UP Assembly Election 2017: समाजवादी पार्टी की पहली सूची में ही कांग्रेस को झटका
समाजवादी पार्टी ने आज अपने 191 प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की है। इनमें नौ ऐसे भी क्षेत्र हैं, जहां पर कांग्रेस के विधायक हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन के मामले में राष्ट्रीय लोकदल के बाद अब कांग्रेस को भी झटका देने की तैयारी में है। समाजवादी पार्टी ने आज अपने 191 प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की है। इनमें नौ ऐसे भी क्षेत्र हैं, जहां पर कांग्रेस के विधायक हैं। समाजवादी पार्टी की पहली सूची जारी होने के बाद लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के साथ प्रदेश के प्रभारी तथा रणनीति कार प्रशांत किशोर बैठक कर रहे हैं।
माना जा रहा है जब समाजवादी पार्टी उन सीटों को ही नहीं छोड़ रही है जहां से काग्रेस के विधायक हैं तो फिर आगे की बात कैसे तय होगी। सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी की पहली सूची से ही कांग्रेस को झटका लगा है।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2017: समाजवादी पार्टी की पहली सूची में 191 नाम, शिवपाल व गोप को टिकट
समाजवादी पार्टी की पहली अधिकृत सूची में कांग्रेस विधायकों की सीटों पर भी उम्मीदवार उतार कर गठबंधन की कोशिशों को तगड़ा झटका दिया है।
समाजवादी पार्टी ने हापुड़ के साथ ही बुलंदशहर, रामपुर के स्वार की तथा कानपुर के किदवई नगर से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इन सभी जगह पर कांग्रेस के विधायक हैं। हापुड़ से गजराज सिंह, बुलंदशहर से दिलनवाज खां, कानपुर के किदवईनगर से अजय कपूर तथा रामरुर के स्वार से नवाज काजिम कांग्रेस के विधायक हैं। सपा ने कांग्रेस की जिन जीती सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। उनमें शामली, स्याना, खुर्जा, मथुरा, देवबंद और बिलासपुर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: धोखा देना समाजवादी पार्टी व अखिलेश यादव की फितरत : रालोद
दिलचस्प बात है कि देवबंद से कांग्रेस के विधायक माविया अली को सपा ने इस बार टिकट दिया है। 2016 के ही उपचुनाव में कांग्रेस से लड़ते हुए माविया अली ने देवबंद सपा की मीना देवी को हराकर जीत दर्ज की थी। सीट सपा की ही हुआ करती थी, लेकिन करीबी मुकाबले में माविया अली ने 3400 वोट ज्यादा हासिल किए। वहीं मथुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रदीप माथुर विधायक थे, यहां से अखिलेश ने अशोक अग्रवाल को टिकट दिया है। हापुड़ से गजराज सिंह विधायक थे, यहां सपा ने तेजपाल को टिकट दिया है। इसी तरह बुलंदशहर से कांग्रेस के दिलनवाज खान विधायक थे, सपा ने इस सीट से सुजात आलम को मैदान में उतारा है। रामपुर की स्वार सीट से नवाज कजिम अली कांग्रेस विधायक थे, यहां से सपा ने आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को टिकट दिया है। यही नहीं सपा ने अपने कुछ मुस्लिम विधायकों को भी टिकट नहीं दिया है। इनमें पटियाली, कोल, नौगावां सादत शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: UP Assembly Election :विवादरहित सीटों पर समाजवादी पार्टी ने बांटे फार्म ए व बी
आज पार्टी के प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी अब कांग्रेस को 2012 में जीती और रनरअप वाली ही सीटें दे सकती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस 28 सीटों पर जीतने के अलावा 31 पर दूसरे स्थान पर रही थी। सपा 224 पर जीतने के साथ ही 77 पर रनरअप रही थी। नंदा ने कहा कि वैसे बातचीत से कांग्रेस को 85 सीटें तक दी जा सकती है।
नंदा ने कहा कि गठबंधन के लिए हमारी राष्ट्रीय लोकदल से तो कभी बात ही नहीं हुई था, कांग्रेस से गठबंधन की बात चल रही है। अभी तक कांग्रेस से पॉजिटिव जवाब नहीं आया।
यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव 2017: सपा प्रत्याशियों की सूची तैयार, घोषणा शीघ्र
उन्होंने कहा कि अमेठी की सीट समाजवादी पार्टी के पास ही रहेगी। सिटिंग एमएलए की सीट पर कांग्रेस ने क्लेम नहीं किया है। नंदा ने कहा जहां कांग्रेस जीतेगी वहां से उसका प्रत्याशी होगा। जहां पर हम चौथे नम्बर पर हैं, वहां ही कांग्रेस रहेगी। कांग्रेस को तो सिर्फ 54 सीटें मिलनी चाहिए। इसके बाद भी हम कांग्रेस को 84-85 सीट दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले, दूसरे व तीसरे चरण की 209 में से हमने 191 पर प्रत्याशी घोषित किया है। पहले, दूसरे व तीसरे चरण के लिए हमने कांग्रेस के लिए 18 सीटे छोड़ी हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।