ICC ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच को असंतोषजनक करार दिया, खाते में जोड़ा एक डीमेरिट अंक
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बॉक्सिंग-डे टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। यहां दो ही दिन में टेस्ट मैच ...और पढ़ें

एमसीजी की पिच
HighLights
आईसीसी ने एमसीजी की पिच को असंतोषजनक करार दिया
एमसीजी पर दो दिन में ही निकला बॉक्सिंग-डे टेस्ट का नतीजा
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को चौथे टेस्ट में 4 विकेट से पटखनी दी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईसीसी ने सोमवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए चौथे एशेज टेस्ट की पिच को असंतोषजनक करार दिया है। आईसीसी ने एमसीजी को एक डिमेरिट अंक भी दिया है।
मैच रेफरी जैफ क्रो ने अपनी समीक्षा रिपोर्ट में कहा था कि पिच गेंदबाजों की जरूरत से ज्यादा मदद कर रही थी। इस मैच में पहले ही दिन 20 विकेट गिरे थे और दो दिन में ही टेस्ट मैच खत्म हो गया था। इंग्लैंड ने यह मैच चार विकेट से जीता था।
आईसीसी की ओर से कहा गया, चौथे एशेज टेस्ट के लिये मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच असंतोषजनक थी जिसके लिए आईसीसी पिच और आउटफील्ड निगरानी प्रक्रिया के तहत एमसीजी पर एक डिमेरिट अंक लगाया गया है। छह डिमेरिट अंक होने पर मैदान पर एक साल तक का प्रतिबंध लग सकता है।
क्रो ने कहा कि एमसीजी की पिच गेंदबाजों की जरूरत से ज्यादा मदद कर रही थी । पहले दिन 20 और दूसरे दिन 16 विकेट इस पर गिरे और कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं बना सका । यह पिच असंतोषजनक थी और एमसीजी पर एक डिमेरिट अंक लगाया गया है।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी पिच की निंदा की थी। ऑस्ट्रेलिया पहले तीन टेस्ट और सीरीज जीत चुका है। पांचवां और आखिरी टेस्ट चार जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।
