इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति अमिताभ राय और राजीव लोचन शुक्ल ने ली शपथ, HC में CJ के अलावा न्यायाधीशों की संख्या हुई 86
इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति अमिताभ राय और राजीव लोचन शुक्ल ने मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के समक्ष पद की शपथ ली। इसके साथ ही मुख्य न्यायमूर्ति के अलावा हाई कोर्ट में न्यायमूर्तियों की संख्या 86 हो गई है जबकि स्वीकृत पद 160 हैं। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने 25 मार्च को इन नामों की सिफारिश की थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति पद को 26 नामों की संस्तुति की गई है।

प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट में नवनियुक्त न्यायमूर्तिद्वय अमिताभ राय और राजीव लोचन शुक्ल ने सोमवार सुबह यहां मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के न्याय कक्ष में पद की शपथ ली। इसके साथ ही एशिया के सबसे बड़े उच्च न्यायालय में न्यायमूर्तियों की संख्या मुख्य न्यायाधीश को छोड़ कर 86 हो गई है।
हालांकि अब भी इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायमूर्तियों के पद रिक्त हैं, क्योंकि कुल स्वीकृत पदों की संख्या 160 है। तीन वर्तमान न्यायमूर्तियों का स्थानांतरण भी हो गया है। उनके नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह संख्या 83 रहेगी।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में तेंदुआ का युवक पर हमला, हाथ में पंजा मारकर किया घायल, वन विभाग की टीम ने पकड़ने को बिछाया जाल
शपथ समारोह के कारण अदालतें 10.45 बजे बैठीं । समारोह में सभी न्यायमूर्तिगण,न्यायिक अधिकारी, स्वजन व अधिवक्ता मौजूद थे। समारोह का मार्बल हाल में सजीव प्रसारण भी किया गया। लखनऊ खंडपीठ में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता अमिताभ राय व इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव लोचन शुक्ल के नाम की सिफारिश इसी साल 25 मार्च को सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने की थी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति पद के लिए हाल ही में 26 नामों की संस्तुति और की गई है। इनमें 12 हाई कोर्ट के अधिवक्ता जबकि 14 उच्चतर न्यायिक सेवा के अधिकारी हैं। राजीव लोचन शुक्ला के बाबा महेश नारायण शुक्ला इलाहाबाद हाई कोर्ट में वर्ष 1983-85 में मुख्य न्यायमूर्ति रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।