विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, फिर से सताने लगी गर्मी

By Preeti jhaEdited By:
Published: Mon, 08 May 2017 11:19 AM (IST)Updated: Mon, 08 May 2017 03:27 PM (IST)

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में आगामी 11 मई तक मौसम की अनिश्चितता बरकार रहेगी।

हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, फिर से सताने लगी गर्मी
हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, फिर से सताने लगी गर्मी

शिमला, [जागरण संवाददाता] । एक सप्ताह से मौसम की अनिश्चितता के बाद प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में जहां पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा था, वहीं शनिवार और रविवार को धूप खिलने के बाद ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम के इस बदले मिजाज से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में रविवार को दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि प्रदेश में दो दिन पूर्व हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी भी सुबह-शाम ठंड महसूस की जा रही है। लेकिन दिन के समय तेज धूप खिलने से तापमान में काफी अंतर आया है, जिसमें अभी और इजाफा होने के आसार हैं। हालांकि प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों हल्की बौछारें पड़ने के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं।

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में आगामी 11 मई तक मौसम की अनिश्चितता बरकार रहेगी। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश की बौछारें और अधिक ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। हालांकि धूप के समय तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और वातावरण में नमी की अधिकता के कारण उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। दिन के समय मौसम साफ रहने और धूप खिलने के कारण इस दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। जबकि न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं आया है, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान पांवटा व ऊना में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान केलंग में 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 यह भी पढ़ें: बैरियां और भलौण के जंगलों आग से वन संपदा राख


यह भी पढ़ें: साधन होते तो कर्मचारियों को बहुत कुछ देता : वीरभद्र