Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'तेजस' से उत्साहित रेलवे चलाएगा दिल्ली-मुंबई के बीच नॉनस्टॉप राजधानी

    By Kishor JoshiEdited By:
    Updated: Tue, 23 May 2017 06:01 AM (IST)

    महंगे किराये के बावजूद तेजस को लोगों को काफी पंसंद आ रही है और इसकी आगे की बुकिंग में इजाफा हो रहा है।

    'तेजस' से उत्साहित रेलवे चलाएगा दिल्ली-मुंबई के बीच नॉनस्टॉप राजधानी

    संजय सिंह, नई दिल्ली। तेजस की कामयाबी के बाद सरकार ने मिशन रफ्तार को और तेज करने का फैसला किया है। इस कड़ी में दिल्ली और मुंबई के बीच एक राजधानी जैसी एक ऐसी ट्रेन चलाने की तैयारी हो रही है जो इस सफर को महज 12-13 घंटे में पूरा करेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रेल मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार इस ट्रेन का आइडिया स्पेनिश ट्रेन टैल्गो के ट्रायल के बाद आया है। जिसे 200 किलोमीटर की गति क्षमता होने के बावजूद ट्रैक व सिगनल प्रणाली की सीमाओं के कारण महज 130 किलोमीटर की औसत रफ्तार पर चलाया जा सका था। लेकिन इसके बावजूद यह ट्रेन राजधानी से पहले मुंबई पहंुच गई थी। जहां दिल्ली-मुंबई राजधानी 1380 किलोमीटर के इस सफर को औसतन 16 घंटे में पूरा करती है। वहीं टैल्गो ने विभिन्न ट्रायल के दौरान 13 से लेकर 14 घंटे तक का ही समय लिया था। इस दौरान इसने शून्य से लेकर 180 तक की स्पीड पकड़ते हुए 130 किलोमीटर की औसत रफ्तार का प्रदर्शन किया था।

    रेलवे बोर्ड के अधिकारी के अनुसार यदि स्टॉपेज की संख्या को घटाकर एक या दो कर दिया जाए तो टैल्गो जैसी कोई भी ट्रेन 12-13 घंटे में दिल्ली से मुंबई पहंुच सकती है। हमने इसी बात को ध्यान में रखकर राजधानी या राजधानी ही जैसी एक ट्रेन दिल्ली से मुंबई के बीच चलाने का फैसला किया है। इसमें सिर्फ दो स्टॉपेज (संभवत: सूरत व वडोदरा) रखे जाएंगे। आइडिया यह है कि यह ट्रेन शाम को सात बजे दिल्ली से रवाना हो और सुबह सात बजे मुंबई पहंुचा दे। इसी तरह दूसरी ट्रेन शाम सात बजे मुंबई से चले और सुबह सात बजे दिल्ली आ जाए। इससे कम समय के अलावा ईधन व अन्य खर्चो में भी बचत होगी।

    'तेजस' को हाथोंहाथ ले रहे लोग

    इस बीच मुंबई (सीएसटीएम) से गोवा (करमाली) के बीच सोमवार 22 मई को रेलमंत्री सुरेश प्रभु द्वारा दादर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटित पहली सेमी हाईस्पीड तेजस (ट्रेन नं 22119) ट्रेन को अधिक किराये के बावजूद महाराष्ट्र व गोवा के लोगों तथा विदेशी पर्यटकों ने हाथोंहाथ लिया है। सोशल मीडिया पर भी यह विषय ट्रेंडिंग में नंबर वन पर था।

    सोमवार को इसके पहले सफर पर जाने वालों चेयरकार के 419 व एक्जीक्यूटिव क्लास के 31 यात्री शामिल थे। जबकि 23 मई को गोवा से मुंबई की वापसी तेजस (ट्रेन नं 22120) के लिए चेयरकार में 628 और एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 28 लोगों ने बुकिंग कराई है। यही नहीं, आगे का ट्रेंड भी उत्साहव‌र्द्धक है। क्योंकि 24 मई को मुंबई से गोवा तेजस के लिए सोमवार तीन बजे तक 746 यात्री चेयरकार व 40 यात्री एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए बुकिंग करा चुके थे। तेजस में एसएलआर के दो कोच समेत 15 यात्री कोच हैं। जिनमें 12 सीसी व एक एक्जीक्यूटिव क्लास का है।

    तेजस का किराया गैर मानसून सीजन व मानसून सीजन के लिए अलग अलग है। मुंबई-गोवा गैर मानसून सीजन का किराया सीसी क्लास के लिए 1185 रुपये (बिना खाना) व 1310 रुपये (खाने साहित) जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए क्रमश: 2585 रुपये और 2740 रुपये है। मानसून सीजन के लिए ये किराये क्रमश: सीसी क्लास-1185 व 1530 रुपये तथा एक्जीक्यूटिव क्लास-2585 व 2985 रुपये रखे गए हैं।

    यह भी पढ़ें: रेल मंत्री ने रवाना की देश की सबसे अत्याधुनिक ट्रेन तेजस

    यह भी पढ़ें: बुलेट ट्रेन के सपने की तरफ एक कदम है तेजस एक्सप्रेस