विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Coronavirus Vaccine: इंतजार हुआ खत्म, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन शनिवार से हो रहा शुरू

By Sumit KumarEdited By:
Published: Fri, 15 Jan 2021 07:09 PM (GMT+05:30)

आखिर वह घड़ी आ ही गई है जिसका इंतजार पिछले दस माह से किया जा रहा था। नोवल कोरोना वायरस ...और पढ़ें

नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए देश-प्रदेश में शनिवार से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हो रही है।
नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए देश-प्रदेश में शनिवार से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हो रही है।

Coronavirus Vaccine: जागरण संवाददाता, देहरादून: आखिर वह घड़ी आ ही गई है जिसका इंतजार पिछले दस माह से किया जा रहा था। नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाव के लिए देश-प्रदेश में शनिवार से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हो रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह साढ़े 10 बजे इस महाअभियान की शुरूआत करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड में भी टीकाकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन 34 स्थानों (बूथों) पर स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे। इनमें 32 सरकारी चिकित्सा संस्थान व दो निजी चिकित्सा संस्थान शामिल हैं। हर बूथ पर सौ व्यक्तियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक व टीकाकरण अभियान की राज्य नोडल अधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी 13 जनपदों में कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा। देहरादून जनपद में पांच, हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर में चार-चार, नैनीताल में तीन व अन्य जनपदों में दो-दो बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए जो 32 सरकारी चिकित्सा इकाईयां चिन्हित की गई हैं। इनमें एम्स ऋषिकेश व ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज भी शामिल है। जबकि निजी चिकित्सा इकाईयों में हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट व एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग से दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय व हल्द्वानी मेडिकल कालेज में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से भी बात करेंगे। प्रत्येक बूथ पर 100-100 हेल्थ वर्कर को टीका लगाया जाएगा। यानी पहले दिन राज्य में 3400 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Coronavirus Vaccine: कोविड-19 वैक्सीन की पहली खेप पहुंची उत्तराखंड, 16 से होगा टीकाकरण

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती ने बताया कि सभी जिलों में वैक्सीन सुरक्षित पहुंच गई है। शनिवार सुबह को सभी स्थानों पर वैक्सीन टीकाकरण के लिए निर्धारित कोल्ड चेन प्रणाली के अंतर्गत उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही टीकाकरण का कार्य करें। सभी बूथ पर कोविड की गाइडलाइन का पालन भी सुनिश्चित किया जाए। सभी जनपदों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि आपूर्ति की गई वैक्सीन की पहली डोज देने के दौरान इस बात को भी सुनिश्चित किया जाए कि पचास प्रतिशत वैक्सीन दूसरी डोज के लिए भी सुरक्षित रखनी है। 

यह भी पढ़ें- Coronavirus Vaccination: उत्तराखंड को मिलेगी वैक्सीन की एक लाख 13 हजार डोज, विशेष विमान से दून तक पहुंचेगी वैक्सीन