पेरिस पर आतंकी साया, शार्ली अब्दो के गुनाहगारों की घेराबंदी
शार्ली अब्दो पत्रिका के दफ्तर पर हमले के बाद से फरार दो आतंकियों को फ्रांस की पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम पेरिस से 80 किलोमीटर दूर एक कस्बे में घेर लिया है। सशस्त्र सुरक्षा बल के 800 जवान उन्हें घेरे है और भारी गोलीबारी जारी है। रॉकेट लांचर और एके-47
पेरिस। शार्ली अब्दो पत्रिका के दफ्तर पर हमले के बाद से फरार दो आतंकियों को फ्रांस की पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम पेरिस से 80 किलोमीटर दूर एक कस्बे में घेर लिया है। सशस्त्र सुरक्षा बल के 800 जवान उन्हें घेरे है और भारी गोलीबारी जारी है। रॉकेट लांचर और एके-47 जैसे हथियारों से लैस से इन सगे भाइयों की धरपकड़ का ये सबसे बड़ा अभियान है। तीन आतंकियों में से एक ने सुबह ही आत्मसमर्पण कर दिया था।
पेरिस से 80 किलोमीटर दूर फ्रांस के पूर्वोत्तर स्थित कस्बे लांगपांट के 32 हजार एकड़ में फैले एक जंगल में छिपे हैं ये दोनों आतंकी। दोनों सगे भाई हैं जिनका नाम शेरिफ काउशी (32 साल) और साद काउशी (34 साल) है।
इससे पहले, पुलिस को कई घंटे पहले ही इनकी पूरी जानकारी मिल चुकी थी।
इन्हें सुबह ही पेरिस के बाहर उत्तरी एसीन क्षेत्र में विल्र्स कोरेट के पास एक पेट्रोल स्टेशन पर हथियारों से लैस एक कार से जाते देखा गया था। उन्होंने इस स्टेशन को लूटा था जिसकी जानकारी पंप मैनेजर ने इसकी जानकारी दी थी। तब से सुरक्षा एजेंसियां इन दोनों का हेलीकॉप्टर और अन्य संसाधनों से पीछा कर रही थीं। बाद में इन दोनों ने गाड़ी को एक सुनसान जगह पर छोड़ दिया जिसमें जेहादी नारों वाले झंडे मिले थे।
फ्रांसीसी पुलिस की धरपकड़ की कोशिशों के बावजूद अन्य दो आतंकी जो सगे भाई भी हैं बुधवार की वारदात में दस पत्रकारों समेत बारह लोगों की हत्या करके फरार हैं। इसमें से एक शेरिफ काउशी आतंकी गतिविधि में जेल काट चुका है। फ्रेंच प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह ही एक आतंकी 18 वर्षीय हामेद मुराद ने बेल्जियम से लगी सीमा पर पुलिस के आगे आत्मसमर्पण कर दिया।
आतंकी भाइयों का काला इतिहास
दोनों आतंकी शेरिफ काउशी (32 साल) और साद काउशी (34 साल) फ्रांस के ही नागरिक हैं। इनमें से शेरिफ काउशी सन् 2008 में आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण जेल में 18 महीने की कैद काट चुका है। वह फ्रेंच नागरिकों को पूर्वी पेरिस की एक मस्जिद में अमेरिकियों से लडऩे के लिए इराक जाने को उकसाता था। वह खुद भी इराक में लडऩे के लिए सीरिया से आतंकी प्रशिक्षण ले चुका है।
महिला पुलिसकर्मी की मौत
व्यंग पर केंद्रित फ्रेंच पत्रिका शार्ली अब्दो में हुए आतंकी हमले के बाद बृहस्पतिवार की सुबह पेरिस के दक्षिणी भाग में एक बुलेटप्रूफ जैकेट पहने बंदूकधारी दो पुलिस कर्मियों पर फायरिंग करके फरार हो गया। घायलों में से एक महिला पुलिस कर्मी की मौत हो गई। बुधवार से ही हाई अलर्ट पर पेरिस में इस वारदात के बाद फ्रांस के गृह मंत्री बर्नाड काजनेव घटनास्थल पर पहुंचे।
मस्जिद के बाहर ग्रेनेड फेंके
पेरिस के पश्चिम में स्थित ली मेन्स में देर रात एक मस्जिद के बाहर तीन ग्रेनेड फेंके गए। वहीं दक्षिणी फ्रांस के पोर्ट ला नाउल जिले में एक अन्य मस्जिद के बाहर फायरिंग की घटना हुई। एक अन्य कस्बे विलेफ्रेंच सुर सोन में कबाब की एक दुकान के पास एक विस्फोट हुआ। इन सभी घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस बीच, फ्रांस के प्रमुख इस्लामिक संगठनों ने एक मिनट का मौन रख आतंकी वारदात की निंदा की है। मुस्लिम सिटिजन ऑफ फ्रांस नामक संगठन के नेताओं ने देश भर में इमामों से अपील की वह जुमे की नमाज में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दुआ करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।