तेजप्रताप-राजलक्ष्मी की शादी में पहुंचीं हस्तियां
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप यादव का विवाह आलीशान ...और पढ़ें

नई दिल्ली [अजय पांडेय]। गंगा किनारे बसे बिहार व उत्तर प्रदेश के दो अत्यंत लोकप्रिय सियासी घरानों के बीच रिश्तों की डोरी देश की राजधानी दिल्ली में बंधी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप यादव का विवाह आलीशान अशोका होटल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित देश की तमाम नामचीन हस्तियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
होटल के विशाल व भव्य कक्ष में मंच पर दुल्हा बने तेजप्रताप जब अपनी दुल्हन राजलक्ष्मी का इंतजार कर रहे थे तभी चारों ओर से सैकड़ों निगाहें उनकी दायीं ओर से धीरे-धीरे मंच की ओर बढ़ रही दुल्हन राजलक्ष्मी पर टिक गई थी। मंच पर जब दोनों एक साथ हुए तो भीड़ में मौजूद बिहार से आए कुछ लोग आशीर्वचन के रूप में कह रहे थे, जिय हे दुलहा-दुलहिन लाख बरिस।
मंच पर पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी पत्नी गुरुशरण कौर के साथ आशीर्वाद देने पहुंचे तो इस बुजुर्ग जोड़ी की अगवानी के लिए लालू यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौजूद थे। उनके ठीक पीछे वित्त मंत्री अरुण जेटली और वेंकैया नायडू भी पहुंचे।
कुछ ही पलों में अतिविशिष्ट अतिथियों का तांता लग गया। पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी वर- वधू को आशीर्वाद दिया। देश के पूर्व कृषि मंत्री प्रफुल्ल पटेल मंच पर पहुंचे ही थे कि पीछे से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंच गए। मुलायम सिंह यादव ने नीतीश का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रियंका पर टिकी रही निगाहें
इस पूरी महफिल की निगाहें सबसे अधिक सोनिया गांधी की सुपुत्री प्रियंका गांधी पर टिकी रहीं। प्रियंका अपने पति राबर्ट वाड्रा के साथ विवाह समारोह में आई थीं। उनके हॉल से निकल जाने तक हर कोई बस उन्हें ही देख रहा था।
होटल के अंदर पहुंचने के लिए मंत्री और विधायक तक जोर आजमाइश करते दिखे। भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा बलों को भी बहुत मशक्कत करनी पड़ रही थी। यहां तक कि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री आजम खां को भी अंदर जाने के लिए गेट बदलना पड़ा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।