विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शादी कर लाखों रुपये ऐंठे, फिर हो गया फरार

By Sachin MishraEdited By:
Published: Tue, 04 Apr 2017 09:31 AM (IST)Updated: Tue, 04 Apr 2017 09:43 AM (IST)

पहले लड़की को फंसाया, फिर उससे शादी कर लाखों रुपये ऐंठ लिए और उसके बाद अचानक गायब हो गया।

शादी कर लाखों रुपये ऐंठे, फिर हो गया फरार
शादी कर लाखों रुपये ऐंठे, फिर हो गया फरार

विशाल श्रेष्ठ, कोलकाता। पहले मैट्रीमोनियल साइट के जरिए कानपुर की एक लड़की को फंसाया, फिर उससे सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कर ससुरालवालों से लाखों रुपये ऐंठे और उसके बाद अचानक से गायब हो गया..ये सारा माजरा 'भद्रलोक का शहर' कहे जाने वाले इसी कोलकाता में हुआ। पीड़ित परिवार ने कोलकाता व कानपुर पुलिस में उस जालसाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कोलकाता के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विशाल गर्ग ने मामले की जांच का भरोसा दिया है। दोनों जगहों की पुलिस जालसाज व उसके साथियों की तलाश कर रही है।

पीड़िता की मां ने कानपुर से फोन पर बताया-'हमारा एक मैट्रीमोनियल साइट के जरिए उस जालसाज से संपर्क हुआ था। उसने प्रोफाइल में अपना नाम अश्वनी कुमार दास, उम्र 35 वर्ष, निवास स्थल कोलकाता का न्यू अलीपुर और पेशे के तौर पर खुद को सेना की कैंटीन में सामान की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी का कर्मचारी बताया था। उसने प्रोफाइल में यह भी उल्लेख किया था कि उसके माता-पिता जीवित नहीं है। वो बिल्कुल अकेला रहता है। मैं जब उसे देखने कोलकाता गई तो उसने मुझे न्यू अलीपुर में ही रहने वाली महेश गुलानी व रुमा गुलानी नामक बुजुर्ग दंपती से मिलाया और उन्हें अपना अभिभावक बताया। उन दोनों ने उस लड़के की इतनी तारीफ की कि मैं उनकी बातों में आ गई।'

कानपुर के बर्रा विश्व बैंक इलाके की रहने वाली पीड़िता की मां ने आगे बताया-'शादी पक्की होने के बाद से ही उसने रुपये की मांग करनी शुरू कर दी। मैंने उसे कुल 15 लाख रुपये नकद एवं 10 लाख के गहने दिए। उसने पहले कोर्ट मैरिज करने की बात कही लेकिन हमने अरेंज्ड मैरिज पर ही जोर दिया। कानपुर के होटल दीप में 4 दिसंबर, 2015 को सगाई हुई। सगाई करने वह सिर्फ महेश गुलानी के साथ पहुंचा था। इसके बाद 14 फरवरी, 2016 को कानपुर के होटल मंदाकिनी रॉयल पैलेस में धूमधाम से मेरी बेटी की शादी हुई। शादी में भी वो सिर्फ गुलानी परिवार के साथ आया था। अगले दिन वो मेरी बेटी को अपने साथ कोलकाता ले गया।

उसने मुझे कोलकाता में अपना जो फ्लैट दिखाया था, मेरी बेटी को वहां नहीं ले जाकर दूसरे फ्लैट में आठ दिनों तक बंद करके रखा। इसके बाद वो उसे मेरे पास छोड़ गया और कहा कि अप्रैल में लेने आऊंगा लेकिन उसके बाद नहीं आया। जाने से पहले उसने कहा कि वो कोलकाता से एक पत्रिका निकालता है, जिसके लिए प्रिंटिंग मशीन खरीदने को उसे 10 लाख रुपये चाहिए। मेरे बेटे ने किसी तरह उसे एक लाख रुपये जुगाड़ करके दिए। इसके बाद बार-बार कहने पर भी जब वो मेरी बेटी को लेने नहीं आया, तब हमने उससे फोन पर बात करके बेटी को विमान से कोलकाता भिजवा दिया लेकिन वह एयरपोर्ट पर मेरी बेटी को लेने नहीं आया। कोलकाता में मेरे पड़ोसी का लड़का रहता है। मैंने उसे एयरपोर्ट जाकर उसे रिसीव करने को कहा। उसने मेरी बेटी को अपने होस्टल में रखा।

दूसरे दिन उस जालसाज ने फोन किया और मेरी बेटी को होस्टल से अपने फ्लैट में ले गया। उसने फ्लैट से सारा सामान हटा दिया था। पड़ोसियों ने मेरी बेटी को बताया कि उसने एक और लड़की से शादी की थी। मेरी बेटी ने जब उससे पूछा तो उसने इससे इन्कार किया। इसके बाद वो मेरी बेटी को वहां छोड़कर चला गया। मैं वहां आकर उसे अपने साथ वापस कानपुर ले आई। इसके बाद से गुलानी परिवार का भी कोई पता नहीं है। हमने पता किया तो मालूम हुआ कि उसने मेरी बेटी समेत छह लड़कियों से शादी करके उन परिवारों को लाखों का चूना लगाया है। हमने उन सभी के खिलाफ कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार, न्यू अलीपुर थाने में शिकायत की और कानपुर के बर्रा विश्व बैंक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं पीडि़ता ने बताया कि वो जालसाज अभी भी कभी-कभी उन्हें फोन कर गालियां देता है।
 यह भी पढ़ेंः जादवपुर यूनिवर्सिटी में आजादी के नारे पर गरमाई राजनीति

यह भी पढ़ेंः बंगाल में बड़े पैमाने पर रामनवमी मनाने की तैयारी में संघ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।