दिल्ली के कानून मंत्री का दावा, असली है डिग्री
फर्जी डिग्री मामले में फंसे दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र तोमर ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने द ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। फर्जी डिग्री मामले में फंसे दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र तोमर ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी डिग्री असली है और विरोधी उनकी छवि धूमिल करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। वह भाजपा के पूर्व विधायक डॉ. नंद किशोर गर्ग के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। उनका कहना है कि अगली सुनवाई में वह वकील के माध्यम से हाई कोर्ट में सभी प्रमाण पेश करेंगे।
तोमर ने कहा कि चुनाव हारने के बाद से डॉ. गर्ग उनकी व आम आदमी पार्टी की छवि धूमिल कर रहे हैं। गर्ग ने उनकी डिग्री को लेकर हाई कोर्ट में जो प्रमाण दिए हैं, उसे साबित करने के लिए वह भी याचिका दायर करेंगे। उनका आरोप है कि दिल्ली व हिमाचल प्रदेश में डॉ. गर्ग के कई विश्वविद्यालय हैं। वह अपने संपर्क से गलत प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। गौरतलब है कि तोमर पर फर्जी शैक्षणिक डिग्री का आरोप लग रहा है। इस संबंध में अदालत में याचिका विचाराधीन है, जिसमें कहा गया है कि तोमर ने कानून की फर्जी डिग्री के आधार पर खुद को वकील के रूप में नामांकित कराया है।
कांग्रेस भी सड़क पर
जितेंद्र तोमर के फर्जी डिग्री को लेकर भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी आंदोलन शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने तोमर को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं ने तोमर की बर्खास्तगी तक पूरी दिल्ली में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि दिल्लीवासियों को गुमराह कर दिल्ली की सता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी अपने भ्रष्ट मंत्रियों को बचा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।