यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गलती स्वीकार, मोदी व केजरी पर तगड़ा प्रहार
मैदान वही था, जगह वही थी। फर्क महज इतना था कि नजारा बदल गया था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रविवार ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। मैदान वही था, जगह वही थी। फर्क महज इतना था कि नजारा बदल गया था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रविवार की शाम जब दक्षिणपुरी के विराट सिनेमा हॉल मैदान में पहुंचे तो पार्टी का शक्ति प्रदर्शन देखने लायक था। तीन महीने पहले जहां कुर्सियों पर बैठने वाले नहीं मिल रहे थे, वहीं रविवार को लोगों को बैठने की जगह नहीं मिल रही थी। इससे पहले उन्होंने हरियाणा के पानीपत और सिरसा में भी चुनावी रैलियां कीं।
जोश से लबरेज समर्थकों की जोरदार नारेबाजी से खिले राहुल भी पूरे मूड में नजर आए। न भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का नाम लिया और न ही आप संयोजक अरविंद केजरीवाल का लेकिन हमले दोनों पर चुन-चुन कर किए। बदले में भीड़ की तालियां भी खूब बटोरी। कभी कांग्रेस का गढ़ रहे इस इलाके में एलान किया कि हम हारे-जीतें लेकिन कभी गरीबों का, किसानों का साथ नहीं छोड़ेंगे। केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा - 'भाग कर चले गए दिल्ली में सरकार चलाने वाले। हमसे गलती हुई। विकास किया, लेकिन जनता ने हमें हराया और यह संदेश दिया कि खाली सड़कें बनाने और फ्लाईओवर बनाने से काम नहीं चलेगा। कांग्रेस ने आपका संदेश सुन-समझ लिया।' राहुल ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा -'भाजपा महिलाओं को शक्ति देना चाहती है। लेकिन गुजरात में पुलिस महिलाओं का पीछा करती है, उनके फोन टेप करती है। संप्रग सरकार में यह सब नहीं होता। हम अगली सरकार बनाएंगे तो संसद में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण देंगे। '
फिसली जुबान
भाषण के दौरान कई मौकों पर राहुल की जुबान फिसली। उन्होंने कह दिया कि महाराष्ट्र में राजग की सरकार है और वहां शिवसेना के लोग उत्तर भारतीयों से मारपीट करते हैं। यह भी कहा कि बेंगलूर में भी कट्टरपंथी उत्पात करते हैं। बता दें कि महाराष्ट्र व कर्नाटक में कांग्रेस की ही सरकार है।
टाइटलर को पुलिस ने रोका
राहुल गांधी की रैली में सुरक्षा का यह आलम था कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर तक को पुलिस ने रोक लिया। अपने सुरक्षाकर्मियों एवं समर्थकों के साथ आयोजन स्थल पहुंचे टाइटलर उस द्वार से प्रवेश करना चाहते थे जिससे राहुल को प्रवेश करना था। बाद में वह अन्य गेट से अंदर पहुंचे।
