फेमिना मिस इंडिया के लिए झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी वामिका
फेमिना मिस इंडिया-2017 में धनबाद के मनोरम नगर की रहने वाली वामिका निधि झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

आशीष सिंह, धनबाद। धनबाद की पहचान अब सिर्फ गैंग्स ऑफ वासेपुर की वजह से ही नहीं हो रही है, बल्कि यहां की सुंदरता की चमक भी राज्य और राज्य के बाहर बिखर रही है। स्वाति सेनगुप्ता, मधुरिमा तुली, अश्विनी लाला के बाद कोयला नगरी का एक और हीरा देशभर में रोशन होने को तैयार है। मुंबई में जून में होने वाले 'एफबीबी कलर्स फेमिना मिस इंडिया-2017' में धनबाद के मनोरम नगर की रहने वाली वामिका निधि झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। 28 मार्च को कोलकाता के होटल स्विसोटेल में वामिका निधि के सिर 'फेमिना मिस इंडिया झारखंड' का ताज सजा। इस क्राउन के लिए पिछले दिनों रांची के मेन रोड कडरू मोड़ में आयोजित झारखंड ऑडिशन में राज्य से तीन प्रतिभाओं वामिका निधि, तान्या सिंह और प्रियंका कुमारी का चयन हुआ था। इस ऑडिशन में झारखंड के सभी जिलों से करीब 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कोलकाता में हुए फेमिना मिस इंडिया ईस्ट जोन समारोह में इन तीनों ने हिस्सा लिया और कई राउंड के बाद वामिका निधि के सिर क्राउन सजा। एफबीबी कलर्स फेमिना मिस इंडिया-2017 का ग्रैंड फिनाले जून में मुंबई में होगा। इसमें 13 राज्यों की प्रतिभागी अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगी।
------------
फेमिना मिस झारखंड का प्रोफाइल
- नाम : वामिका निधि
- माता : निधि शुक्ला, एक्सआइएसएस में प्रोफेसर
- पिता : मधुकर पांडे, ऑल इंडिया रेडियो में अधिकारी
- शिक्षा : दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद से 10वीं और कार्मल स्कूल धनबाद से 12वीं, मौजूदा समय में सोफिया कॉलेज फॉर वूमेन मुंबई से पढ़ाई जारी।
- पता : मनोरम नगर, धनबाद
- शौक : मॉडलिंग
-----------
मिस वर्ल्ड का सपना है मेरा
फोन पर हुई बातचीत में वामिका ने बताया के फेमिना मिस इंडिया झारखंड का ताज मिलने के बाद बहुत खुशी हुई। अब मिस इंडिया 2017 का ताज जीतने के लिए खूब मेहनत कर रही हूं। मॉडलिंग में नाम कमाना चाहती हूं। मेरे परिजन खुले विचारों के हैं। वह खुशकिस्मत है कि उन्हें एफबीबी 'मिस इंडिया-2017' के फाइनल तक पहुंचने का मौका मिला है। मिस इंडिया का ताज उन्हें वह नाम देगा, जिसमें वह अपनी मंजिल की ओर आसानी से बढ़ पाएंगी। वामिका 'मिस वर्ल्ड' प्रतियोगिता में भारत को रिप्रजेंट करना चाहती हैं। पिता मधुकर पांडे और मां निधि शुक्ला का इस उपलब्धि में बड़ा योगदान रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।