Meerut Rapid Rail: यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली लिफ्ट बंद, जांच टीम गठित, लेकिन कर्मियों की लापरवाही जारी
Meerut News मेरठ के रैपिड रेल साउथ स्टेशन पर रविवार शाम को लिफ्ट में 22 यात्री फंस गए थे। इनमें से आठ यात्री बेहोश हो गए थे। यात्रियों को करीब सवा घंटे तक लिफ्ट में रहना पड़ा। एनसीआरटीसी ने जांच समिति गठित की है जो लिफ्ट की खराबी और कर्मचारियों की लापरवाही की जांच करेगी। घटना के बाद लिफ्ट को बंद कर दिया गया है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। नमो भारत के मेरठ साउथ स्टेशन की उस लिफ्ट को कुछ समय तक के लिए बंद कर दिया गया है, जिसके रविवार शाम को खराब होने के बाद आठ लोग बेहोश हो गए थे। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने घटना की जांच के लिए टीम गठित की है। सोमवार को विभिन्न टीमों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर निरीक्षण के बाद लिफ्ट के विभिन्न हिस्सों को खोला गया। जांच पूरी होने तक संबंधित लिफ्ट को बंद रखा जाएगा। तब तक यात्री दूसरी लिफ्ट, एस्केलेटर व सीढ़ियों का प्रयोग करेंगे।
दूसरे दिन भी रहा लापरवाही का आलम
मेरठ साउथ स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों की लापरवाही का आलम दूसरे दिन भी ऐसा था कि लिफ्ट से नीचे आने वाले यात्रियों की संख्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। बता दें कि इस स्टेशन पर रविवार शाम सात बजे ग्राउंड से प्रथम तल पर जा रही लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई थी। लिफ्ट में उस समय क्षमता से अधिक 22 यात्री मौजूद थे। लिफ्ट के बीच में बंद होने के बाद यात्री अंदर से चिल्लाते रहे, लेकिन उनकी बाहर किसी ने कोई आवाज नहीं सुनी।
करीब सवा घंटे बाद यात्रियों को बाहर निकाला
करीब सवा घंटे बाद इंजीनियरों ने प्रयास करके लिफ्ट का दरवाजा खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला था। इस बीच लिफ्ट में यात्रियों के फंसे होने की सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी सीओ सौम्या अस्थाना परतापुर पुलिस के साथ एंबुलेंस को लेकर पहुंच गईं थीं। लिफ्ट से बाहर निकलते ही बच्चों व महिलाओं सहित आठ यात्री बेहोश हो गए थे। पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को तत्काल ओआरएस का घोल पिलाया तो सात यात्री सामान्य हो गए थे। संजीव कुशवाह के नाम के यात्री की तबीयत बिगड़ने पर उसे सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यह भी पढ़ें- कोई दरवाजा खोलो, सांस नहीं आ रही...मेरा भाई अंदर है, Rapid Rail के मेरठ साउथ स्टेशन की लिफ्ट से आ रही थी ऐसी आवाज
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि यहां पर ओटीआइएस कंपनी की लिफ्ट है। संबंधित कंपनी को पत्र भेजा गया है। वहीं जांच शुरू हो गई है। जांच पूरी होने तक लिफ्ट बंद कर दी गई है।
यात्रियों में नहीं दिखा कोई खौफ, दूसरी लिफ्ट पर जुटी रही भीड़
यह भी पढ़ें- Meerut: रैपिड रेल की लिफ्ट में फंसकर आठ लोग हुए थे बेहोश, अधिकारी बोले, क्षमता से अधिक थे सवार, लेकिन जिम्मेदार कौन
रविवार को घटन के बाद जहां संबंधित लिफ्ट को बंद कर दिया गया वहीं दूसरी लिफ्ट के पास भीड़ जमा रही। यात्रियों में रविवार की घटना का खौफ नहीं दिखाई पड़ा। वहीं बड़ी संख्या में यात्रियों ने सीढ़ी व एस्केलेटर का सहारा लिया। स्टेशन पर सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल दिखाई दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।