आइआइटी प्रोफेसर की बहन से डॉक्टर ने घर में घुसकर की छेड़छाड़
आइआइटी प्रोफेसर के घर में घुसकर एक डॉक्टर ने उनकी बहन से छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर आरोपित वहां से फरार हो गया।
रुड़की, [जेएनएन]: आइआइटी आवासीय परिसर स्थित प्रोफेसर के घर में घुसकर एक डॉक्टर ने प्रोफेसर की बहन (डॉक्टर) से छेड़छाड़ कर दी। आरोपित डॉक्टर करीब छह माह से महिला डॉक्टर को परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर वह अपने भाई के घर आई थी। लोगों के पीछा करने पर आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित डॉक्टर पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
दरअसल, झारखंड के रांची शहर निवासी एक युवती दो साल पहले एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद एक मेडिकल कॉलेज में एमडी की पढ़ाई कर रही थी। इसी कॉलेज में रांची निवासी धीरेंद्र प्रसाद ने भी इसी साल एमडी की पढाई में दाखिला लिया था। धीरेंद्र प्रताप ने अपनी सीनियर डॉक्टर से बातचीत शुरू कर दी। इनके बीच कुछ दिन तक अच्छी बातचीत रही।
करीब छह माह पहले महिला डॉक्टर ने उससे बात करना बंद कर दिया। इसके बाद से उसने महिला डॉक्टर को फोन और मैसेज कर परेशान करना शुरू कर दिया। इससे तंग आकर चार माह पहले महिला डॉक्टर ने रांची पुलिस से उसकी शिकायत की थी। पुलिस की फटकार के बाद उसने माफी मांगते हुए मामला निपटा दिया था, लेकिन इसके बाद फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। इस बीच परिजनों ने महिला डॉक्टर का कहीं रिश्ता तय कर दिया। यह बात पता चलने पर धीरेंद्र शादी तोड़ने का दबाव डालने लगा। इससे परेशान होकर महिला डॉक्टर तीन माह पहले आइआइटी रुड़की में प्रोफेसर के पद पर तैनात अपने भाई के पास आ गई। इसके बावजूद वह महिला डॉक्टर और उसके परिजनों को फोन कर परेशान करने लगा।
आरोपित ने मंगलवार को रुड़की के एक होटल में कमरा लिया। इसके बाद से ही वह आइआइटी परिसर स्थित प्रोफेसर के आवास के चक्कर काटने लगा। बुधवार शाम को मौका मिलते ही आरोपित प्रोफेसर घर के अंदर घुस गया और महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर प्रोफेसर की पत्नी और पड़ोस के लोग मौके पर आए तो आरोपित वहां से फरार हो गया। प्रोफेसर की पत्नी ने घटना की तहरीर सिविललाइंस पुलिस को दी।
एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने धीरेंद्र प्रताप निवासी रांची झारखंड के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।