अब थराली के मैदान में भाजपा और कांग्रेस जंग को तैयार
थराली विधानसभा सीट के उप चुनाव में भाजपा के लिए सीट को बचाने की चुनौती रहेगी, वहीं कांग्रेस पिछले चुनाव में मिली करारी शिकस्त के झटके से उबरने की कोशिश करेगी।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: चमोली जिले की थराली विधानसभा सीट के उप चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही भाजपा और कांग्रेस मोर्चे पर जम गए हैं। जिस तरह के आसार हैं, इस बात की संभावना अब काफी ज्यादा है कि राज्य में नगर निकाय चुनावों से पहले ही सूबे में व्यापक जनाधार रखने वाली ये दोनों पार्टियां थराली की जंग में जोर आजमाइश करती दिखेंगी।
भाजपा के समक्ष अपनी सीट को बचाने की चुनौती रहेगी तो कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के झटके से इस उप चुनाव के जरिये उबरने की कोशिश करेगी। दिलचस्प बात यह कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही केंद्र व प्रदेश सरकारों के अब तक के कार्यकाल को मुद्दा बनाकर मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया था। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 57 विधायकों के साथ पहुंची तो कांग्रेस महज 11 सीटों तक ही सिमट कर रह गई। मैदानी क्षेत्र में ठीकठाक पकड़ रखने वाली बसपा और सपा तो खाता भी नहीं खोल पाए।
अलबत्ता, दो निर्दलीय भी चुनकर विधानसभा पहुंचे। चमोली जिले की अनुसूचित जाति आरक्षित सीट पर भाजपा के मगनलाल शाह जीते लेकिन कुछ समय पहले उनका निधन हो गया। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को ही इस रिक्त सीट के उप चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की। यहां 28 मई को मतदान होगा।
राज्य की चौथी निर्वाचित विधानसभा में यह पहला उप चुनाव है, लिहाजा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के समक्ष इस सीट पर फिर काबिज होने की बड़ी चुनौती है। पहले माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में पहली बार भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने होंगे लेकिन अब यह लगभग तय है कि थराली विधानसभा सीट का उपचुनाव पहले होगा।
यानी थराली की चुनावी जंग के नतीजे से यह काफी कुछ साफ हो जाएगा कि जनमत पर पकड़ किसकी ज्यादा मजबूत है। जहां तक प्रत्याशियों का सवाल है, कांग्रेस पूर्व विधायक प्रो. जीतराम पर ही दांव खेलने जा रही है, जबकि भाजपा ने अभी प्रत्याशी का नाम खोला नहीं है।
केंद्रीय स्तर से होगी प्रत्याशी की घोषणा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के मुताबिक थराली उप चुनाव के लिए पार्टी ने बूथों की संरचना कर दी है। विधायक महेंद्र भट्ट को थराली की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। जहां तक प्रत्याशी का सवाल है, चुनाव समिति की बैठक के बाद नाम अनुमोदन के लिए भेज दिया जाएगा और इसकी घोषणा केंद्रीय स्तर से होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर जनता के समक्ष जाएगी। दोनों जगह भाजपा की ही सरकारों का असर विकास के रूप में साफ दिख रहा है और हमें पूरा विश्वास है कि जनता इस पर मुहर लगाएगी।
उपचुनाव को पूरी तरह तैयार कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के मुताबिक कांग्रेस उप चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रत्याशी के रूप में पार्टी पूर्व विधायक प्रो. जीतराम के नाम का औपचारिक एलान जल्द कर देगी। कांग्रेस केंद्र सरकार के चार साल और राज्य सरकार के एक साल के विफल कार्यकाल को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज आलम यह है कि जनता महंगाई से लेकर जीएसटी तक से परेशान है। राज्य में शराब व खनन माफिया हावी हैं। थराली में भाजपा पानी की तरह पैसा बहा रही है। थराली का उपचुनाव एक तरह से धनशक्ति बनाम जनशक्ति का चुनाव होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।