Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    कार सहित जलने का मामला : छह बजकर पांच मिनट पर कार में दूसरा शख्स कौन?

    By Skand ShuklaEdited By:
    Updated: Mon, 20 May 2019 07:04 PM (IST)

    न मुकदमा न मरने वाली की शिनाख्त। सर्विलांस व सीसीटीवी कैमरों के सहारे पुलिस की जांच चल रही है। सलड़ी के पास राख हो चुकी कार में नर कंकाल मिलने की गुत ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    कार सहित जलने का मामला : छह बजकर पांच मिनट पर कार में दूसरा शख्स कौन?

    हल्द्वानी, जेएनएन : न मुकदमा, न मरने वाली की शिनाख्त। सर्विलांस व सीसीटीवी कैमरों के सहारे पुलिस की जांच चल रही है। सलड़ी के पास राख हो चुकी कार में नर कंकाल मिलने की गुत्थी ने पुलिस को अब तक उलझा रखा है। फुटेज खंगाल रही पुलिस को नारीमन चौक के पास कारोबारी अवतार सिंह की कार की धुंधली फुटेज दिखी। जिसमें एक अंजान चेहरा भी नजर आ रहा है। पुलिस उसे तलाश रही है। हालांकि कार का नंबर व चेहरे दोनों साफ नहीं होने से पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही। सलड़ी के पास बीते गुरुवार की रात आठ बजे एक लग्जरी कार धू-धू कर राख हो गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद जब बगल की सीट पर झांका तो नर कंकाल मिलने पर उनके होश उड़ गए।

    रात में पुलिस तस्दीक नहीं कर सकी कि मरने वाला पुरुष था या महिला। अगले दिन इंश्योरेंस के एक कागज से पता चला कि कार रुद्रपुर निवासी अवतार सिंह पुत्र गुलजार सिंह की थी। पत्नी नीलम ने बताया कि अवतार के साथ वह चेकअप के लिए हल्द्वानी आई थी। जिसके बाद अवतार उसे छोड़ पहाड़ की ओर निकल गए। वहीं, पुलिस को अब काठगोदाम नारीमन चौराहे के पास एक सीसीटीवी फुटेज दिखी है। फुटेज में अवतार के मॉडल की कार दिख रही है। आगे एक शख्स और बैठा है, लेकिन फोटो धुंधली होने की वजह से पुलिस ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंची। हालांकि पुलिस का शक इस वजह से बढ़ रहा है क्योंकि नीलम ने बताया था कि 5.45 मिनट पर अवतार कार लेकर कालूसिद्ध तिराहे के पास से निकले। वहीं, नारीमन चौराहे की फुटेज 6 बजकर पांच मिनट की है। टाइमिंग व दूरी के हिसाब से कार अवतार की होने की फिलहाल संभावना है। लिहाजा, पुलिस आसपास के सीसीटीवी ओर खंगाल रही है।

    डीएनए जांच को कोर्ट की अनुमति

    नर कंकाल किस का था, पुलिस इस बात का पता लगाने के लिए डीएनए जांच का सहारा लेगी। अवतार सिंह की मां के साथ नर कंकाल का डीएनए मिलान होगा। हालांकि इस प्रक्रिया के लिए कोर्ट की अनुमति लेनी होगी। भीमताल पुलिस सोमवार को कोर्ट में इस बाबत प्रार्थना पत्र देगी।

    भीमताल के एरिया में काठगोदाम पुलिस की गश्त

    सलड़ी के पास हुई घटना के बाद पुलिस भी एक्टिव हो चुकी है। अब रात में इस एरिया में पुलिस की टीम गश्त करेगी। सलड़ी तक काठगोदाम थाना पुलिस पेट्रोलिंग करेगी। जबकि यह एरिया व कांड होने वाली जगह भीमताल थाना क्षेत्र में है। रात आठ से सुबह पांच बजे तक टीम यहां पेट्रोलिंग करेगी।

    नीलम को जहां छोड़ा, वहां के सीसीटीवी बंद

    पुलिस ने रविवार को भी नैनीताल रोड समेत अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। पूछताछ में नीलम ने पुलिस को बताया था कि अवतार जब पहाड़ जाने की बात कहकर निकले, उससे पहले कालूसिद्ध मंदिर तिराहे के पास उसे छोड़कर गए थे। जिसके बाद पुलिस उस एरिया के कैमरे खंगालने पहुंची। पता चला कि उस समय बिजली गुल होने की वजह से सीसीटीवी काम नहीं कर रहे थे। इस एरिया के सीसीटीवी पुलिस को एक अहम सुराग दे सकते थे, पर पुलिस के हाथ मायूसी लगी। 

    यह भी पढ़ें : दुस्साहस : जेल से आने के बाद चोर ने फिर से कर डाली चोरी

    यह भी पढ़ें : नैनीताल में पकड़ा गया दिल्ली का वाहन चोर गिरोह

    लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप