Prayagraj Weather Forecast : कोहरा नदारद, गलन ने पसारा पांव, संगम नगरी में 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री हो सकता है
Prayagraj Weather Forecast प्रयागराज में कोहरा नदारद रहने के बावजूद गलन बरकरार है, जिससे लोगों को ठंड का अहसास हो ...और पढ़ें

Prayagraj Weather Forecast : संगम नगरी में गुरुवार को धूप खिली तो सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई है, हालांकि गलन बरकरार है। जागरण
HighLights
खिली धूप ने लोगों को दी ठंड से कुछ राहत, एक्यूआइ भी बढ़ा
न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस किया गया रिकार्ड
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Prayagraj Weather Forecast संगमनगरी में गुरुवार को कोहरा भले ही नदारद रहा लेकिन गलन ने पूरे दिन लोगों को बेहाल किए रखा। सुबह से ही सर्द हवा के बीच ठिठुरन महसूस की गई। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे रहा। ठंड की यह तल्खी दिन चढ़ने के साथ भी कम नहीं हुई। हालांकि दोपहर में हल्की धूप ने कुछ देर के लिए राहत का अहसास कराया।
सबह-शाम गलन और बढ़ेगी
Prayagraj Weather Forecast मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और तेज होने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि रविवार तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है और इसके छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इससे सुबह-शाम की गलन और बढ़ेगी। सर्दी के इस बढ़ते असर से खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
5 जनवरी के बाद अधिकतम तापमान तेजी से गिरेगा
Prayagraj Weather Forecast मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि पांच जनवरी के बाद दिन के तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में जहां दिन का तापमान अपेक्षाकृत सहनीय बना हुआ है, वहीं आने वाले दिनों में इसके 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है। ऐसे में दिन में भी ठिठुरन का एहसास बढ़ेगा।
शाम ढलते ही कोहरा छाने का अनुमान
Prayagraj Weather Forecast मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक शाम ढलते ही घना कोहरा पड़ने की आशंका है। इससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। ठंड के बढ़ते प्रकोप के बीच शहर के चौराहों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर अलाव जलते नजर आए। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे और सुबह-शाम चाय व गर्म पेय की दुकानों पर भीड़ बढ़ी रही।
प्रदूषण की भी मार, 400 पार पहुंचा एक्यूआइ
नए साल के पहले ही दिन संगमनगरी को दोहरी मार झेलनी पड़ी। एक ओर भीषण गलन ने जनजीवन को ठिठुरा दिया तो दूसरी ओर खतरनाक स्तर तक पहुंचा वायु प्रदूषण लोगों की सेहत पर भारी पड़ता नजर आया। शाम करीब छह बजे प्रयागराज का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 416 दर्ज किया गया, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। रियल-टाइम आंकड़ों के अनुसार पीएम-10 का स्तर 369 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 2.5 का स्तर 279 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रिकार्ड किया गया। यह मात्रा निर्धारित सुरक्षित मानकों से कई गुना अधिक है।
वायु प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
प्रदूषण के इस स्तर का सीधा असर लोगों की सांस और आंखों पर पड़ता दिखाई दिया। कई इलाकों में लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में हवा की गति कम होने और तापमान गिरने से प्रदूषक कण वातावरण में ही फंसे रहते हैं, जिससे एक्यूआइ तेजी से बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।
