Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घोटाले में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के खिलाफ होगी समान कार्रवाई Dehradun News

    दूून शहर में मोहल्ला स्वच्छता समितियों में कर्मचारियों की नियुक्ति में हेराफेरी कर नगर निगम का बजट हजम करने वाले भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के समान रूप से कार्रवाई होगी।

    By BhanuEdited By: Updated: Wed, 08 Jan 2020 12:11 PM (IST)
    घोटाले में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के खिलाफ होगी समान कार्रवाई Dehradun News

    देहरादून, जेएनएन। दून शहर में मोहल्ला स्वच्छता समितियों में कर्मचारियों की नियुक्ति में हेराफेरी कर नगर निगम का बजट हजम करने वाले पार्षदों को महापौर सुनील उनियाल गामा एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने सख्त चेतावनी दी है। निगम की बोर्ड बैठक से पूर्व बुलाई भाजपा पार्षदों की बैठक में दोनों ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा पार्षद किसी भी गलतफहमी में न रहें। पार्षद भाजपा का हो या कांग्रेस, अगर गड़बड़ी मिली तो उस पर कार्रवाई निश्चित होगी। जो रकम हड़पी पकड़ी गई, उसकी रिकवरी पार्षद से ही की जाएगी। महापौर ने कहा कि वे सरकार की जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करेंगे। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छह माह पूर्व रखी गईं मोहल्ला स्वच्छता समिति में सभी सौ वार्डों के पार्षदों ने 635 सफाई कर्मचारी नियुक्त करना बताया हुआ है। इनके नाम पर नगर निगम से प्रति माह 50 लाख 80 हजार रुपये वेतन जारी होता है, जबकि धरातल पर कर्मियों का आंकड़ा बेहद कम है। इनका रिकार्ड पार्षदों के पास ही है और उन्होंने निगम को नहीं सौंपा है। 

    अब मामला खुलने पर निगम प्रशासन द्वारा सभी पार्षदों से कर्मियों की संख्या, नाम व उनके पहचान पत्र मांगें हैं। साथ ही पिछले छह माह में दिए गए वेतन की जानकारी भी मांगी गई है। भाजपा पार्षद इस गलतफहमी में थे कि अपनी सत्ता में उनका कुछ बिगड़ नहीं पाएगा, लेकिन पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि जीरो-टॉलरेंस में किसी का भ्रष्टाचार बख्शा नहीं जाएगा। 

    महानगर अध्यक्ष भट्ट ने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसलिए सभी पार्षद निगम हित में सहयोग करें। महापौर ने बताया कि जो पार्षद अच्छा काम कर रहे, उनके वार्ड में अतिरिक्त बजट दिया जाएगा और जिनका काम संतोषजनक नहीं, वहां दूसरे विकल्पों पर विचार किया जाएगा। 

    लोग भी कर सकते हैं शिकायत

    स्वच्छता समिति में गड़बड़ी पर महापौर ने स्पष्ट कहा कि जिस वार्ड में कर्मचारी नहीं दिख रहे, वहां के लोग निगम आकर उनसे सीधे शिकायत कर सकते हैं। शिकायतों पर निगम टीम भौतिक सत्यापन कर वार्डों की जांच करेगी। 

    विकास कार्यों के प्रस्ताव पर चर्चा

    बैठक में वर्ष 2020 में शहर में होने जा रहे विकास कार्यों पर चर्चा हुई। निगम की ओर से 100 बेड का अस्पताल, अस्पतालों के कचरे के निस्तारण के लिए नगर निगम का बॉयो मेडिकल वेस्ट, दस बारातघर और सौ वार्डों में ओपन जिम लगाने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में लाया जा रहा। 

    निगम ने शहर में स्मार्ट वेंडिंग जोन और डेकोरेटिव लाइटें लगाने के प्रस्ताव भी बनाए हैं। प्रस्तावों पर पार्षदों से सुझाव मांगें गए। निगम की बोर्ड बैठक नौ व दस जनवरी को होनी है। इसमें पहले दिन कार्यकारिणी के चुनाव और दूसरे दिन विकास कार्यों पर फैसले होंगे। 

    कार्यकारिणी में सातों विधायकों के चहेतों को मिलेगी जगह

    नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्य पदों पर गुरूवार को होने वाली बोर्ड बैठक में होने जा रहे चुनाव में शहर के सभी सात विधायकों के चहेतों को जगह मिलेगी। इस संबंध में महापौर गामा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में जिले की सात विधानसभा सीटें हैं। 

    कार्यकारिणी में सभी विधायक की ओर से एक-एक पार्षद का नाम बतौर सदस्य भेजा जाएगा। वहीं, एक सदस्य का नाम नामित विधायक द्वारा तय किया जाएगा। महापौर और भाजपा महानगर अध्यक्ष भी एक-एक सदस्य का नाम तय करेंगे। शेष दो पद को कांग्रेसी पार्षदों के लिए रिक्त रखा जाएगा। 

    यह भी पढ़ें: बजट में हेराफेरी करने वाले पार्षदों से होगी रिकवरी Dehradun News

    गैर-हाजिर पार्षदों को नोटिस

    भाजपा पार्षद दल की बैठक में 16 पार्षद गैर-हाजिर रहे। इन सभी को पार्टी की ओर से नोटिस भेजा जा रहा है। महापौर गामा ने बताया कि गैर-हाजिर पार्षदों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बता दें कि, निगम में भाजपा के 67 पार्षद हैं और बैठक में 51 पार्षद मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें: सफाई कर्मियों की नियुक्ति में घोटाले पर महापौर ने पार्षदों से मांगा पूरा रिकार्ड