विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमेरिकी कंपनियों की आज सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, निवेश की संभावनाएं

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Mon, 23 Oct 2017 10:40 AM (IST)Updated: Mon, 23 Oct 2017 11:44 AM (IST)

अमेरिकी निवेशकों का प्रतिनिधमंडल लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। अमेरिकी कंपनियां चिकित्सा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं टटोलेंगी।

अमेरिकी कंपनियों की आज सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, निवेश की संभावनाएं
अमेरिकी कंपनियों की आज सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, निवेश की संभावनाएं

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं तलाशने यूएस इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के बैनर तले अमेरिकी निवेशकों का प्रतिनिधमंडल आज लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। इससे पहले यह प्रतिनिधिमंडल चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के साथ अमेरिका और उत्तर प्रदेश के बीच व्यापारिक रिश्तों को आगे बढ़ाने के बारे में विस्तृत चर्चा करेगा। 

'यूएस इंडिया इंडस्ट्री कॉनक्लेव' नामक इस कवायद के जरिये अमेरिकी कंपनियां उत्तर प्रदेश में चिकित्सा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में निवेश, व्यापारिक साझेदारी और सहयोग की संभावनाएं टटोलेंगी।

निवेश आकर्षित करने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इस साल हैदराबाद में ग्लोबल इंटरप्रेन्योरशिप समिट-2017 का आयोजन होने जा रहा है। ग्लोबल इंटरप्रेन्योरशिप समिट के परिप्रेक्ष्य में यूएस इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम ने लखनऊ में उद्यमियों और अमेरिकी कंपनियों को एक मंच पर लाने के लिए यह कदम उठाया है, जिससे कि अमेरिका और उप्र के बीच कारोबारी रिश्ते परवान चढ़ सकें और सूबे के आर्थिक विकास को गति मिल सके।

इसकी एक वजह यह भी है कि योगी सरकार ने प्रदेेश में निवेश आकर्षित करने के लिए बीते छह महीने में जो कदम उठाये हैं, उसका अमेरिकी व्यापार जगत में सकारात्मक संदेश गया है। लिहाजा देश के सबसे बड़े बाजार और प्रचुर मानव संसाधन से लैस उप्र की ओर रुख करने में अमेरिकी कंपनियों ने दिलचस्पी दिखायी है। 

फोरम के तहत आने वाले प्रतिनिधिमंडल में बोइंग, प्राट एंड व्हिटनी, जीई हेल्थकेयर, मर्क, कोका कोला, ऊबर, मास्टर कार्ड, मेडट्रॉनिक, कारगिल, हनीवेल, मोनसांटो, आदि के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल की अगुआई बोइंग इंडिया के अध्यक्ष प्रत्यूष कुमार करेंगे। व्यापारिक रिश्तों को मजबूती देने के लिए आयोजित इस विचार विमर्श में अमेरिकी दूतावास और युनाइटेड स्टेट्स ट्रेड एंड डेवलपमेंट एजेंसी (यूएसटीडीए) के प्रतिनिधि भी शिरकत करेंगे। 

यह भी पढ़ें: चित्रकूट यात्रा के दूसरे दिन सीएम योगी ने की पांच किलोमीटर लंबी परिक्रमा

स्वास्थ्य मंत्री के साथ होने वाली चर्चा के दौरान 'हेल्थ केयर क्षेत्र में बढ़ती पहुंच' और 'प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता' विषयों पर खास फोकस होगा।

यह भी पढ़ें: वापसी की भीड़ से लखनऊ की रेलवे और रोडवेज सेवा पस्त

राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव राजीव कुमार, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डॉ.अनूप चंद्र पांडेय, अपर मुख्य सचिव आइटी संजीव सरन, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आलोक सिन्हा, सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वी.हेकाली झिमोमी आदि इस चर्चा में शामिल होंगे। 

यह भी पढ़ें: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कल उतरेंगे फाइटर, आज से यातायात बंद

इलाहाबाद में को-इनोवेशन लैब

उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए यूएस इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम इलाहाबाद में अपनी पहली को-इनोवेशन लैबोरैट्री लांच करने जा रहा है। मेक इन इंडिया को गति देने के साथ यह पहल स्थानीय समस्याओं का स्थानीय स्तर पर हल सुझाने की दिशा में भी काम करेगी। इसके लिए युवा नवाचारियों, स्टार्ट अप्स और स्थानीय सरकार को मुख्य रूप से ऊर्जा, परिवहन, कचरा प्रबंधन, हेल्थ केयर, जलवायु और स्मार्ट एग्रीकल्चर के क्षेत्र में सहभागी बनाया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।