दशहरे पर रावण मारेंगे, दीवाली पर मिठाई खिलाएंगे : अखिलेश
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव ने कहा कि नवरात्र में हम नया काम शुरू कर रहे हैं। आगे दशहरा आएगा और हमें रावण मारने का अवसर भी मिलेगा।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव ने आज बड़े ही सधे अंदाज में विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि नवरात्र में हम नया काम शुरू कर रहे हैं। आगे दशहरा आएगा और हमें रावण मारने का अवसर भी मिलेगा। समाजवादी लोगों ने हर विभाग में काम किया है। रिकार्ड पौधरोपण, लैपटाप वितरण, विरोधी कहेंगे की हमने टैबलेट नहीं बांटे तो हम विरोधियो से कहेंगे कि तुम लोगों ने जनता को झूट के इतने टेबलेट खिला दिए कि हमें जरूरत ही नहीं पडी। संतुलन बनाने का काम समाजवादी सरकार ने किया है।
प्रधानमंत्री मोदी इस बार दशहरे पर लखनऊ में करेंगे रावण दहन
डायल 100 का नाम अब यूपी 100
डायल 100 अब यूपी 100 के नाम से जानी जाएगी। गृह विभाग के सलाहकार वेंकट चंगावल्ली और प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पंडा का कहना है कि चूंकि डायल 100 की परिकल्पना जिले स्तर की है लेकिन यह परियोजना प्रदेशव्यापी है इसलिए नाम में संशोधन किया गया है। आज लोकभवन में आयोजित यूपी 100 के लोगो और एप के लोकार्पण के बाद इसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। यूपी 100 में 700 इनोवा, 2500 बोलेरो और 1600 दोपहिया वाहन रहेंगे। हर वाहन एक दिन में 150 किलोमीटर और एक वर्ष में 22 करोड़ किलोमीटर चलेगा। यानी हर वाहन उप्र के हर नागरिक के लिए वर्ष में एक किलोमीटर चलने का रिकार्ड जरूर बनाएगा। रंगों और प्रतीकों के जरिये चंगावल्ली ने इसकी सकारात्मकता और शतायु होने के साथ असीम ऊर्जा से भरपूर बताया। कहा कि यूपी 100 में एक अंक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रतीक के रूप में है। वह अकेले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने इतनी बड़ी सोच को मूर्त रूप दिया। शून्य को पूर्णता से जोड़ते हुए कहा कि 100 बनने पर यह पुलिस का सौ प्रतिशत कमिटमेंट है। लोगो में पहले हिंदी में यूपी, फिर 100 और फिर अंग्रेजी में यूपी लिखा है। चंगावल्ली ने बताया कि हिंदी हमारी पुरातन व्यवस्था और अंग्रेजी आधुनिकता का प्रतीक है। यूपी 100 से टेलीफोन, मोबाइल, एसएमएस व सोशल मीडिया के जरिये संपर्क किया जा सकता है। एडीजी यातायात अनिल अग्रवाल ने बताया यूपी 100 के एप पर व्यक्तिगत, व्यक्तिगत आपात सेवा और लोकेशन पंजीकृत कराने से समय की बचत होगी। इसमें नागरिकों को एप के जरिये खुद अपना ब्यौरा देने की सहूलियत मिलेगी।
तस्वीरें- कई खूबियों से लैस है मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नया दफ्तर 'लोकभवन
यूपी 100 एप की विशेषता
- यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर यूपी 100 इमरजेंसी सर्विस के नाम से उपलब्ध है। यह प्ले स्टोर में मुफ्त उपलब्ध रहेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को आपात स्थिति में कम समय में सेवा उपलब्ध कराना है।
- अधिकतम पांच मोबाइल नंबर को आपातकालीन संपर्क हेतु पंजीकृत किया जा सकता है। आपात स्थिति उपयोगकर्ता द्वारा पंजीकृत नंबरों पर एसएमएस भेजा जाएगा।
- अपनी पंसद के पांच स्थानों को पंजीकृत किया जा सकता है। आमजन द्वारा अपने घर, माता-पिता का घर, अपनी बेटी का स्कूल, अपने बैंक आदि की भौगोलिक स्थिति इसके मैप पर अंकित कराया जा सकता है। आपात स्थिति में यूपी 100 पर संपर्क करने पर उसके पंजीकृत स्थानों की जानकारी 100 नियंत्रण कक्ष में स्वत: प्रदर्शित होगी।
- जनमानस अपनी भाषा पंजीकृत करा सकते हैं। इस एप पर शिकायत जिस भाषा में होगी, उसी भाषा में बातचीत की जाएगी। यानी भाषा के स्तर पर सहायता मांगने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। इसके लिए करीब 700 महिला पुलिसकर्मी मुख्यालय में तैनात की जाएंगी।
सरकार यूपी 100 परियोजना के जरिये सूचना देने के 15 से 20 मिनट के भीतर पुलिस को मौके पर भेजने की योजना परवान चढ़ाने में लगी है लेकिन पुलिस सूचना मिलने के बाद भी मौके पर पहुंचने में कोई कारगर कदम नहीं उठाती है। तकनीकी रूप से पुलिस को हाइटेक बनाने की कोशिश जरूर जारी है लेकिन इनकी सोच कैसे बदलेगी, सबसे बड़ा सवाल यह है। प्रदेश के कई जिलों में अपराध की घटना हुईं और पीडि़त पक्ष के लगातार गुहार के बावजूद पुलिस नहीं पहुंची।
बुलंदशहर हाईवे पर मां-बेटी से दुष्कर्म से लेकर अनगिनत घटनाएं हैं जब पुलिस सब कुछ जानते हुए भी मौके पर नहीं पहुंची। यूपी 100 पर सूचना मिलने के बाद वह कितनी तत्परता दिखाएगी, यह बहस का विषय है। पुलिस के सेवानिवृत्त डीजी इस परियोजना की सराहना करते हैं लेकिन उनका कहना है कि 24 घंटे बिना आराम और सुविधा के काम करने वाली पुलिस से यह अपेक्षा करना ठीक नहीं है कि सूचना मिलते ही वह तत्पर हो जाएगी। चाहे उसकी जितनी निगरानी की जाए लेकिन वह अगर मौके पर नहीं जाना चाहेगी तो आधुनिक उपकरण कुछ नहीं कर सकते हैं। प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पंडा यूपी 100 की पूरी परिकल्पना बताते हैं। वह मुख्यालय से की जाने वाली मानीटरिंग और नई कार्यशैली पर फोकस करते हुए दावा करते हैं कि अब मौके पर न पहुंचने की शिकायत पीछे छूट जाएगी।
किस रावण को मारने की बात कर रहे मुख्यमंत्री : केशव
प्रदेश के लिए सबसे बड़ा काम
डायल यूपी 100 प्रदेश के लिए सबसे बड़ा काम साबित होगा। अमेरिका और यूरोप के किसी हिस्से में होने वाला यह काम अब भारत के उत्तर प्रदेश की जनता के लिए उपलब्ध होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में मंत्रीगण अहमद हसन, राम गोविन्द चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, गृह विभाग के सलाहकार वेंकट चंगावाली, मंत्री एस पी यादव, फरीद महफूज़ किदवई, कमाल अख्तर, नरेंद्र वर्मा, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष नवीन चन्द्र बाजपेयी, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन, मुख्य सचिव राहुल भटनागर, डी जी पी जाविद अहमद, प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल तथा पुलिस विभाग कई अधिकारी इत्यादि मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत में प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा ने स्वागत सम्बोधन करते हुए योजना को इस सफलता तक पहुंचने का श्रेय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अन्य मंत्रीगण के साथ लोगो का अनावरण किया, गृह सलाहकार चंगावली ने योजना और लोगो के बारे में विस्तार से बताया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।