विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम मोदी के कूटनीतिक अंदाज के कायल हुए मेल्कम टर्नबुल

By Manish NegiEdited By:
Published: Mon, 10 Apr 2017 09:41 PM (IST)Updated: Mon, 10 Apr 2017 10:10 PM (IST)

कूटनीति की दुनिया में अहम विश्व नेताओं से निजी केमेस्ट्री विकसित करने के लिहाज से मोदी प्रोटोकाल को अपने हिसाब से लचीला बनाने से नहीं हिचकते।

पीएम मोदी के कूटनीतिक अंदाज के कायल हुए मेल्कम टर्नबुल
पीएम मोदी के कूटनीतिक अंदाज के कायल हुए मेल्कम टर्नबुल

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। विश्व नेताओं से रुबरू होने में निजी गर्माहट दिखाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंदाज ए बयान कूटनीतिक रिश्तों में नये आयाम लाने का जरिया बनने लगा है। भारत दौरे पर आए आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेल्कम टर्नबुल के साथ मेट्रो से सफर कर अक्षरधाम मंदिर का दर्शन और सैर करा मोदी ने विदेशी मेहमान को अपना मुरीद बना लिया।

कूटनीति की दुनिया में अहम विश्व नेताओं से निजी केमेस्ट्री विकसित करने के लिहाज से मोदी प्रोटोकाल को अपने हिसाब से लचीला बनाने से नहीं हिचकते। अपने इस अंदाज की एक नई झलक के तहत ही मोदी ने टर्नबुल के साथ मेट्रो से मंदिर तक सफर कर उन्हें अपना कायल बनाया। मोदी के इस अंदाज से टर्नबुल को शायद यह मलाल नहीं होगा कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को अहमियत देने के लिए भारतीय पीएम ने प्रोटोकाल को दरकिनार कर एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की थी।

आस्ट्रेलियाई पीएम को अपने प्रशंसकों में शामिल करना मोदी के लिए इस लिहाज से भी मायने रखता है कि टर्नबुल अपने पूर्ववर्ती आस्ट्रेलियाई पीएम की तुलना में अब तक भारत से रिश्तों में गर्मजोशी दिखाने में पीछे रहे हैं। पीएम बनने के डेढ साल बाद टर्नबुल भारत यात्रा पर आए हैं और इससे पहले उनका फोकस अमेरिका व चीन पर था। जबकि कूटनीति, व्यापार और रणनीति हर लिहाज से आस्ट्रेलिया की जितनी जरूरत भारत को है उतनी ही आस्ट्रेलिया को भारत की। तभी मोदी ने निजी संवादों में गर्माहट दिखाने के साथ-साथ शिखर वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में परोक्ष रुप से टर्नबुल को इसका अहसास भी कराया।

मोदी ने इसके लिए भारत-आस्ट्रेलिया क्रिकेट सीरिज में डीआरएस विवाद का सहारा लेते हुए मजाकिया अंदाज में यह संदेश दिया। मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि हमारे रिश्ते डीआरएस की समीक्षा का विषय नहीं हैं। साथ ही पीएम ने दोनों देशों के बेहतर रिश्ते से फायदा आस्ट्रेलिया को भी मिलेगा इसका संदेश देने के लिए भी क्रिकेट का सहारा लिया। मोदी ने कहा कि टर्नबुल की यह यात्रा आस्ट्रेलिया के लिए वैसी ही फलदायक रहेगी जैसी स्टीवन स्मिथ ने भारत के साथ श्रृंखला में रन बटोरे।

दिल्ली मेट्रो में मोदी और आस्ट्रेलियाई पीएम टर्नबुल ने की यात्रा, संग ली सेल्फी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।