Meerut News : मुखिया गुर्जर पर चार जिलों में दर्ज हैं 14 मुकदमे, बोले- हमारा दम घोटने का किया जा रहा प्रयास
Meerut News परीक्षितगढ़ में कब्रिस्तान मामले में गिरफ्तारी के बाद सपा नेता मुखिया गुर्जर का आपराधिक रिकार्ड चर्चा में है। मेरठ के विभिन्न थानों में उन पर मारपीट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। उनके खिलाफ अमरोहा गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में भी मामले दर्ज हैं। उधर जमानत के बाद मुखिया गुर्जर ने कहा कि जमीन कब्जाने का आरोप झूठा है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। परीक्षितगढ़ के किठौर स्टैंड पर कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने और मुस्लिम समाज के लोगों को हत्या की धमकी देने के आरोप में सोमवार को पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा नेता मुखिया गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।
मुखिया गुर्जर पर मेरठ के सिविल लाइन, परीक्षितगढ़, इंचौली, खरखौदा, परतापुर और नौचंदी थाने में सात मुकदमे दर्ज हैं। यहां पर मारपीट और सेवन क्रिमिनल एक्ट के मुकदमे में भी मुखिया गुर्जर को आरोपित बनाया जा चुका है।
अमरोहा में दर्ज हैं पांच मुकदमे
अमरोहा में उनके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। यहां पर 2021 में लापरवाही से मौत होने का मुकदमा भी हसनपुर में दर्ज हुआ था। अमरोहा में कोरोना महामारी के दौरान कई मुकदमे दर्ज हुए थे। गौतमबुद्धनगर में 2021 में मुखिया गुर्जर पर संगीन धाराओं में एक मुकदमा दर्ज हुआ है। इसी तरह से गाजियाबाद में 2004 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था।
सीओ ने बताया कि सभी आपराधिक मामलों में मुखिया गुर्जर पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली जा रही है। नोएडा दादरी के निवासी मुखिया गुर्जर मेरठ की सर्वोदय कालोनी में रहते हैं। 2022 में भाजपा नेता मुखिया गुर्जर ने 14 साल बाद सपा में वापसी की थी।
सपा ने उन्हें अमरोहा की हसनपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया था लेकिन जीत नहीं सके। उनके बेटे कुलविंदर सिंह मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष रहे चुके हैं। बागपत लोकसभा सीट से दो बार और खेकड़ा सीट से एक बार सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। राजस्थान में अलवर जिले की बानसूर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं।
कचहरी में तैनात रहा भारी पुलिस बल
पुलिस बल कचहरी में सीओ अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल लगाकर मुखिया गुर्जर को पेश किया। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने फूल माला डालकर स्वागत किया। कचहरी में समर्थकों की भीड़ होने के चलते शहर के छह और देहात के चार थानों की पुलिस लगाई गई थी। परीक्षितगढ़ में गिरफ्तारी करने के बाद उन्हें पुलिस लाइन में लाया जा चुका था।
यह भी पढ़ें- Meerut News : पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर गिरफ्तार, कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का आरोप
कब्रिस्तान पर कब्जा नहीं किया: मुखिया गुर्जर
जमानत के बाद मुखिया गुर्जर ने कहा कि हमारा दम घोटने का प्रयास किया जा रहा है। जमीन कब्जाने का आरोप झूठा है। हमारे पास पैमाइश की कापी हैं। मैं डरने वाला नहीं हूं, पुलिस ने जिस तरह मेरे फोन की लोकेशन लेकर गिरफ्तारी की है। यह शासन की आड़ में प्रशासन और पुलिस की गुंडई है। गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की जंयती पर डीएम को आयोजन की जानकारी दी और अनुमति मांगी थी। आरटीआई लगाकर उसका जबाव मांगा जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।