Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Patna Jagran Forum 2025: 'समर्थ बिहार; सशक्त भारत', राजग करेगा ‘राज’ तभी जनता रहेगी ‘नाथ’

    Updated: Sat, 02 Aug 2025 03:13 PM (IST)

    Patna Jagran Forum 2025 रक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि राहुल जी ने कहा है कि चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहा है जबकि चुनाव आयोग भारत कि संवैधानिक संस्था है उसकी साख है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर अनर्गल आरोप लगाना नेता प्रतिपक्ष को शोभा नहीं देता।

    Hero Image
    समर्थ बिहार, सशक्त भारत:: राजग करेगा ‘राज’, तभी जनता रहेगी ‘नाथ’

    प्रशांत सिंह, पटना। Patna Jagran Forum 2025 News : जागरण फोरम के वैचारिक मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के गौरवशाली शैक्षणिक अतीत और स्वतंत्रता के वक्त यहां प्रति व्यक्ति आय के हवाले जहां पिछली सरकारों की कार्यशैली पर करारा प्रहार किया, वहीं वर्तमान राजग सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि राज्य प्रगति पथ पर अग्रसर है। कहा, समर्थ बिहार के बिना सशक्त भारत का निर्माण संभव नहीं है। ठीक उसी तरह जैसे विश्व में पूर्व के देशों का प्रभुत्व बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि भारत का इतिहास वहीं है जो बिहार का इतिहास था इसलिए भारत का भविष्य भी वहीं होगा जो बिहार का भविष्य होगा। ऐसे में राज्य में चुनाव होने वाले हैं। राज्य नाजुक मोड़ पर है। 

    एक रास्ता विकास के सुनहरे पथ की ओर जाता है, दूसरा जातिवाद, अपराध व अराजकता की ओर दोबारा जाता है, जहां से नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने मुश्किल से बिहार को बाहर निकाला है। अभी भारत सुरक्षित व बिहार सक्षम हाथों में है। बिहार में राजग का जिताऊ समन्वय है।

    रक्षा मंत्री का इशारा स्पष्ट था कि बिहार में राजग ‘राज’ करेगा, तभी जनता ‘नाथ’ रहेगी। लगे हाथ उन्होंने 2005 के पहले अपराध, रंगदारी व अपहरण की घटनाओं के कारण तीस प्रतिशत व्यवसायी समाज के राज्य से पलायन की चर्चा कर दी। उन्होंने कहा कि हम केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं।

    रक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि राहुल जी ने कहा है कि चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहा है, जबकि चुनाव आयोग भारत कि संवैधानिक संस्था है, उसकी साख है।

    चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर अनर्गल आरोप लगाना नेता प्रतिपक्ष को शोभा नहीं देता। कांग्रेस पार्टी के हाथों में 1975 में संविधान की हत्या करने का खून लगा हुआ है. उनके मुंह से ऐसे निराधार और उल्टे बयान शोभा नहीं देते।

    अभी कल भी एसआइआर के मुद्दे पर विपक्ष ने संसद को बाधित किया है। कल नेता प्रतिपक्ष ने फिर से एक अनर्गल बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि चुनाव आयोग द्वारा “वोट चोरी” को लेकर उन्होंने सबूतों का “एटम बम” तैयार किया हुआ है जो उनके पास है।

    मैं राहुल जी से कहना चाहूंगा कि अगर आपके पास सबूतों का “एटम बम” है तो उसका परीक्षण तुरंत कर लीजिए. सारे सबूत जनता के सामने रखिए. मगर सच्चाई यह है कि उनके पास न कोई तथ्य है, न कोई सबूत, सनसनीखेज बातें करना उनकी पुरानी आदत है।

    आप लोगों को संभवतः याद होगा कि पहले भी राहुल गांधी ने इसी तरह का बयान दिया था कि जिस दिन बोलेंगे भूचाल आ जाएगा, जब वे बोले तो खोदा पहाड़ निकली चुहिया।

    मैं तो राहुल जी से यही कहूंगा कि जल्दी से बम फोड़ दीजिए. बस अपने आप को संतुलित और सुरक्षित रखिए, संवैधानिक संस्थायों को उनका काम करने दीजिए. यह कांग्रेस की सेहत के लिए भी अच्छा है और लोकतंत्र के लिए भी अच्छा रहेगा।

    रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार कास्ट इफेक्टिव लेबर स्टेट है। इस कारण राज्य औद्योगिक विकास की पूरी अर्हता रखता है। राज्य देश में सब्जी का चौथा और फलों का आठवां उत्पादक है।

    डेयरी सेक्टर का तेजी से विकास हो रहा है। कोआपरेटिव फेडरेशन के तहत बिहार के विकास का खाका खींचा जा रहा है।

    हमारे शब्द ही नहीं, आंकड़े भी प्रमाण हैं कि 2004 से 2014 तक केंद्र की यूपीए सरकार ने बिहार को मात्र दो लाख करोड़ दिए, वहीं 2014 से 2024 तक एनडीए सरकार ने बिहार को नौ लाख करोड़ रुपये दिए।

    मिथिला मखाना को वैश्विक मान्यता व जीआइ टैग मिल चुका है। यहां मखाना अनुसंधान केंद्र की स्थापना होनी है। रक्षा मंत्री ने कहा कि मखाना सुपर फूड है, वह स्वयं भी विदेश दौरे पर इसे ले जाते हैं।

    उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार का संकल्प विरासत के साथ विकास भी है। प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के बारे में चीनी विद्वान ह्वेनसांग ने इसे अद्वितीय ज्ञानपीठ बताया था।

    यहां के आचार्यों को बुद्धिमत्ता का धनी कहा था। आज उसी नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना की गई है। यह ज्ञान परंपरा के पुर्नजागरण का प्रतीक है। भारत की ज्ञान परंपरा को विश्व मंच पर स्थापित करने की अभिव्यक्ति है।

    उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की तरह सीतामढ़ी के पुनौरा में भी मां सीता के भव्य मंदिर की स्थापना का प्रारूप तय हो चुका है।

    जागरण की पत्रकारिता में साख व विश्वसनीयता दोनों

    इससे पहले रक्षा मंत्री ने बिहार में दैनिक जागरण के प्रकाशन के 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जबसे उनमें राजनीतिक व सामाजिक चेतना उत्पन्न हुई, तबसे जागरण को देखते आ रहा हूं।

    जागरण की पत्रकारिता में साख व विश्वसनीयता दोनों हैं। प्रधान संपादक संजय गुप्त व उनके परिवार के सदस्यों द्वारा हिंदी पत्रकारिता की सेवा की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। ईश्वर से प्रार्थना है कि जागरण पत्रकारिता के उच्च आयाम कायम करे।

    समाज को सन्मार्ग की ओर ले जाना ही राजनीति

    राजनाथ सिंह ने राजनीति की व्याख्या करते हुए कहा कि यह राज और नीति दो शब्दों से बना है। नीति संस्कृत के नय धातु से उत्पन्न हुई है। नय का अर्थ ‘ले जाना’ होता है, अर्थात सन्मार्ग की ओर ले जाना।

    समाज को सन्मार्ग की ओर ले जाना ही राजनीति है। आज राजनीति शब्द का अर्थ व भाव दोेनों खो गए हैं। हमें संकल्प लेना होगा कि जबतक यह शब्द व भाव पुन: स्थापित नहीं होते, तबतक चैन नहीं लेंगे।

    इन लोगों ने जागरण फोरम का किया उद्घाटन

    शहर के ताज होटल में जागरण फोरम का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ दैनिक जागरण समूह के प्रधान संपादक, संजय गुप्त, प्रबंध संपादक तरुण गुप्त, निदेशक सुनील गुप्त, मुख्य महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, राष्ट्रीय ब्यूरो प्रमुख आशुतोष झा व स्थानीय संपादक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित करके किया।

    इससे पहले ज्ञानदायिनी मां सरस्वती, दैनिक जागरण के संस्थापक पूर्णचन्द्र गुप्त, पूर्व प्रधान संपादक नरेन्द्र मोहन और पूर्व चेयरमैन योगेंद्र मोहन गुप्त के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा निवेदित किया गया।

    यह भी पढ़ें- Patna Jagran Forum 2025: 'जाति नहीं...काम के आधार पर देंगे टिकट', जागरण फोरम में बोले दिलीप जायसवाल

    यह भी पढ़ें- Patna Jagran Forum 2025: क्या जाति के आगे घुटने टेकती रहेगी राजनीति? जागरण फोरम में चला सवाल-जवाब का दौर

    यह भी पढ़ें- Patna Jagran Forum 2025: 'राहुल गांधी के पास कोई एटम बम है तो तुरंत फोड़ें...', ऐसा क्यों बोले राजनाथ सिंह?