Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sri Krishna Janmashtami: 221 किलो चांदी, मेघधनु पोषाक धारण करेंगे ठाकुरजी; देखें 5252वें जन्मोत्सव का शेड्यूल

    Updated: Mon, 11 Aug 2025 07:25 AM (IST)

    Sri Krishna Janmashtami 2025 श्री कृष्ण जन्मस्थान पर जन्माष्टमी की तैयारी शुरू हो गई है। कंस कारागार के गर्भ गृह को 221 किलोग्राम चांदी से सजाया जाएगा। ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग की) पोशाक धारण करेंगे जिसमें इंद्रधनुष के सात रंग होंगे। 6 अगस्त को मंगला आरती होगी और 14 से 18 अगस्त तक लीलाएं होंगी। भक्तों को सनातन मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया जाएगा।

    Hero Image
    Sri Krishna Janmashtami: श्रीकृष्ण जन्मस्थान की फाइल फोटो।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी शुरू हो गई हैं। रजत मंडित गर्भ गृह की छठा निराली होगी। भगवान का 5252 वां जन्मोत्सव विशिष्ट होगा। सज्जा नयनाभिराम होगी। ठाकुरजी सिंदूर पुष्प बंगले में विराजमान होंगे। सिंदूरी रंग से पुष्प बंगला सजाया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग) पोशाक धारण करेंगे। सनातन मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। रजत सूप में विराजमान होकर श्री विग्रह अभिषेक स्थल पर पधारेगा। स्वर्ण मंडित रजत कामधेनु स्वरूपा दिव्य गो प्रतिमा से ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। सुबह 5.30 बजे से रात 1.30 बजे तक ठाकुरजी जन्मस्थान में प्रवेश कर सकेंगे। 15 अगस्त को शाम छह बजे पोशाक ठाकुरजी को अर्पित की जाएंगी।

    भगवान श्रीकृष्ण का 5252 वां जन्मोत्सव, ठाकुरजी मेघधनु पोशाक करेंगे धारण

    श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने विश्राम गृह के भोजनालय परिश्रम में पत्रकारों को बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर विराजमान केशवदेवजी, मां योगमाया, श्रीगर्भ गृह, श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार मंदिर में जन्माभिषेक व आरती के दर्शन होंगे। शृंगार, रत्नजड़ित मुकुट, बांसुरी, नवरत्न जड़ित कंठा ठाकुरजी धारण करेंगे। भगवती योगमाया दिव्य स्वर्ण मुकुट धारण करेंगी। ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग की) पोशाक धारण करेंगे।

    कंस कारागार के श्रीगर्भ गृह का 221 किलोग्राम चांदी से निखारा जाएगा स्वरूप

    ठाकुरजी की पोशाक में नाम के अनुरूप इंद्रधनुष के सात रंगों का प्रयोग रेशम, जरी, रत्नों के रूप में किया गया है। छह माह में पाेशाक तैयार हुई है। कंस कारागार के रूप में प्रसिद्ध श्रीगर्भ गृह 221 किलोग्राम चांदी से निखारा जाएगा। रजत मंडित गर्भ गृह में पुष्प बंगला बनेगा। मां योगमाया मंदिर में सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र, पादुकाएं लगभग 51 किलोग्राम चांदी से तैयार कराई गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण सिंदूर पुष्प बंगला में विराजमान होंगे। इस बार जन्मोत्सव पर आपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई देगी।

    51 किलो चांदी से योगमाया मंदिर में सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र, पादुकाओं बनेंगी

    वरिष्ठ सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया छह अगस्त को मंगला आरती सुबह 5.30 बजे, आठ बजे पंचामृत अभिषेक, नौ बजे पुष्पांजलि भागवत भवन में होगी।

    • सामाजिक एकता व सनातन मूल्यों की रक्षा का संकल्प कृष्ण भक्त लेंगे।
    • 14 से 18 अगस्त तक शाम सात बजे से रात 10 बजे तक लीलाएं होंगी।
    • 15 से 17 अगस्त तक सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक भजन गायन होगा।
    • भगवान को लड्डू, मेवा, पाग का भोग लगाया जाएगा।
    • जन्मस्थान के प्रमुख संपर्क मार्ग पर जूताघर व सामान घर रहेगा।
    • रूपम सिनेमा, श्री गर्तेश्वर मंदिर के निकट, राधापार्क में सामान घर बनेगा।
    • श्रद्धालुओं का प्रवेश गेट नंबर तीन गोविंद द्वार से होगा और निकास मुख्य द्वार गेट नंबर एक से होगा।
    • श्रद्धालुओं का प्रवेश सुबह 5.30 बजे से रात 1.30 बजे तक होगा।

    यह न लाएं साथ

    श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर प्रवेश करते समय मोबाइल, फोन, कैमरा, रिंग, थैला, माचिस, सिगरेट, तंबाकू, चाकू, ब्लेड न लाएं। अपने वाहन, ठहरने के स्थान पर ही सामान छोड़कर आएं।

    16 अगस्त को यह रहेगा महोत्सव का कार्यक्रम

    1. रात 11 बजे-श्री गणपति व नवग्रह स्थापना पूजन
    2. रात 11.55 बजे तक-सहस्त्रार्चन
    3. रात 11.59 बजे-प्राकट्य दर्शन को पट बंद
    4. रात 12 बजे से रात 12.10 बजे तक- प्राकट्य दर्शन-आरती
    5. रात 12.10 बजे से रात 12.25 बजे तक- महाभिषेक
    6. रात 12.25 बजे से रात 12.50 तक- रजत कमल पुष्प में विराजमान ठाकुरजी का जन्म महाभिषेक
    7. रात 12.45 बजे से रात 12.50 तक-शृंगार आरती
    8. रात 1.55 बजे से रात दो बजे तक-शयन आरती

    सनातन मूल्यों की रक्षा का होगा संकल्प

    श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया सनातन मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। परस्पर सौहार्द, एकता, राष्ट्र के प्रति प्रेम के साथ सशक्त राष्ट्र की कामना की जाएगी। भारतवर्ष में मनुष्य रूप में जन्म अत्यंत दुर्लभ है।

    सभी भारतवासी, राष्ट्रवादियों को निजी स्वार्थ, जाति, वर्ग में न बंटकर एकजुट होना होगा, तभी सनातन मूल्य व राष्ट्र की सुरक्षा संभव है। बल, धन से मतांतरण कराया जा रहा है। बच्चों का मार्ग दर्शन करना होगा, समाज को सशक्त बनना होगा। जन्म के समय मतांतरण से लड़ने का संकल्प लें। सनातन बचेगा तो राष्ट्र बचेगा। इस समय जिहाद चल रहा है।

    संजने लगा शहर, आकर्षक होगी नगरी

    श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर को सजाने का काम नगर निगम ने तेज कर दिया है। सभी तिराहे व चौराहों की दीवारों पर पेंटिंग कराई जा रही है। खराब लाइटों को सही किया जा रहा है। डिवाइडर पर पेंटिंग कार्य चल रहा है। आने वाले दिनों में पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा नजर आएगा।

    ये भी पढ़ेंः जिस नई टाउनशिप अटलपुरम को सीएम योगी ने किया लांच, जानें उसके बारे में; ऐसे कर सकेंगे बुकिंग

    ये भी पढ़ेंः UP Politics: 'अब तो रिटायरमेंट की ओर आप', क्या हैं सीएम योगी के फतेहपुर सीकरी MLA बाबूलाल पर तंज के सियासी मायने?