और सभी नाम तय कर लिए हैं। इनमें दो नामों में बदलाव किया गया है। सातों उम्मीदवारों की सूची को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी हस्ताक्षर कर दिया है। अब सातों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों का एलान रविवार को बाकायदा पत्रकार वार्ता में किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली से अजय माकन, दक्षिणी दिल्ली से रमेश कुमार, पश्चिमी दिल्ली से सुशील कुमार, उत्तर पूर्वी दिल्ली से जेपी अग्रवाल, चांदनी चौक से शीला दीक्षित, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजेश लिलोठिया और पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से अरविंदर सिंह लवली उम्मीदवार होंगे।
वहीं, नई सूची में पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान का टिकट कट गया है। महाबल के स्थान पर सुशील कुमार और राजकुमार के स्थान पर राजेश लिलोठिया चुनाव ल़ड़ेंगे।
ये भी पढ़ें- बिहार: सुपौल में मंच से बोले राहुल गांधी-बिहार का चौकीदार बहुत ही ईमानदार होता है
यहां पर बता दें कि लोकसभा चुनाव-2019 की कड़ी में दिल्ली की सातों सीटों पर 12 मई को मतदान होना है। इसके लिए 16 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 23 अप्रैल तक चलेगी।
बताया जा रहा है कि दिल्ली की चार सीटों पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में 11 अप्रैल को ही उम्मीदवार कर दिए गए थे। इनमें नई दिल्ली से अजय माकन, चांदनी चौक से कपिल सिब्बल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से जयप्रकाश अग्रवाल और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान के नाम पर मुहर लगाई गई थी, जबकि तीन सीटों का फैसला इस बैठक में नहीं हो पाया था। अब नई सूची में राजकुमार चौहान टिकट कटा है और इनके स्थान पर राजेश लिलोठिया लड़ेंगे।
क्यों कटा महाबल मिश्रा का टिकट
दिल्ली से पूर्व सांसद रह चुके वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महाबल मिश्रा को शाली दीक्षित का करीबी माना जाता है और आलाकमान के भी काफी करीब थे। ऐसे में पश्चिमी दिल्ली से उनका टिकट तय माना जा रहा था। ऐसे तय भी था कि उन्हें ही टिकट मिलेगा। इस बीच पहलवान सुशील कुमार की दिल्ली की राजनीति में एंट्री ने महाबल मिश्रा का गणित बिगाड़ दिया। बताया जाता है कि सुशील कुमार की निजी मुलाकात राहुल गांधी से हुई थी और उन्होंने पश्चिमी दिल्ली से ही चुनाव लड़ने की बात कही थी। ऐसे में राहुल की दखल से महाबल मिश्रा को पीछे हटना पड़ा और ओलंपियन सुशील कुमार टिकट फाइनल हो गया।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सुशील को दक्षिणी दिल्ली सीट से मैदान में उतारना चाहती थी, लेकिन सुशील कुमार पश्चिमी दिल्ली की सीट चाहते थे। सूत्रों के मुताबिक इन सबके बीच बृहस्पतिवार को सुशील राहुल गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी राहुल गांधी से चुनाव लड़ने के संबंध में बातचीत हुई थी, लेकिन बातचीत के बाद नतीजे को लेकर सस्पेंस कायम था, जो शनिवार को दूर हो गया।
बता दें कि सुशील कुमार के गुरु और ससुर पद्म भूषण महाबली सतपाल ने पिछले दिनों इस बात का खुलासा किया था कि कांग्रेस ने सुशील कुमार को दिल्ली से प्रत्याशी बनाने के लिए इच्छा जताई है। वर्ष 2006 में अर्जुन पुरस्कार और 2011 में पद्मश्री से सम्मानित सुशील ने देश का नाम पूरे विश्व में रौशन किया है। फ्रीस्टाइल रेसलिंग में सुशील कुमार को पहली कामयाबी साल 1998 में वर्ल्ड कैडेट गेम्स में मिली थी। फिर 2000 में एशियन जूनियर कुश्ती चैम्पियनशिप में भी गोल्ड जीता था और 2003 में एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में उन्होंने ब्रॉन्ज जीता। 2005 में उन्होंने कॉमनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था।