सपा भी ऑनलाइन सदस्यता की राह पर
कांग्रेस और भाजपा की राह पर चलते हुए सपा ने भी अब अपनी सदस्यता ऑनलाइन कर दी है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आहूत प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में इस बाबत फैसला किया गया और महज एक घंटे के भीतर ही दो हजार सदस्य भी बन गए। बोर्ड की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई अन्य अहम फैसले भी किए गए
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। कांग्रेस और भाजपा की राह पर चलते हुए सपा ने भी अब अपनी सदस्यता ऑनलाइन कर दी है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आहूत प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में इस बाबत फैसला किया गया और महज एक घंटे के भीतर ही दो हजार सदस्य भी बन गए। बोर्ड की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई अन्य अहम फैसले भी किए गए।
मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में करीब ढाई घंटे चले मंथन में संगठन में चुस्ती लाने के प्लान को अंतिम रूप दिया गया। विशेष जोर सदस्यता अभियान पर था। इसके लिए ऑनलाइन तरीका अपनाने पर सभी ने सहमति जताई। ऑनलाइन सदस्यता शुरू होते ही एक घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश जैसे राज्यों से सदस्य बनने शुरू हो गए। दो अप्रवासी भारतीयों ने भी समाजवादी बनने की पहल की। सदस्यता अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक विशेष सदस्यता के लिए गांवों में चौपाल व नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। सभी वरिष्ठ नेताओं को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया है।
बैठक में प्रदेश के हालात और उप चुनाव पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं का कहना था कि विपक्षी दलों के इशारे पर ही कुछ शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को सख्ती से कुचल कर विकास का एजेंडा जनता के बीच ले जाने का निर्णय किया गया। संगठन के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को एकजुटता का परिचय देने पर जोर रहा। उप चुनावों में बेहतर परिणाम लाने के लिए अपने आवंटित क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश सचिव एसआरएस यादव ने बताया कि जिन क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हो सकी, वहां पर जल्द ही निर्णय होगा। बैठक में भगवती सिंह, अवधेश प्रसाद, माताप्रसाद पांडेय, बलराम यादव, चंद्रशेखर सिंह भी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।