विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक नागरिक की भारतीय पत्नी ने उच्चायोग से मांगी मदद

By Mohit TanwarEdited By:
Published: Sun, 07 May 2017 11:47 PM (IST)Updated: Mon, 08 May 2017 01:44 AM (IST)

जकारिया ने कहा, भारतीय उच्चायोग ने पुलिस और मीडिया से महिला के इमारत में होने की पुष्टि की है।

पाक नागरिक की भारतीय पत्नी ने उच्चायोग से मांगी मदद
पाक नागरिक की भारतीय पत्नी ने उच्चायोग से मांगी मदद

इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तानी नागरिक की भारतीय पत्नी ने यहां स्थित भारत के उच्चायोग से मदद की गुहार लगाई है। भारतीय उच्चायोग उसे आवश्यक मदद दे रहा है। हालांकि अपनी कमी दूसरे पर मढ़ने की आदत के अनुसार पाकिस्तान ने भारतीय महिला के उच्चायोग के अंदर 'फंसे' होने का दावा किया है।

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय (एफओ) के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने रविवार को कहा कि भारतीय उच्चायोग से गत सप्ताह 'गायब' हुई उजमा नामक भारतीय महिला इमारत में 'फंसी' हुई है। जकारिया की यह टिप्पणी पाकिस्तानी नागरिक ताहिर के उस आरोप के बाद आई है, जिसमें उसने कहा था कि वीजा आवेदन के लिए भारतीय उच्चायोग पहुंचने के बाद उसकी पत्नी उजमा को वहां 'कैद' कर लिया गया।

जकारिया ने कहा, भारतीय उच्चायोग ने पुलिस और मीडिया से महिला के इमारत में होने की पुष्टि की है। लेकिन पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के साथ वार्ता होने के बाद ही उसे बाहर जाने देने की बात कही है। जकारिया के अनुसार विदेश कार्यालय भारतीय उच्चायोग के संपर्क में है। इस मुद्दे को शीघ्र हल किया जाएगा।

लेकिन नई दिल्ली में सरकारी सूत्रों ने कहा कि हमारी नागरिक ने पांच मई को भारतीय उच्चायोग पहुंचकर मदद मांगी थी। उच्चायोग महिला को जरूरी मदद प्रदान कर रहा है। साथ ही पाकिस्तानी विदेश कार्यालय और भारत में उसके परिवार के संपर्क में भी है।

उजमा और ताहिर का तीन को हुआ था निकाह

नई दिल्ली की रहने वाली उजमा और ताहिर की मलेशिया में मुलाकात हुई थी। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। गत एक मई को उजमा वाघा-अटारी सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंची और तीन मई को दोनों ने निकाह कर लिया। ताहिर ने कहा, हम उच्चायोग गए थे। हमने अपने वीजा फार्म और फोन अधिकारियों को सौंप दिए।

अधिकारी के बुलाने पर उजमा इमारत के अंदर गई, मैं बाहर ही रुक गया। कई घंटों बाद भी जब उजमा बाहर नहीं आई, तब मैंने अधिकारियों से जानकारी हासिल करनी चाही तो उनका कहना था कि उजमा यहां नहीं है। ताहिर का आरोप है कि अधिकारियों ने उसके तीनों मोबाइल फोन भी लौटाने से इन्कार कर दिया। ताहिर ने बताया कि उसने इस बाबत सचिवालय पुलिस थाने में एफआइआर दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें: छद्म हमले कर रहा पाक हिंदुस्तान के 20 करोड़ मुस्लिमों के बारे में सोचे : बुखारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।