यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मायावती से मिलीं रोहित वेमुला की मां
आत्महत्या करने वाले हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला की मां राधिका ने बसपा अध्यक्ष मायावती से मुलाकात की।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । आत्महत्या करने वाले हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला की मां राधिका ने बसपा अध्यक्ष मायावती से मुलाकात की। राज्यसभा में इस मुद्दे पर जिस तरह से बसपा सुप्रीमो ने सरकार पर हमला बोला, उसके लिए रोहित की मां और छोटा भाई उनका धन्यवाद अदा करने आया था। मायावती के तेवरों से यह भी साफ है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर वह भी रोहित के मुद्दे को जीवित रखेंगी। इस कड़ी में बसपा ने रोहित को न्याय के नाम पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान भी किया है।
रोहित की मां का आरोप है कि मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गलतबयानी से देश की जनता को गुमराह किया है। राधिका ने आरोप लगाया कि केंद्र के दो मंत्रियों के दबाव में वेमुला को प्रताडि़त किया जाता रहा, जिसके चलते उसे आत्महत्या करनी पड़ी। स्मृति ईरानी के संसद में बयानों का हवाला देते हुए राधिका ने कहा कि जिस तरह से भाजपा सरकार गलतबयानी कर रही है, उससे नहीं लगता कि उनके बेटे की मौत को इंसाफ मिलेगा।
रोहित के परिजनों ने दिखाए दलित होने के सबूत, स्मृति पर लगाए झूठ के आरोप
बसपा अध्यक्ष ने रोहित वेमुला की मौत की जांच के लिए न्यायिक आयोग के गठन की मांग की थी। राधिका ने इसका समर्थन किया। साथ ही इस बात पर अफसोस जताया कि केंद्र ने इसे खारिज कर दिया है। मायावती ने रोहित की मां को सांत्वना दी। साथ ही कहा कि दलित छात्र की आत्महत्या से पूरा देश बेचैन है। दलित ही नहीं समाज के अन्य तबके भी रोहित को न्याय और घटना के दोषियों को सजा दिलाने के लिए संघर्षरत हैं। साफ है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में दलितों के बीच पैठ बनाने में जुटी भाजपा को इस मुद्दे के सहारे रोकने में मायावती कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। इससे पहले भी हरियाणा में भी दलित उत्पीड़न की घटना पर वह खासी मुखर रही थीं।
