यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ओसामा को मारने वाले सैनिक का खुलासा, लादेन की खोपड़ी के हो गए थे टुकड़े
टीम के दूसरे सदस्य भागते हुए कमरे में पहुंचे, तब तक वह कमरे के कोने में छिपे 2 साल के ...और पढ़ें

लंदन, जेएनएन । अमेरिकी नौसेना की SEAL (Sea, Air and Land) टीम के पूर्व सदस्य ने ओसामा बिन लादेन की मौत से जुड़ी वीभत्स जानकारी सामने रखी है। नेवी SEAL टीम के शूटर रॉबर्ट ओनील ने ओसामा को मारने वाले अपने दावे पर कायम रहते हुए बताया कि हमले में अल-कायदा के चीफ ओसामा की खोपड़ी इस कदर क्षतविक्षत हो गई थी कि उसके टुकड़े वापस एकसाथ रखने पड़े थे ताकि ओसामा की पहचान की पुष्टि की जा सके।
अपनी नई किताब में रॉबर्ट ने बताया है कि उन्होंने अकेले 9/11 आतंकी हमले के मास्टरमाइंड ओसामा को 3 गोलियां मारी थीं। न्यू यॉर्क डेली न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक अपनी किताब 'द ऑपरेटर: फायरिंग द शॉट्स दैट किल्ड बिन लादेन' में नेवी SEAL टीम 6 के पूर्व शूटर ने विस्तृत जानकारी दी है कि पाकिस्तान के ऐबटाबाद में उस रात क्या हुआ था।
2 मई 2011 की रात के ओनील के संस्मरण पर विवाद अब तक बरकरार हैं। ये विवाद खासतौर पर इसलिए भी हैं कि ओनील ने स्पेशल ऑपरेशन के नियमों का उल्लंघन करते हुए ऑपरेशन की जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा की है।
अपनी किताब में ओनील ने यह भयानक दावा किया है कि उनकी गोलियों से ओसामा की सिर बुरी तरह नष्ट हो चुका था। फोटो खींचने के लिए उसके सिर के टुकड़े वापस एकसाथ लगाने पड़े थे।
वह बताते हैं कि उस ऑपरेशन में उनके साथ 5-6 दूसरे सिपाही दूसरी मंजिल पर जाने वाली सीढ़ियां चढ़ रहे थे कि तभी AK-47 लिये हुये ओसामा का बेटा खालिद दिख गया। वह एक जंगले के पीछे छिपा हुआ था। SEAL एजेंट्स ने खालिद को धोखे से बाहर बुला लिया। उन्होंने अरबी में कहा, 'खालिद, यहां आओ।' जवाब में खालिद चिल्लाया, 'क्या?' यह कहते हुए खालिद अपने छिपने के स्थान से बाहर आ गया और तुरंत सिपाहियों ने सीधे उसके मुंह पर गोली मार दी।
सीढ़ियां पार करके एजेंट्स ने सभी कमरों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। अहाते में ओसामा के साथ उसकी 3 बीवियां और 17 बच्चे थे।
ओनील अपने निशानेबाज के साथ तीसरी मंजिल की तरफ जाती सीढ़ियां चढ़ रहे थे और उनको इस बात का पूरा यकीन था कि जो भी तीसरी मंजिल पर होगा वह अंतिम उपाय के तौर पर आत्मघाती हमले की तैयारी कर रहा होगा।
ओनील याद करते हुये बताते हैं कि उन्होंने तुरंत ऐक्शन लेने का निर्णय किया और निशानेबाज का कंधा दबाया। यह गोली चलाने का सिग्नल था। दरवाजे पर लगे पर्दे को छलनी करती हुई गोलियों ने 2 औरतों को मौत की नींद सुला दिया।
रॉबर्ट के मुताबिक कमरे में घुसते ही उनकी नजर ओसामा पर पड़ी जो अपने बिस्तर के पास खड़ा था। उसके दोनों अपने सामने खड़ी एक औरत के कंधों पर थे। यह अमाल थी, ओसामा की 4 बीवियों में सबसे छोटी बीवी।
ओनील लिखते हैं कि एक सेकंड से भी कम वक्त में उन्होंने औरत के दाहिने कंधे के ऊपर निशाना साधते हुए 2 बार ट्रिगर दबाया। बिन लादेन का सिर फट गया और वह उसी पल जमीन पर गिर गया। इसके बाद उन्होंने एक और गोली उसके सिर में मारी।
ओनील बताते हैं कि टीम के दूसरे सदस्य भागते हुए कमरे में पहुंचे, तब तक वह कमरे के कोने में छिपे 2 साल के बच्चे को ओसामा की विधवा के पास बिस्तर पर बिठा चुके थे। ऑपरेशन खत्म करके उनकी टुकड़ी 90 मिनट की फ्लाइट के बाद अफगानिस्तान के कैंप में वापस पहुंची।
रॉबर्ट ओनील की किताब इसी ऑपरेशन पर आधारित SEAL के ही एक और सदस्य मार्क बिसनेट की किताब 'नो ईजी डे' के 5 साल बाद आई है। इस किताब को पब्लिकेशन के लिए ओनील 68 लाख डॉलर (करीब 44 करोड़ रुपये) भरेंगे क्योंकि उन्होंने किताब में नॉन-डिस्क्लोजर डील का उल्लंघन करते हुए गोपनीय जानकारी साझा की है।
