विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एसी चोरी कर ओएलएक्स में बेचने वाले दो शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े

By BhanuEdited By:
Published: Tue, 30 Oct 2018 12:15 PM (IST)

वोल्टाज कंपनी के डीलर के गोदाम से एसी चोरी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही ...और पढ़ें

एसी चोरी कर ओएलएक्स में बेचने वाले दो शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े
एसी चोरी कर ओएलएक्स में बेचने वाले दो शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े

देहरादून, [जेएनएन]: वोल्टाज कंपनी के डीलर के गोदाम से एसी चोरी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए छह एसी भी बरामद कर लिए हैं। इनमें से एक आरोपित पूर्व में डीलर के यहां एसी ठीक करने का काम करता था, जबकि दूसरा वर्तमान में डीलर का कर्मचारी है। एसी आरोपितों ने मई-जून में चोरी कर ओएलक्स पर बेच दिए थे। 

जानकारी के मुताबिक जमनवीर सिंह निवासी गोविंद नगर रेसकोर्स वोल्टॉज एसी का डीलर है और उनका चंदर नगर में गोदाम है। बताया जा रहा है कि मई-जून में उनके गोदाम से छह एसी चोरी हो गए थे। हाल ही में ओएलक्स पर उन्होंने एसी बेचने का एड देखा था। 

जब उन्होंने उसका सीरियल नंबर चेक किया तो पता चला कि सीरियल नंबर का एसी उनके गोदाम में रखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने गोदाम चेक कराया तो वहां से छह एसी गायब मिले। इसके बाद जमनवीर ने कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसी चोरों की तलाश शुरू कर दी। 

ओएलक्स पर दिए गए नंबर को ट्रेस कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मंगे सिंह निवासी चंदर नगर व शादाब अली मुस्लिम कॉलोनी के रूप में हुई। चौकी इंचार्ज लक्खीबाग प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि इनमें से एक मंगे सिंह अभी डीलर के यहां काम करता है, जबकि शादाब पूर्व में उनके साथ एसी रिपेयरिंग का काम करता था।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने कंपनी का डिफेक्टिव माल होने का झांसा देकर ओएलएक्स पर यह एसी बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सभी एसी बरामद कर लिए हैं।

सामान से भरा बैग चोरी करने वाला गिरफ्तार

डालनवाला पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके हवाले से चोरी किए सामान से भरा बैग बरामद किया है। आरोपित ने जुलाई में परेड ग्राउंड के पास स्कूटी से यह बैग चोरी किया था। 

इंस्पेक्टर डालनवाला राजीव रौथाण ने बताया कि जुलाई में स्पीड एयर कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म के कुछ कर्मचारी बीजेपी महानगर कार्यालय के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य कर रहे थे। 

इस दौरान वहां ऑप्टिकल फाइबर का कार्य भी होना था। इसके लिए फर्म द्वारा कर्मचारियों को ऑप्टिकल फाइबर मशीन एवं फाइबर फॉल्ट मशीन दी गई थी। जिसको कर्मचारियों ने बीजेपी कार्यालय के पास स्कूटी पर रखा गया था। इसी दौरान स्कूटी से किसी ने बैग चुरा लिया। 

शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर ने सूचना दी कि एक संदिग्ध व्यक्ति कान्वेंट रोड पर खड़ा है। उसके पास चोरी किया गया काले रंग का बैग है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। 

आरोपित की पहचान जैकी पुत्र प्रकाश निवासी रसूलपुर कंकर खता हरिद्वार के रूप में हुई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें चोरी किया गया सामान बरामद हो गया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें: चोरी के टीवी के साथ पुलिस ने दो शातिर को किया गिरफ्तार

यह भी पढ़ें: पल्सर बाइक चोर गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, आरोपितों में बीटेक का छात्र भी

यह भी पढ़ें: दिनदहाड़े शिक्षिका के घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर व नकदी चोरी