रीता बहुगुणा पर सरिता आर्य की फिसली जुबां, कह गई ऐसा...
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा के भाजपा में जाने की चर्चाओं के बीच पार्टी की उत्तराखंड महिला इकाई की अध्यक्ष सरिता आर्य की जुबां फिसल गई।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रीता बहुगुणा के भाजपा में जाने की चर्चाओं के बीच पार्टी की उत्तराखंड महिला इकाई की अध्यक्ष सरिता आर्य की जुबां फिसल गई। चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि घर से यदि कुत्ता भी जाता है तो दुख होता है। रीता के जाने का भी थोड़ा-बहुत दुख होगा। महिला नेत्री ने जोड़ा कि विजय बहुगुणा के बगावत कर भाजपा में जाने के बाद ही रीता के उनके साथ जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत में सरिता आर्य ने कहा कि जो लोग चले गए हैं, वे गलतफहमी न पालें कि इससे कांग्रेस को झटका लगा। कांग्रेस में निष्ठावान नेताओं व कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है। कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में गई केदारनाथ की पूर्व विधायक शैलारानी रावत पर भी सरिता ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, अपनी गलतियां छिपाने के लिए शैलारानी उनके क्षेत्र में विकास कार्य न होने का आरोप लगा रही हैं, जबकि हकीकत यह है कि सर्वाधिक कार्य उनके ही क्षेत्र में हुआ।
पढ़ें-उत्तराखंड के संदर्भ में अंधेरे में घोषणा कर रहे केंद्रीय मंत्रीः सुरेंद्र कुमार
कांग्रेस नेत्री ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा और मुख्यमंत्री हरीश रावत से मांग की कि आगामी विस चुनाव में निष्ठावान व मेहनती महिला पदाधिकारियों को कम से कम 20 सीटों पर टिकट दिए जाएं।
पढ़ें-उत्तराखंड में सरकार और संगठन की खींचतान में लगेगा विराम
आर्य ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय संगठन से 33 फीसद सीटों की मांग की थी, लेकिन अगर 20 सीटें भी मिलती हैं तो महिला कांग्रेस संतोष कर लेगी। उन्होंने पदाधिकारियों को बायोडाटा तैयार कर संगठन के समक्ष लाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि अगले माह हरिद्वार में प्रदेश महिला कांग्रेस का चिंतन व प्रशिक्षण शिविर होगा।
पढ़ें: भाजपा को दल-बदल के पाप का जनता देगी जवाब: मुख्यमंत्री हरीश रावत
इसमें प्रदेश महिला कांग्रेस प्रभारी तलत अजीज उपस्थित रहेंगी। इसके बाद गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में सम्मेलन होंगे। प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री की पुत्री एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अनुपमा रावत, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान व महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन भी मौजूद रहीं।
पद लेकर घर पर न बैठें
सरिता आर्य ने महिला पदाधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि पद लेकर वे घर पर न बैठें। क्षेत्र में निकलें और चुनाव की तैयारी पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नवंबर में हरिद्वार में होने जा रहे तीन दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश की महिला पदाधिकारियों ने शिरकत करने में आनाकानी की तो पार्टी कार्रवाई करना भी जानती है।
पढ़ें: सीएम हरीश रावत के सलाहकार पर हमला हो सकता है चुनावी स्टंट: कुंवर चैंपियन
पढ़ें:-हरीश रावत सरकार को उखाड़ फेंकेगा अनुसूचित समाज: अजय टम्टा