Move to Jagran APP

सपाई गुंडों को जेल भेजना होगा मुख्य एजेंडा : मायावती

बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती का दावा है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को उत्तर प्रदेश में हर अवैध कब्जे की जानकारी है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 09 Jun 2016 03:04 PM (IST)Updated: Thu, 09 Jun 2016 11:05 PM (IST)

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। सपा प्रमुख मायावती गुरुवार को सपा सरकार के खिलाफ कुछ ज्यादा ही आक्रमक दिखी। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि उसके संरक्षण में पलने वाले गुंडों, माफिया, सांप्रदायिक तत्वों को जेल भेजना ही बसपा सरकार का मुख्य एजेंडा होगा। सरकार बनने पर सूबे में अवैध कब्जा मुक्ति अभियान चलाने का ऐलान करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आज दोपहर पत्रकार वार्ता में मायावती ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि बसपा सरकार बनने पर सपा की तरह एक विशेष जाति नहीं बल्कि सभी का ध्यान रखा जाएगा। क्षेत्र विशेष का नहीं पूरे प्रदेश का समानता से विकास किया जाएगा। पिछड़े क्षेत्रों व कमजोर तबके का विशेष ख्याल रखेंगे। सपा के संरक्षण में पल रहे गुंडों, माफिया और सांप्रदायिक तत्वों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सरकारी व निजी संपत्तियों पर अवैध कब्जों को भी मुक्त कराया जाएगा।

loksabha election banner

मथुरा कांड, दाल में काला

बसपा सुप्रीमो मायावती ने आरोप लगाया कि सपा और भाजपा की बयानबाजी देख कर साबित होता है कि दाल में थोड़ा नहीं बल्कि बहुत काला है। ऐसा नहीं है तो मथुरा हिंसा की जांच सीबीआइ को सौंपनी चाहिए थी। राज्यपाल की ओर से कोई कार्रवाई अथवा टिप्पणी नहीं होना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और भाजपा मिली हुई है, बाहर कुछ और अंदर कुछ और होता है। उन्होंने सीबीआइ का दुरुपयोग होने की आशंका जताते हुए चेतावनी दी कि विरोधी दलों के खिलाफ जांच करायी तो उसके लिए घातक होगा। केरल व पश्चिम बंगाल के ज्यादा बुरे चुनावी परिणाम भुगतने पडेंगे।

विकास पर्व के नाम पर नाटकबाजी

मायावती ने राजग सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे विकास पर्व पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के दौरे से गरीबों का भला नहीं होगा। अपनी विफलता से ध्यान हटाने के लिए यह सब किया जा रहा है। इस नाटकबाजी को जनता जान चुकी है। उन्होंने साध्वी प्राची के विवादित बयान पर केंद्र की चुप्पी पर प्रश्न उठाया। विधान परिषद -राज्यसभा चुनाव में बसपा के समर्थन का सवाल टालते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद सभी को पता चल जाएगा।

उड़ता पंजाब फिल्म का समर्थन

मायावती ने बहुचर्चित फिल्म उड़ता पंजाब का समर्थन भी किया। उनका कहना था कि नशे के खिलाफ बनी फिल्म समाज को जागरूक करने केलिए जरूरी है। पंजाब के नवयुवक नशे की लत में पड़ गयी है। उनको जागरूक करने के लिए बसपा फिल्म का समर्थन करती है और केंद्र को भी इसे सपोर्ट करना चाहिए।

बसपा मुखिया भ्रम की शिकार : सपा

मथुरा के जवाहरबाग कांड पर बसपा मुखिया मायावती के इल्जामों पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता व मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि मायावती एक तरफ भाजपा पर सीबीआइ के दुरुपयोग का इल्जाम लगाती हैं और दूसरी ओर सीबीआइ जांच की मांग करती हैं। वह भ्रम की शिकार हैं। चौधरी का कहना है कि बसपा शासन में उत्तर प्रदेश को अभिशप्त कर दिया गया था। बसपा में असामाजिक तत्वों, माफिया, गुंडों व भ्रष्टाचारियों की बड़ी जमात है। बसपा अध्यक्ष का उन्हें संरक्षण रहता है।

यह भी पढ़ें : 'अच्छे दिन' लाने में नाकाम भाजपा के आएंगे 'बुरे दिन' : मायावती

मथुरा हिंसा कांड की सीबीआइ जांच की मांग दोहराते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि पूरी घटना राज्य की सपा व केंद्र की भाजपा सरकार की लापरवाही का नतीजा है। मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियों आपस में मिली हुई है। उन्होंने कहा कि जरूर दाल में थोड़ा नहीं बल्कि बहुत काला है इसलिए सपा सरकार सीबीआइ जांच से बच रही है।

मायावती ने कहा कि हमारे हर शासनकाल में अवैध कब्जा करने के साथ ही गुडों की जगह जेल में थी। हमारी सरकार बनने पर सपा के सभी गुंडों को जेल में भेजा जाएगा। यह हमेशा से हमारे एजेंडा में था और आगे भी रहेगा। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को हम हमेशा से तरजीह देते रहे हैं। सपा सुप्रीमो को हमारे एजेंडे की जानकारी नहीं है। मेरी सरकार आई तो कब्जा करने वाले जेल में जाएंगे।

यह भी पढ़ें : Mathura Violence : मथुरा की घटना निंदनीय, इस्तीफा दे उत्तर प्रदेश सरकार : मायावती

मथुरा कांड पर मायावती ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी की गहरी मिली भगत है। मथुरा कांड पर अभी तक केंद्र सरकार ने कोई भी एक्शन नहीं लिया है। साध्वी प्राची लगातार आग उगलती रहती हैं। मथुरा हिंसा पर भी साध्वी के बयान के बाद भी केंद्र सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उत्तर प्रदेश की सरकार के साथ ही केंद्र की सरकार के मथुरा हिंसा पर सिर्फ बयान ही सामने आ रहे है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं दिख रही है। साध्वी के बयानों पर बसपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र की शह पर वह ऐसा बोल रही हैं नहीं तो केंद्र सरकार चुप क्यों है।

यह भी पढ़ें : बसपा उत्तर प्रदेश में अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव : मायावती

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भारतीय जनता पार्टी को 80 में से 73 सांसद दिए है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश के विकास बारे में सोच नहीं रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर उत्तर प्रदेश से ही सांसद हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार भी कांग्रेस की तरह विरोधियों का मुंह बंद करने को सीबीआइ का दुरुपयोग कर रही है। मोदी सरकार अपनी घोर विफलता से ध्यान हटाने को मंत्रियों से दौरे करवा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता हाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में इन सभी मंत्री से हिसाब मांगेगी। केंद्रीय मंत्रियों के दौरे से उत्तर प्रदेश की जनता का भला नहीं होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.