प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर युवक की चाकू मारकर हत्या, सिर भी कूंचा, नववर्ष की पार्टी मनाने गया था, रंजिश में वारदात?
प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर नववर्ष के पहले दिन एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सिर को पत्थरों से ...और पढ़ें

कौशांबी-प्रयागराज सीमा पर स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हत्या करके युवक का चकमार्ग पर फेंका गया मिला, गमगीन स्वजन व ग्रामीण महिलाएं। जागरण
HighLights
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असरावल गांव के दिलदारगंज मजरे की घटना
दोस्तों के बारे में पता लगा रही पुलिस, कई लोगों को हिरासत में लिया गया
पत्नी की शिकायत पर पति से पूर्व में झगड़ा करने वाला पुलिस हिरासत में
जागरण संवाददाता, कौशांबी/प्रयागराज। दिलदारगंज असरावल कला गांव के समीप बुधवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसके सिर पर ईंट-पत्थर से भी प्रहार किया गया था। गुरुवार सुबह उसकी लाश उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सड़क किनारे खेत में मिली।
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया
वह बुधवार शाम नये वर्ष की पार्टी मनाने दोस्तों के पास गया था। एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस आशनाई व पार्टी के दौरान हुए विवाद में हत्या होने की आशंका जता रही है।
वाहन चालक था धर्मेंद्र
एयरपोर्ट थानांतर्गत दिलदारगंज असरावल कला गांव निवासी 34 वर्षीय धर्मेंद्र सोनकर उर्फ धनेश पुत्र स्वर्गीय जुगन ईंट-भट्ठे पर वाहन चलाने का काम करता था। बुधवार सुबह वह ईंट-भट्ठे पर गया। शाम को घर आया। कुछ देर बाद घरवालों से यह कहते हुए निकला कि नये वर्ष पर दोस्तों के साथ पार्टी मनाने जा रहा हूं। देर रात तक वापस घर न लौटने पर स्वजन परेशान हो गए।
खून से लथपथ मिली लाश
उसके मोबाइल पर फोन लगाया गया, लेकिन वह बंद मिला। गांव में उसकी हर संभावित जगहों पर तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण खेत की तरफ जाने लगे तो उन्होंने सड़क किनारे एक युवक की खून से लथपथ लाश देखी। वह पास गए तो शव धर्मेंद्र सोनकर का था। पलभर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सिर पर ईंट-पत्थर से वार, पेट व गर्दन में चाकू के निशान
खबर पाकर मृतक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। धर्मेंद्र के सिर पर ईंट-पत्थर से वार किया गया था। गर्दन व पेट में चाकू मारा गया था। कुछ ही देर में एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मृतक के घरवालों से पूछा गया, लेकिन वह यह नहीं बता सके कि धर्मेंद्र किन दोस्तों के साथ नये वर्ष की पार्टी मनाने गया था।
पत्नी ने बताया- तीन माह पूर्व हुआ था विवाद
धर्मेंद्र की पत्नी पिंकी के मुताबिक तीन महीने पहले गांव के राहुल पुत्र फूलचंद्र से पति का विवाद हुआ था। उस दोरान राहुल ने उसे छह महीने के अंदर देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
क्या बोले एयरपोर्ट थाना प्रभारी
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धर्मेंद्र की दोस्ती किन-किन युवकों से थी, इसका पता लगाया जा रहा है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि आशनाई में हत्या की गई या फिर पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
