हरियाणा में इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल के पद पर नहीं होगी सीधी भर्ती
हरियाणा सरकार ने पुलिस भर्ती के नियमों में बदलाव किया गया है। अब हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल पद पर सीधी भर्ती नहीं होगी। ये पद प्रमोशन से भरे जाएंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस इंस्पेक्टर के पदों पर अब सीधी भर्ती नहीं होगी। पुलिस इंस्पेक्टर सभी पद प्रमोशन से भरे जाएंगे। इससे पूर्व इस पद पर 20 फीसद सीधी भर्ती के माध्यम से और बाकी प्रमोशन के आधार पर भर्ती होती थी। इसी तरह हेड कांस्टेबल के पद भी प्रमोशन से भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की मीटिंग में यह निर्णय लिया गया है। पुलिस विभाग में प्रमोशन के अवसर न होने के कारण कर्मचारियों में तनाव रहता था। अब इन नियमों में संशोधन होने से कर्मचारियों को प्रमोशन के बेहतर अवसर मिलेंगे।
सब इंस्पेक्टर के स्वीकृत पदों में 50 प्रतिशत सीधी भर्ती से और 50 प्रतिशत प्रमोशन से भरेंगे
सब-इंस्पेक्टर की भर्ती में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सब- इंस्पेक्टर के स्वीकृत पदों में से 50 प्रतिशत सीधी भर्ती से और 50 प्रतिशत प्रमोशन से ही भरे जाएंगे। इंस्पेक्टर की तर्ज पर एएसआइ के भी 100 प्रतिशत पद पहले ही प्रमोशन से भरे जाने का प्रावधान है। अब केवल कांस्टेबल पद पर सीधी भर्ती होगी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा कैबिनेट की बैठक में कई फैसले, गुरुग्राम के लिए GMDA का गठन
पुलिस भर्ती में दौड़ की दूरी भी घटाई गई
सरकार ने पुलिस भर्ती के लिए दौड़ की दूरी को भी घटाकर आधा कर दिया है। पहले पुरुष उम्मीदवारों के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ थी, जिसे 25 मिनट में कवर करना होता था। अब इसे घटाकर ढाई किलोमीटर किया गया है और यह 11 मिनट में पूरी करनी होगी। महिला कांस्टेबल के पदों के लिए निर्धारित ढाई किलोमीटर की दौड़ को कम कर एक किलोमीटर किया गया है। यह पांच मिनट में पूरी करनी होगी। भूतपूर्व सैनिकों को एक किलोमीटर की दौड़ चार मिनट में पूरी करनी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।