विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माघ मेला में नाविकों का हंगामा, धरना देकर लाइसेंस बनाने में अवैध वसूली का आरोप, मेला प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

By Jagran News Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 04 Jan 2026 06:05 PM (IST)

प्रयागराज माघ मेला में नाविकों ने लाइसेंस बनवाने में अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वीआईपी घाट के ...और पढ़ें

प्रयागराज माघ मेला में लाइसेंस शुल्क में अवैध वसूली का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन करते नाविक। जागरण

प्रयागराज माघ मेला में लाइसेंस शुल्क में अवैध वसूली का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन करते नाविक। जागरण 

HighLights

  1. सैकड़ों नाविकों को नाव के लाइसेंस लेने के लिए लगानी पड़ रही दौड़

  2. वीआइपी घाट के निकट लाइसेंस घर के सामने आंदोलन की चेतावनी दी

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला के दौरान यमुना में नाव चलाने को जारी होने वाले लाइसेंस के लिए अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप रविवार को नाविकों ने जमकर हंगामा काटा। वीआइपी घाट के पास बने लाइसेंस घर के सामने नाविकों ने धरना देकर जल पुलिस और मेला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

मेला प्रशासन स्टाफ, जल पुलिस के सिपाही वसूली कर रहे

नाविकों ने आरोप लगाया कि लाइसेंस देने के नाम पर मेला प्रशासन का स्टाफ और जल पुलिस के सिपाही पांच हजार रुपये वसूल रहे हैं। सामान्य दिनों में संगम के आस-पास के घाटों पर स्थानीय नाविक ही नावों का संचालन करते हैं। इनमें अरैल, झूंसी, दारागंज, कीडगंज, मुट्ठीगंज, बलुआघाट, सदियापुर, महेवा के नाविक शामिल होते हैं।

माघ मेला में आसपास के जिलों के नाविक भी आते हैं

माघ मेला के दौरान प्रयागराज के अलावा मीरजापुर, भदोही, कौशांबी के नाविक आ जाते हैं। माघ मेला में यमुना में नावों के संचालन के लिए लाइसेंस दिया जाता है। इस बार लाइसेंस जारी करने में गंभीर आरोप लगे हैं।

नाविकों का आरोप- कई दिनों से दौड़ाया जा रहा 

दरअसल, लाइसेंस के नाम पर वसूली की जा रही है। नाविकों का आरोप है कि लाइसेंस के लिए उन्हें 15 दिनों से दौड़ाया जा रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से पांच हजार रुपये की वसूली की जाने लगी है।जिन्होंने रुपये दिए, उनके लाइसेंस जारी कर दिए गए, जबकि जिनके आवेदन दो हफ्ते से जमा हैं, उनके लाइसेंस नहीं जारी किए जा रहे हैं।

रविवार को सब्र का टूटा बांध 

कई दिनों से हैरान-परेशान नाविकों का सब्र रविवार टूट गया। बड़ी संख्या में नाविकों ने लाइसेंस घर के सामने धरना दिया। इस दौरान जल पुलिस तथा मेला प्रशासन के स्टाफ के खिलाफ उनके सामने ही नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख मेला प्रशासन के स्टाफ वहां से चला गया।

जल पुलिस के निरीक्षक ने जांच व कार्रवाई की बात कही 

इस संबंध में जल पुलिस के निरीक्षक रवींद्र नाथ का कहना है कि नावों के लाइसेंस बनाने में वसूली की शिकायत बेहद गंभीर है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। आरोप सही मिला तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2026 : संगम की रेती पर माघ मेला शुरू पर व्यवस्था अभी भी अधूरी, शिविरों में बिजली और पानी का अभाव

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में अब 24 घंटे में स्ट्रीट लाइट ठीक होगी, आपको कंट्रोल रूम के इस नंबर पर करना होगा बस एक काल