Mathura News: बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग को गोली, दो हमलावर युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
मथुरा में एक मोपेड सवार बुजुर्ग रघुवीर को बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी। घायल रघुवीर को मथुरा के न्यूरो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने उनकी बेटी के ससुराल वालों पर गोली मारने का आरोप लगाया है क्योंकि उनकी बेटी तीसरी बार अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, मथुरा। Mathura News: बलदेव क्षेत्र के खंदौली मार्ग स्थित धर्मशाला के समीप मोपेड सवार बुजुर्ग को बाइक से आए दो युवकों ने गोली मार दी। कंधे में गोली लगने से बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए। उनको मथुरा के न्यूरो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बलदेव के गांव कचनाऊ निवासी 80 वर्षीय रघुवीर अपने छोटे बेटे विनोद के साथ मोपेड से गांव से बलदेव आ रहे थे। मोपेड को उनका छोटा बेटा विनय चला रहा था। पीछे बैठे पिता को बाइक पर आए दो हमलावरों ने गोली मार दी।
दाहिने कंधे पर लगी गोली
गोली बुजुर्ग रघुवीर के दाहिने हाथ के कंधे पर लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार दोनों हमलावर गोली मारकर फरार हो गए। बेटे ने शोर मचा दिया। राहगीर इकठ्ठे हो गए। घटना की जानकारी थाना बलदेव को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल कर आरोपितों की तलाश के लिए लग गई।
बलदेव थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि अज्ञात हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे है। जल्द पकड़ लिया जाएगा।
परिजन ने बेटी की ससुराल वालों पर लगाया आरोप
परिवारजन ने बेटी के ससुरालीजन पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उनका कहना है उनकी बेटी की शादी चार वर्ष पूर्व सैंपऊ सादाबाद हुई थी। लड़की ससुराल से प्रेमी के साथ तीन जून को तीसरी बार भाग गई है। इस बार अभी तक उसका पता नहीं लगा है। इससे नाराजगी है।
बंदरों के हमले में महिला घायल, हाथ का मांस नोंच ले गए बंदर
सुरीर: क्षेत्र में बंदरों के हमले का सिलसिला थम नहीं रहा है। गांव नगला जयसिंह में बुधवार सुबह घर पर काम कर रही महिला पर हमला कर बंदर उनके हाथ का मांस नोंच ले गए। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुरीर के गांव नगला जयसिंह में भूपेंद्र की पत्नी संगीता बुधवार सुबह घर पर काम कर रही थी। तभी वहां बंदरों का झुंड आ गया। बंदरों को देख कर महिला डर कर अंदर की ओर भागने लगी।
महिला को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस दौरान बंदरों ने महिला पर हमला कर दिया और उनके बांए हाथ का मांस नोच ले गए। चीख सुनकर आसपास के लोग आ गए। जिन्होंने लाठी-डंडा फटकार कर बंदरों को भगा कर महिला को बचाया। घायल महिला को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र सुरीर पर ले जाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आतंक मचा रहे बंदरों की दहशत लगातार बढ़ रही है। शिकायत के बाद भी वन विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।