Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्‍तराखंड चुनाव: रैपिड सर्वे पर टिके भाजपा के टिकट

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Sun, 15 Jan 2017 07:05 AM (IST)

    उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 के लिए भाजपा के टिकटों का फैसला अब रैपिड सर्वे के नतीजों पर आकर टिक गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दावेदारों के पैनल सौंप दिए गए।

    उत्‍तराखंड चुनाव: रैपिड सर्वे पर टिके भाजपा के टिकट

    देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के टिकटों का फैसला अब रैपिड सर्वे के नतीजों पर आकर टिक गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दावेदारों के पैनल सौंप दिए गए। शाम चार बजे सभी सीटों के पैनल में शामिल नामों को उत्तराखंड में सक्रिय एक सर्वे एजेंसी को भेज दिया गया, जो अगले 48 घंटे में सभी सीटों पर सर्वे कर अपनी रिपोर्ट रविवार शाम तक भाजपा आलाकमान को सौंप देगी। सर्वे में प्रत्येक सीट पर जो दावेदार पहले स्थान पर रहेगा, उसी को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केवल पैनल के नाम सर्वे में शामिल

    भाजपा आलाकमान ने उत्तराखंड में विधानसभा प्रत्याशी चुनने के लिए 'न काहू से दोस्ती, न काहू से बैर', की नीति पर चलने का दिलचस्प कदम उठाया। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय की गई एक सर्वे एजेंसी को पहले ही उत्तराखंड भेज दिया गया और शुक्रवार शाम चार बजे उसे सभी सीटों के पैनल उपलब्ध करा दिए गए।

    इस एजेंसी को सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश चुनाव समिति द्वारा बनाए गए पैनल के नामों पर सर्वे करना है और 48 घंटे बाद, यानी रविवार शाम को पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट सौंपनी है कि किस सीट पर पैनल में शामिल कौन सा दावेदार अव्वल रहा। जो अव्वल होगा, पार्टी उसका नाम प्रत्याशी के रूप में घोषित कर देगी।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड चुनाव: पहले आप-पहले आप का पैंतरा

    कांग्रेस के बागियों को रियायत नहीं

    महत्वपूर्ण बात यह है कि सर्वे में उन सभी 10 विधानसभा सीटों के पैनल भी शामिल रहेंगे, जिन पर पिछले साल कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक भी दावेदार हैं। दरअसल, कहा यह जा रहा था कि इन सभी दस पूर्व कांग्रेसी विधायकों से पहले किए गए कमिटमेंट के मुताबिक इनके टिकट पक्के हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने 'जागरण' को बताया कि सर्वे सभी 70 सीटों के लिए किया जा रहा है, किसी सीट पर कोई रियायत नहीं दी गई है। भट्ट के मुताबिक रविवार, यानी 15 जनवरी शाम तक केंद्रीय नेतृत्व को सर्वे एजेंसी की रिपोर्ट मिल जाएगी और इसके बाद 17 जनवरी तक सभी नाम घोषित कर दिए जाने की संभावना है।

    यह भी पढ़ें:उत्तराखंड एसेंबली इलेक्शनः बिना अनुमति फेसबुक पर लाइव पड़ेगा भारी

    राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात

    शुक्रवार सुबह उत्तराखंड भाजपा के नेताओं ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की। इनमें भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज शामिल थे। दावेदारों के पैनल सौंपे जाने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सभी नेताओं से अलग-अलग फीडबैक लिया।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2017: 16 साल, 16 सवाल

    दावेदारों के पैनल में दो से लेकर पांच नाम तक हैं शामिल

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि दावेदारों के पैनल में दो से लेकर पांच नाम तक शामिल हैं। दो सीटों के लिए छह-छह व एक सीट के लिए पैनल में सात नाम तक रखे गए हैं। एक-दो सीटें ऐसी भी हैं, जहां पैनल में केवल एक ही नाम है।

    उत्तराखंंड चुनाव से संबंधित खबरों केे लिए यहां क्लिक करेंं