यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चीन ने दलाई लामा को बुलाने पर ताइवान को धमकाया
चीन 80 वर्षीय दलाई लामा को अलगाववादी मानता है। ताइवान मामलों के उसके प्रवक्ता ने आगाह करते हुए कहा कि ...और पढ़ें

बीजिंग, रायटर। चीन ने तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को बुलाए जाने पर ताइवान को धमकी दी है। एक प्रमुख सांसद ने दलाई लामा को आमंत्रित किया है। स्वशासित ताइवान को चीन अपना क्षेत्र होने का दावा करता है।
चीन 80 वर्षीय दलाई लामा को अलगाववादी मानता है। ताइवान मामलों के उसके प्रवक्ता ने आगाह करते हुए कहा कि दलाई लामा ने अलगाववादी गतिविधियों के लिए धार्मिक लिबास पहन रखा है। साल के शुरू तक ताइवान के राष्ट्रपति रहे मा यिंग-जेओ ने भी कई मौकों पर उनको अपने देश में आने की अनुमति नहीं दी। वह 2009 में आखिरी बार ताइवान आए थे।
उस समय मा ने उनके दौरे को भले इजाजत दी थी, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं की। चीन के साथ आर्थिक संबंधों के बड़े पक्षकार रहे मा यिंग-जेओ 2008 से 2016 तक राष्ट्रपति थे। हालांकि जनवरी में चुनी गई नई राष्ट्रपति साइ इंग वेन की सरकार ने अभी तक यह नहीं बताया है कि दलाई लामा को आने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। ताइवान के चर्चित गायक और चीन के मुखर आलोचक फ्रेडी लिम ने दलाई लामा को आमंत्रित किया है। उन्होंने पिछले हफ्ते भारत में दलाई लामा से मुलाकात की थी।
