Meerut : मुखिया गुर्जर ने दी मतांतरण की धमकी, बिना अनुमति गुर्जर गौरव यात्रा निकालने पर अड़े 35 गिरफ्तार
Meerut News मेरठ में सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर बिना अनुमति गुर्जर गौरव यात्रा निकालने के प्रयास में पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर समेत 35 लोग गिरफ्तार कर लिए गए। प्रशासन ने यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी थी। मुखिया गुर्जर ने 25 सितंबर को फिर यात्रा निकालने की चेतावनी दी है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर बिना अनुमति गुर्जर गौरव यात्रा निकालने पर अड़े पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंद्र सिंह तथा आयोजक आकाश गुर्जर समेत 35 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, सभी को शाम को मुचलका पाबंद की कार्रवाई करते हुए छोड़ दिया गया। इसके बाद मुखिया गुर्जर ने कहा कि समाज का उत्पीड़न हुआ तो मतांतरण करना पड़ेगा।
मंगलवार को गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर कमिश्नरी पार्क और मवाना में दो स्थानों पर गुर्जर गौरव यात्रा निकाले का ऐलान किया गया था। यह दोनों कार्यक्रम पथिक सेना की तरफ से आयोजित किए गए थे। प्रशासन ने कानून व्यवस्था प्रभावित होने की वजह दिखाकर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। उसके बाद भी गुर्जर समाज के अनेक लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।
मुखिया गुर्जर को पुलिस ने रोका
आकाश गुर्जर ने मवाना में बड़ा महादेव मंदिर से तहसील तिराहा तक यात्रा निकालना चाहते थे। सपा नेता मुखिया गुर्जर कमिश्नरी चौराहे से यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे थे। गुर्जर समाज के लोग यात्रा निकालने पर अड़े थे। सुबह ही दस बजे मुखिया गुर्जर अपने बेटे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंद्र सिंह और मोनू गुर्जर समेत करीब 30 लोगों के साथ सिविल लाइंस थाने के समीप कमिश्नरी आवास के पास धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद कमिश्नरी पार्क से मुखिया गुर्जर यात्रा निकालने पर अड़े थे। कार में सवार होकर कमिश्नरी पार्क जा रहे थे। आटो सामने लगाकर उनकी कार को रोका गया।
सभी 35 लोगों को अस्थाई जेल में रखा
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने पुलिस फोर्स के साथ मुखिया गुर्जर और उनके तीस साथियों को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल पुलिस लाइन के नए आडिटोरियम में रखा गया। इसी बीच मवाना में गुर्जर गौरव यात्रा निकालने पर अड़े आकाश गुर्जर और देवेंद्र गुर्जर समेत पांच लोगों को सीओ आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लेकर आ गई।
सभी 35 लोगों को शाम तक पुलिस लाइंस में बनाई अस्थाई जेल में रखा गया। उसके बाद मुचलका पाबंद की कार्रवाई करते हुए छोड़ दिया। उधर, कंकरखेड़ा के जेवरी में भी गुर्जर गौरव यात्रा निकालने को लेकर सीओ प्रकाश चंद अग्रवाल की समाज के लोगों से जमकर नोकझोंक हुई। उन्होंने यात्रा को बीच में ही रोक दिया।
25 सितंबर को जुटेंगे, नहीं लेंगे अनुमति: मुखिया गुर्जर
इसके बाद भारी हंगामे के बीच प्रेस से बात करते हुए कहा कि पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर ने कहा कि आज राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका से लेकर हर क्षेत्र में गुर्जर समाज हाशिए पर है। हर स्तर पर समाज का उत्पीड़न हो रहा है। गुर्जर समाज के साथ सोतेला व्यवहार किया तो हम मतांतरण करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। डीएम को ज्ञापन देकर शांति पूर्वक गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की जयंती मनाना चाहते थे।
यह भी पढ़ें- Meerut News : मुखिया गुर्जर पर चार जिलों में दर्ज हैं 14 मुकदमे, बोले- हमारा दम घोटने का किया जा रहा प्रयास
कहा कि एसीएम सिविल लाइन ने अनुमति नहीं दी। हमारा गला दबाया जा रहा हैं, क्योंकि राजकाज में हमारी हिस्सेदारी नहीं है। पुलिसकर्मी भी हमारे भाई हैं, खाकी वर्दी पहनकर उनका दिमाग अग्रेजों की तरह हो गया है। इसलिए हम पर अत्याचार कर रहे हैं। क्रांतिधरा पर यह पहला आयोजन था। पुलिस ने उसे रोक दिया। 25 सितंबर को पूरे देश के साथ गुर्जर समाज के लोग यहां जुटेंगे। कोई अनुमति नहीं ली जाएगी, तब उन्हें कोई रोक कर दिखाना।
यह भी पढ़ें- Meerut News : पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर गिरफ्तार, कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का आरोप
सभी जगह कायम रही शांति व्यवस्था: एसएसपी
एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि बिना अनुमति के गुर्जर गौरव यात्रा निकालने के कारण कानून व्यवस्था प्रभावित होने की वजह से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में रखा गया था। बाद में मुचलका पाबंद की कार्रवाई कर छोड़ दिया गया। एतियात के तौर पर जनपद के प्रत्येक कस्बे में पुलिस बल लगाया हुआ था। सभी जगह शांति व्यवस्था कायम रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।