मुरादाबाद में स्कूल को बना डाला तमंचे की फैक्ट्री, गैंगेस्टर की सवा तीन करोड़ की संपत्ति जब्त, यहां पढ़ें पूरा मामला
Moradabad Bhojpur Public School Illegal Weapon Factory ढिंढोरा पीटकर गैंगेस्टर की संपत्ति कुर्क होने की जानकारी प्रशासनिक अमले ने दी। कानूनी कार्रवाई में डिलारी थाना प्रभारी सतराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ लगी रही।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Bhojpur Public School Illegal Weapon Factory : लाकडाउन में स्कूल को तमंचे की फैक्ट्री बनाने वाले शिक्षा माफिया धर्मानंद भटनागर की सवा तीन करोड़ रुपये से अधिक की चल अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई। एसडीएम व सीओ ठाकुरद्वारा के निर्देशन में पुलिस ने डिलारी, मझोला व भोजपुर थाना क्षेत्र में कुर्की की कार्रवाई की। आपराधिक कृत्य से धन संचय करने के आरोपित माफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
भोजपुर थाना क्षेत्र में पीपलसाना गांव के मूल निवासी व महानगर के मझोला थाना क्षेत्र में लाइनपार प्रकाश नगर गली नंबर तीन के रहने वाला धर्मानंद भटनागर स्कूल चलाता है। अक्टूबर 2020 में डिलारी पुलिस को पता चला कि नाखूनका गांव स्थित आनंद पब्लिक स्कूल में तमंचे की फैक्ट्री चल रही है। स्कूल में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तमंचा व अवैध शस्त्र बरामद किए थे। पूछताछ में पता चला कि लॉकडाउन के दौरान बंद चल रहे स्कूल को तमंचे की फैक्ट्री के रूप में तब्दील कर दिया गया। स्कूल संचालक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। जनवरी महीने में पुलिस ने स्कूल संचालक को गैंगस्टर एक्ट के तहत पाबंद किया। प्रबंधक का अतीत खंगालने पर पता चला कि वह शिक्षा माफिया है। छात्रवृत्ति घोटाले के आरोप में महानगर के सिविल लाइंस थाने में उसके खिलाफ वर्ष 2016 में अभियोग पंजीकृत हुआ। इसके बाद ही धर्मानंद भटनागर प्रशासन की निगाह पर चढ़ गया। पुलिस ने धर्मानंद की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी की। 24 मार्च को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने धर्मानंद भटनागर की चल अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया। 10वें दिन उपजिलाधिकारी ठाकुरद्वारा व क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की।
कुर्क की गई संपत्ति का ब्योरा
1- कार - 9,04,446 रुपये - दिव्या भटनागर पत्नी धर्मानंद
2- आनंद पब्लिक स्कूल, डिलारी - 42,38,766 रुपये।
3- आदर्श इंटर कॉलेज, भोजपुर - 2,13,00,000 रुपये।
4- मकान, प्रकाश नगर लाइनपार, मझोला- 43,62,026 रुपये।
5- तीन मंजिल मकान पीपलसाना, भोजपुर- 14,50,000 रुपये।
6- दिव्या भटनागर के खाता सीज- 26,789 रुपये।
डिलारी पुलिस ने असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। छानबीन में पता चला कि अवैध फैक्ट्री का संचालक धर्मानंद भटनागर है। पंचायत चुनाव में अवैध असलहे का दुरुपयोग करने की तैयारी थी। धर्मानंद भटनागर का आपराधिक अतीत है। अवैध तरीके से धर्मानंद ने संपत्ति अर्जित की थी। इसकी पुष्टि के बाद ही कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गई।
अनूप कुमार, सीओ ठाकुरद्वारा
यह भी पढ़ें :-
Moradabad Coronavirus News : कटघर के एक परिवार के पांच लोगों समेत 53 मिले कोरोना संक्रमित
Panchayat Election 2021 : मुरादाबाद में बाहर से आने वाले बिना कोविड टेस्ट के नहीं कर सकेंगे मतदान