उत्तराखंड: शिक्षकों की हड़ताल समाप्त, कल से स्कूल के हालात होंगे सामान्य
उत्तराखंड में शिक्षकों के 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आठ दिनों से चल रही हड़ताल स्थगित हो गई। अब सोमवार से स्कूल के हालात सामान्य होंगे।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तराखंड में शिक्षकों के 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आठ दिनों से चल रही हड़ताल स्थगित हो गई। इससे पहले शनिवार देर ही रात सरकार और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के बीच वार्ता में सहमति बन चुकी थी। रविवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने धरनास्थल पर जाकर अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त किया। सोमवार से स्कूलों में हालात सामान्य होंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश के करीब 2300 स्कूलों के 25000 हजार शिक्षकों की 12 सितंबर से हड़ताल पर थे। शनिवार देर रात मुख्यमंत्री हरीश रावत, शिक्षा मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी और शासन के साथ हुई संघ की वार्ता में शिक्षकों की कई मांगों पर सहमति बन गई थी।
पढ़ें: उत्तराखंड: कांग्रेसी 'मोदी जवाब दो, भाजपा जवाब दो' से साधेंगे केंद्र पर निशाना
इसके बाद रविवार को शिक्षा मंत्री प्रसाद नैथानी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान और विधायक राजकुमार शिक्षा निदेशालय पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने अनशन पर बैठे प्रांतीय संयुक्त मंत्री सुंदर कुंवर और कुमाऊं मंडल मंत्री कन्नू जोशी को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वार्ता में बनी सहमति के आधार पर सोमवार दो बजे तक शासनादेश जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर शुरू से गंभीर थी।
कुछ तकनीकी कारणों के चलते सहमति बनने में वक्त लगा। इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षकों की मांगों पर सरकार ने सकारात्मक कार्रवाई की, लेकिन विलंब के कारण तमाम परेशानियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अन्य कर्मचारियों की तर्ज पर नहीं आंका जा सकता।
पढ़ें: ग्रामीणों ने शव के साथ वन प्रभाग के कार्यालय पर किया प्रदर्शन
उधर, राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि सरकार के साथ मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ की कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से हड़ताल वापस लिए जाने पर सहमति बनी। सोमवार से सभी शिक्षक स्कूल पहुंचेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण छात्रों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए शिक्षक अतिरिक्त काम करेंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए शिक्षक सोमवार से स्कूल पहुंचेंगे। यदि सरकार वादे के अनुसार शासनादेश जारी नहीं करती तो वे खुद आमरण अनशन पर बैठेंगे।
इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, महामंत्री सोहन सिंह माजिला, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष रविंद्र राणा, गढ़वाल मंडल मंत्री शिवसिंह नेगी, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह मेहता, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र धपोला, मनोज नेगी, आनंद सिंह, हेमंत पैन्यूली आदि मौजूद थे।
पढ़ें: बागेश्वर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
इन मुद्दों पर बनी सहमति
-तीन फीसद वेतन वृद्धि के मामले में अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है, जो एक माह में संघ के पदाधिकारियों के साथ तमाम बिंदुओं पर वार्ता कर फैसला देगी।
-दो विशेष अवकाश के स्थान पर तीन अवकाश दिए जाएंगे
-अनिवार्य और अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण किए जाएंगे। अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण में बीमार, विधवा, परित्यक्ताओं आदि को वरीयता दी जाएगी।
-उत्तर प्रदेश के विकल्पधारियों को एकमुश्त अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार से अनापत्ति के लिए भी वार्ता की जाएगी।
-उप चुनाव के कारण पुराने पेंशन पैटर्न से वंचित करीब 500 शिक्षकों को इसका लाभ दिया जाएगा।
-हड़ताल और अनशन के मामले में किसी भी शिक्षक के विरुद्ध कोई उत्पीडऩात्मक कार्यवाही नहीं की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।