रांची के सुकुरहुट्टू में कर्फ्यू जैसे हालात, पुलिस छावनी बना इलाका
गांव में सन्नाटा है। सिर्फ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ही गांव में बचे हैं। पुरुष सदस्यों में कई को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

जागरण संवाददाता, रांची। कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू में सोमवार की रात दो समुदायों में हिंसक झड़प के बाद तीसरे दिन बुधवार को स्थिति पूरी तरह प्रशासन के नियंत्रण में रही, लेकिन कर्फ्यू सा माहौल रहा। गांव में सन्नाटा है। सिर्फ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ही गांव में बचे हैं। पुरुष सदस्यों में कई को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जो बचे थे, वे गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। इस कारण पूरे गांव की महिलाएं सहमी हुई हैं। बच्चे खौफजदा हैं। दुकानें बंद हैं। ज्यादातर लोग रोज कमाने खाने वाले हैं।
ऐसे में घरों में भोजन का भी संकट है। दोनों पक्षों की स्थिति इसी तरह की है। खौफ का आलम यह है कि महिलाएं डर से घरों के बाहर भी नहीं निकल रही हैं। आस-पड़ोस से चावल व सब्जी लेकर महिलाएं किसी तरह काम चला रही हैं। गांव में अशांति फैलाने वालों का खामियाजा महिलाओं, बुजुर्गो और बच्चों को भूखे पेट रहकर भुगतना पड़ रहा है। पुलिस लगातार गांव में फ्लैग मार्च कर रही है। गांव के कोने-कोने में पुलिस बल तैनात है। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। सुरक्षा की कमान आइपीएस स्तर के दो अधिकारियों ने संभाल रखी है।
यही हाल रहा तो भुखमरी की नौबत
गांव की महिलाएं मीडियाकर्मियों को देखकर सहमी-सहमी घर से बाहर निकलीं, अपनी व्यथा सुनाई। महिलाओं का कहना था कि यही हाल रहा तो, अगले दो दिनों के भीतर उनके सामने भुखमरी की नौबत आ जाएगी। चिंगारी सुलगाने वाले दोनों समुदाय के लोग गांव से फरार हो चुके हैं। पुलिस भी इन्हें नहीं पकड़ पा रही है। बेकसूरों को जेल भेज दिया गया है। हर घर का पुरुष सदस्य या तो जेल में है या बिना वजह गिरफ्तार किए जाने के डर से फरार हैं।
गांजा की लड़ाई ने पकड़ा तूल
सुकुरहुट्टू गांव की महिलाओं ने बताया कि साहू मोहल्ला तालाब के समीप गांजा पी रहे युवकों के बीच की मारपीट ने तूल पकड़ लिया है। मारपीट शाकिब और रणवीर नाम के युवक के बीच हुई थी। इसके बाद दोनों के परिजन आपस में सुलह करने के दौरान भिड़ गए थे। पथराव हुआ। तभी से पूरा गांव सांप्रदायिक तनाव की आग में झुलस रहा है।
---
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दो आइपीएस समेत दर्जन भर अधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं। उपद्रव मचाने में शामिल रहे अन्य लोगों को चिह्नित कर उनकी तलाश की जा रही है।
-कुलदीप द्विवेदी, एसएसपी रांची
---
कड़ी सुरक्षा के बीच दरवाजा तोड़ लाखों की चोरी
रांची : सुकुरहुट्टू गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। इसके बावजूद घर में बड़ी चोरी का होना सुरक्षा पर सवाल है। जेवर सहित लाखों की चोरी हुई है। मंगलवार देर रात सोनी परवीन, पति मो. इरफान के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। घर का दरवाजा तोड़ा 80 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के गहने लेकर चंपत हो गए। खास यह कि सोनी के घर से महज 20 मीटर की दूरी पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं।
इसके बावजूद चोरी कर ली गई है। सोनी परवीन ने बताया कि सोमवार को वह पथरी का ऑपरेशन कराकर घर लौटी थी। उसी दिन रात में बवाल हो गया। सुबह उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे दिन उसके घर से जिंदगी भर की कमाई चोरी कर ली गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।