आंध्र-ओडिशा में आज कहर बरपाएगा हुदहुद
तेज हवा के साथ आगे बढ़ रहा हुदहुद तूफान 195 किलोमीटर प्रति घंटे की बर्बाद कर देने वाली तेजी से रविवार दोपहर बाद आंध्र प्रदेश और ओडिशा के समुद्री तटों ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। तेज हवा के साथ आगे बढ़ रहा हुदहुद तूफान 195 किलोमीटर प्रति घंटे की बर्बाद कर देने वाली तेजी से रविवार दोपहर बाद आंध्र प्रदेश और ओडिशा के समुद्री तटों से टकराएगा। तटवर्ती इलाकों में हवा की गति बढ़ गई है और वर्षा भी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक करके बचाव और राहत की तैयारियों का जायजा लिया। मानवीय कार्यो में कोई कसर न रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह को प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है जिससे जरूरत पर तत्काल अपेक्षित सहायता दी जा सके। दोनों राज्यों में बचाव के उपाय में जुटे अधिकारी ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों तटवर्ती इलाकों से हटाने में जुटे हैं। आंध्र प्रदेश के पांच जिलों से डेढ़ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। जबकि ओडिशा में करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य सरकार ने दो विमान सेवाओं और 39 ट्रेन सेवाओं को रद कर दिया है। खतरे की आशंका से सेना और नौसेना भी सतर्क हो गई हैं।
आंध्र प्रदेश के आपदा प्रबंधन आयुक्त एआर सुकुमार ने बताया कि श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, पूर्वी गोदावरी और पश्चिमी गोदावरी जिलों की व्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू खुद नजर रखे हुए हैं। समीक्षा बैठक में उन्होंने जन-धन की हानि रोकने के लिए हर संभव उपाय के निर्देश दिए हैं। जबकि ओडिशा में 16 जिलों को अलर्ट जारी करने के बाद अब तटवर्ती कोरापुट, मलकानगिरि, नबरंगपुर, रायगढ़ा, गजपति, गंजम, कालाहांडी और कंधमाल जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम पूरी तेजी पर है। राज्य के विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्र ने बताया है कि कुछ स्थानों पर बारिश शुरू हो चुकी है लेकिन कहीं से किसी नुकसान की खबर नहीं है।
48 घंटे में भारी वर्षा की चेतावनी:
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटों में आंध्र और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में भारी वर्षा की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार रविवार तक हवा की गति बढ़ती जाएगी और यह आंध्र और ओडिशा के समुद्री तट पर पहुंचने तक 195 किलोमीटर प्रति घंटे के तूफान में तब्दील होने की आशंका है।
एनडीआरएफ की 39 टुकड़ियां तैनात:
नई दिल्ली में कैबिनेट सचिव अजित सेठ ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कमेटी के साथ हालात की समीक्षा की। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों की मदद के लिए आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की 39 टुकड़ियां खतरे वाले स्थानों पर तैनात कर दी हैं। साथ ही वायुसेना को राहत और बचाव के लिए तैयार रहने के लिए कह दिया गया है।
बंगाल में समुद्र से दूर रहने की हिदायत:
कोलकाता। हुदहुद तूफान को लेकर राज्य प्रशासन सतर्क है। दीघा, सुंदरवन सहित तटवर्ती इलाके में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार ने पर्यटकों व मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी है। वहीं हुदहुद जैसे-जैसे करीब आता जा रहा है वैसे-वैसे कोलकाता व आस-पास के जिलों में घने बादल छाने लगे हैं। शनिवार शाम से कई इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई है। मौसम का बदलाव झारखंड में भी महसूस किया जा रहा है। प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश की आशंका के चलते सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।