UP Breaking News: अमेठी में भाजपा बूथ अध्यक्ष की पीट-पीटकर हत्या, सहारनपुर में कार में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, अलीगढ़, बरेली सहित सभी जिलों की छोटी-बड़ी खबरों के साथ हर पल की अपडेट आपको मिलेंगी Jagran.Com के इस लाइव ब्लॉग में...

जागरण ऑनलाइन डेस्क, नई दिल्ली। UP Latest Breaking News। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उथल-पुथल, शिक्षा, चिकित्सा, अपराध, बिजनेस, सोशल मीडिया पर वायरल टिप्पणियां, मानसून की जानकारी, रेलवे, यूपी के सभी जिलों की छोटी-बड़ी खबरें आपको इस ब्लॉग में मिलेंगी...
आगरा: आगरा में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि यमुना के जलस्तर पर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। तटीय इलाकों पर नजर रखी जा रही है। सभी बाढ़ चौकियां, राहत कैंप अलर्ट मोड पर हैं।
अमेठी: यूपी के अमेठी में मंगलवार शाम तीन बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमला बोलकर उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। डेढ़ दशक पहले मृतक के भाई की भी गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसमे वह गवाह भी थे।
सिद्धार्थनगर: इटवा कस्बे में एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मंगलवार की देर शाम मौत हो गई। स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मौके पर एसडीएम, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की स्थानीय टीम पहुंच गई है। सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डा. एमएम त्रिपाठी व डा. बीएन चतुर्वेदी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण नहीं है। अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर: ललौली क्षेत्र के एक गांव में बहन के घर गई किशोरी के साथ बहनोई ने दुष्कर्म किया। इसके बाद घर के बाहर से दरवाजे में ताला लगाकर फरार हो गया। पत्नी ने मोबाइल फोन से मायके पक्ष को कॉल कर बुला लिया। मंगलवार को शाम पहुंचे स्वजन ने दरवाजा तोड़ा फिर दमाद को घेरकर लात-घूंसों व डंडे से जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को बेहोशी हालत में जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
जौनपुर, संवाद सहयोगी। मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्य व उनके हमराहियों ने मिले सुराग पर दिलावरपुर रेलवे क्रासिंग के पास से भवानीपुर निवासी आरोपित रमेश यादव को पकड़ लिया। आवश्यक लिखापढ़ी कर पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बीते दिनों मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। उसकी खोज में लगातार दबिश दी जा रही थी।
हमीरपुर: गोवध करने के चार हत्यारों को जिला जज डा. अनुपम गोयल ने मंगलवार को दोष सिद्ध होने पर सात-सात वर्ष की कठोर कारावास के साथ साथ दस-दस हजार रुपये के अर्थदंड लगाया है। वहीं, आरोपित कुल छह लोगों में दो की मुकदमे के दौरान मौत हो गई।
मई 2011 में ढाबे पर दंपती और दो बच्चों के सामूहिक हत्याकांड के विरोध में राजकुमार चाहर, चौधरी बाबूलाल समेत सैकड़ों लोगों ने कौरई में रेलवे लाइन जाम कर किया था प्रदर्शन। पुलिस ने 100 लोगों के विरुद्ध दर्ज किया था अभियोग। न्यायालय ने सांसद राजकुमार चाहर के विरुद्ध जारी किया था जमानतीय वारंट। सांसद काे मुचलके पर किया रिहा।
मथुरा। थाना प्रभारी हाईवे व एसओजी प्रभारी ने लूट में वांछित चल रहे 25000 रूपये के इनामी फरमान निवासी महेन्द्र नगर को मंगलवार सुबह गोवर्धन मथुरा रोड पर ग्राम दतिया से मुठभेड में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। 12 जुलाई को तीन लुटेरों ने एक कंपनी की कर्मचारी से 65000 रुपये लूटे थे। दो लुटेरे जेल भेज चुकी है पुलिस।
मथुरा. मंगलवार सुबह सात बजे रोहित एवं मोहित निवासी हयातपुर महावन जा रहे थे। सुनील निवासी गढ़ी हयातपुर साइकिल से पढ़ने निकले थे। बरसात होने पर तीनोंनगला खेमा में रोड पर नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। करंट से मोहित की मृत्यु हो गई, दोनों झुलस गए। बिजली विभाग के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया।
अलीगढ : राज्यपाल आनंदी बेन ने जिले की वर्चुअल समीक्षा शुरू कर दी है। राज्य भवन से सबसे पहले वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने इसके निर्माण कार्य से लेकर सत्र संचालन तक पर चर्चा की है। इसके बाद वह केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करेंगी। टीबी मुक्त भारत अभियान पर भी विशेष चर्चा होनी है। इसके बाद अन्य योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया जाएगा।
फिरोजाबाद: फरिहा थाना क्षेत्र के गांव गूलामई निवासी सब्जी विक्रेता 18 वर्षीय अंकित सोमवार शाम को सब्जी बेच कर घर लौटते समय लापता हो गया। उसकी गुमशुदगी फरिहा थाने में लिखाई गई है। दाेपहर एक बजे स्वजन व ग्रामीण अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने जल्द उसे बरामद करने का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि युवक का पता लगाने के लिए सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है।
फिरोजाबाद: मंडी समिति टूंडला में बाजरा बेचने आए किसानों ने किया हंगामा। एटा रोड पर लगाया जाम। आढ़तियों पर लगाया कम दाम में बाजरा खरीदने का आरोप। 1800 की जगह 1100 में बाजरा खरीद रहे आढ़तिया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। किसानों को समझा बुझाकर कराया मामला शांत।
फिरोजाबाद: नगलासिंघी क्षेत्र के नियामतपुर घाट पर पानी में बहकर आ रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने बचाया। ग्रामीण धर्मवीर विनोद निवासीगण नगरिया थाना डौकी आगरा ने बताया कि दोनों यमुना किनारे नगरिया डौकी में बाढ़ का पानी आ जाने के कारण भूसे की बुर्जी को निकालने का प्रयास कर रहे थे। तभी तेज बहाव में बह गए। वह भूसे की बुर्जी पर बैठकर पांच किलोमीटर दूर नियामतपुर के पास बहकर आ गए। जहां ग्रामीणों ने उन्हें बचा लिया।
पीलीभीत: माधोटांडा में मंगलवार की सुबह महिला का शव घर के बरामदे में रस्सी के फंदे से लटका मिला। घर के सभी लोग बाहर थे। आसपास के लोगों ने जब शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पति ने पत्नी के बहनोई पर हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर: त्रिलोकपुर थानांतर्गत ग्राम नावडीह में दो दिन पहले जानलेवा हमले में घायल 55 वर्षीय निबाऊ यादव की उपचार के दौरान गाेंडा के एक निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई। मामले की जानकारी होते ही सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीओ स्वयं मामले पर निगाह रखे हुए हैं।
Dehradun Ambala HIghway Accident: रामपुर मनिहारान क्षेत्र के देहरादून अंबाला हाईवे पर मंगलवार की दोपहर भीषण सड़क हादसे में कार में आग लग गई। कार में सवार चार लोग जिंदा जल गए। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। कार सवार पूरी तरह जल गए। कार को कटर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया। कार सवार मृतकों की शिनाख्त तक नहीं हुई है। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...

लखनऊ से सर्वर में आई खराबी के चलते कई सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन पर्चे बनाने की प्रक्रिया ठप्प हो गई है। प्रयागराज के काल्विन अस्पताल, बेली अस्पताल और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय समेत अन्य प्रमुख अस्पतालों में भी स्थिति बिगड़ी हुई। लोगों को पर्चा बनवाने में लाइन में 2 से 3 घंटे तक भी खड़े रहना पड़ रहा है। कहीं-कहीं लोग शोर शराबा भी कर रहे हैं । मंडलीय अस्पताल कॉल्विन में स्थिति खराब होने के बावजूद केवल एक ही कंप्यूटर से ऑफलाइन पर्चे बनाए जा रहे हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज में पर्यटक को दौड़ा कर डंडों से पीटने के मामले में पांच आरोपित गिरफ्तार। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो के आधार पर की आरोपितों की पहचान। मामले में पुलिस बनी है वादी। फतेहाबाद मार्ग पर बसई चौकी के पास युवकों ने दिल्ली के पर्यटक काे दौड़ाकर था पीटा। जान बचाकर पेठे की दुकान में घुसे पर्यटक का हमलावरों के सामने हाथ जोड़ते वीडियो इंटरनेट मीडिया में हुआ था प्रसारित।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। रामगंगा के जलस्तर में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन पहाड़ों पर फिर से हुई तेज वर्षा ने चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ों पर नदी वर्षा होने से बैराज से पानी छोड़ने की स्थिति में नदी का जलस्तर बढ़ जाएगा।
सोमवार सुबह में रामगंगा का जलस्तर बढ़कर 190.22 मीटर तक पहुंच गया था। दिन भर में जल स्तर धीरे-धीरे गिरावट आई। सोमवार रात आठ बजे नदी का जल स्तर 190.11 पर पहुंच गया। मंगलवार सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर नापा गया तो 189.84 मीटर आया। अब नदी खतरे के निशान 190.60 से 76 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। पिछले दिनों नदी का जल स्तर लगातार बढ़ने के कारण सौ से अधिक गांवों तक नदी का पानी पहुंच चुका है। बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अनुसार अभी खो बैराज या कालागढ़ डैम से पानी छोड़े जाने की सूचना नहीं है। वर्षा होने पर बैराज से पानी छोड़ा जाएगा। वहीं, गागन के जल स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई। नदी का जलस्तर 189.20 पर पहुंच चुका है। मीटर पर पहुंच गया। नदी का खतरे का निशान 192 मीटर पर है। मुरादाबाद में मंगलवार को कुछ स्थानों पर बूंदाबादी हुई और जनपद में अधिकांश जगहों पर बादल छाए रहे, पर वर्षा सुबह तक नहीं हुई है।
जागरण संवाददाता ,रायबरेली: शहर के राणा नगर मोहल्ले के लोग एक पालतू कुत्ते से परेशान हैं । कुत्ता अब तक कई लोगों को काट चुका है। सोमवार की रात कुत्ते ने मोहल्ले की रहने वाली साडे पांच वर्षीय अदिति मिश्रा को अपना शिकार बनाया। कुत्ते के काटने से बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारजनों ने उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया। बच्ची के पिता नीरज कुमार ने डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई है।
Varanasi News : प्रदेश स्तर पर 1500 एएनएम की नियुक्ति की गई है। मंगलवार को शिवपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 15 एएनएम को सीएमओ डॉक्टर संदीप चौधरी नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। इससे स्वास्थ सुविधाओं में बढ़ोतरी हो जाएगी। साथी ही मरीजों को काफी सहूलियत होगी।
बदायूं, जागरण संवाददाता। शाहजहांपुर जिले के चार युवक दो बाइक से जिले के दातागंज क्षेत्र में पुसगवां रिश्तेदारी में दावत खाने आए थे। सोमवार देर रात घर वापस लौटते समय मूसाझाग के पास ट्रक ने दोनों बाइकों को कुचल दिया। हादसे में
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के पथरिया गांव निवासी सत्यवीर उर्फ छुटकू, सेहरामऊ निवासी छोटू की मृत्यु हो गई। पथरिया गांव के ही सुनील और संजीव घायल हुए हैं। ट्रक व ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। निकायों में स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू हो गया है। निगम की रैंकिंग को बेहतर करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को महापौर अर्चना वर्मा और नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने खुद झाड़ू लगाकर लोगोंं को स्वच्छता का संदेश दिया। शहर के कटिया टोला मुहल्ले में करीब दो घंटे तक चले जागरूकता कार्यक्रम के दौरान तमाम लोगों ने खुद भी अपने-अपने घरों के सामने सफाई की। महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू हो चुका है, निगम में भी किसी भी दिन सर्वे करने के लिए क्यूसीआइ की टीम आ सकती है। ऐसे में सभी को अपने-अपने घरों के सामने सफाई रखनी चाहिए ताकि शहर स्वच्छता के मामले में देश में पहले स्थान पर पहुंच सके। नगर अायुक्त ने कहा कि निगम बनने के बाद सामूहिक प्रयासों से ही हर साल रैंकिंग में सुधार हुआ है। उन्होंने पार्षदों से भी अपील करते हुए कहा कि अपने-अपने वार्डों को स्वच्छ बनाये। ब्रजबिहार, दलेलगंज, बाबूजई समेत कई मुहल्लों में पार्षदों ने खुद भी झाड़ू लगाई।

पीलीभीत, जागरण संवाददाता। तराई के जिले में इस बार सावन के पहले दिन से ही बरसात का क्रम शुरू हो गया था। इस दौरान अब तक लगभग रोजाना ही रुक रुककर बरसात होती रही है लेकिन अगले तीन दिनों तक मौसम सूखा रहने की संभावना है। उसके बाद बरसात का दौर फिर से शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान पर बादल उमड़ने लगे। साथ ही हल्के हल्के हवा भी चलने लगी। इससे मौसम सुहाना हो गया। तमाम बच्चे खुशनुमा मौसम के बीच अपने स्कूलों में पहुंचे। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि तराई के जिले में सायं तक फिर बरसात होने की संभावना है। इसके बाद बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को मौसम सूखा रहेगा। इस दौरान बरसात होने की कोई संभावना नहीं है लेकिन बाद में फिर तराई में मानसून की सक्रियता बढ़ने लगेगी। इसके बाद कई दिन तक रुक रुककर बरसात होने की संभावना है।
बदायूं, जागरण टीम। गंगा और रामगंगा दोनों नदियों में उफान आया हुआ है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इस समय पानी खतरे के निशान से 87 सेमी ऊपर बह रहा है। नरौरा बैराज से मंगलवार सुबह दो लाख 13 हजार 749 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कछला में मीटर गेज तीन सेमी ऊपर चढ़कर 162.87 मीटर पर पहुंच गया है। खतरे का निशान 162 मीटर है। उसहैत और सहसवान क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविरों का संचालन किया जा रहा है। उसहैत क्षेत्र के ललोमई के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाया गया है। तहसील प्रशासन की ओर से उनके खाने-पीने की व्यवस्था कराई गई है। डीएम मनोज कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लगाया गया है। राहत चौपाल लगाकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।
मथुरा, जागरण संवाददाता। सुबह लगभग सात बजे रोहित एवं मोहित निवासी हयातपुर थाना जमुनापार घर से महावन की ओर निकले थे, उसी समय सुनील निवासी गढ़ी हयातपुर साइकिल से पढ़ने निकला था। बरसात होने पर तीनों गांव नगला खेमा के समीप रोड पर नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। करंट से मोहित की मृत्यु हो गई, दोनों झुलस गए। हालत गंभीर है।
आगरा, जागरण संवाददाता। थाना डौकी के कुडौंल मे चाकूओं से गोद 22 वर्षीय रोहित पुत्र साहूकार सिंह की हत्या। सोमवार की शाम से गायब था रोहित। स्वजन का आरोप गांव के कुछ युवक अपने साथ लेकर गए थे। इसके बाद से लापता था। कुडौंल में मंगलवार की सुबह शिव वाटिका के पीछे पड़ा मिला शव। शरीर पर चाकुओं के 8 से 10 घाव हैं। एसीपी आनंद कुमार पांडेय डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे।
फिरोजाबाद। सिरसागंज क्षेत्र के गांव जैतपुर सराय निवासी 40 वर्षीय अवधेश कुमार सिंह की सुबह छह बजे घर पर करंट लगने से मृत्यु हो गई। वह सबमर्सिबल पंप चलाने जा रहे थे, इस बीच करंट लग गया स्वजन अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
संवाद सूत्र, सरूरपुर। कस्बा खिवाई में बंदरों का आतंक आए दिन बढ़ रहा है। जिसका खामियाजा कस्बे के लोगों को बंदरों का शिकार होकर चुकाना पड़ रहा है। ऐसा ही एक हादसा कस्बे के वार्ड नंबर 13 में एक साल की बच्ची आयत पर मंगलवार सुबह बंदर ने हमला कर दिया। जिससे बच्ची बुरी तरह से जख्मी हो गई। जिसे लेकर स्वजन उपचार को निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे।
कस्बा खिवाई निवासी आरिफ ने बताया कि उसकी पत्नी अंजुम मंगलवार यंबह घर के आंगन में चूल्हे पर खाना बना रही थी। उसके पास में एक साल की बेटी आयत भी बैठी थी। उसी दौरान बंदर आंगन में उतर आया और बच्ची पर हमला कर दिया। बंदर को भगाने को दौडी अंजुम को देखकर बंदर बच्ची को उठाकर छत की तरफ भागने लगा। चीख सुनकर पहुंचे अन्य स्वजन ने किसी तरह बंदर को भगाकर बच्ची को बचाया और गंभीर हालत में कस्बे में ही निजी चिकित्सक के पास उपचार कराया। कस्बे के लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत में बंदरों को पकड़ने को कई बार शिकायत कर चुके है, लकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद और अशरफ के मारे जाने के बाद इस गिरोह के अपराधियों में अपना अलग गैंग बनाकर जमीनों पर कब्जे और रंगदारी वसूलने की होड़-सी लगी है। अतीक की हत्या के बाद रंगदारी मांगने के कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। धमकाने वाले भी अतीक के ही आदमी हैं। अतीक गैंग के अपराधियों की गिरोहबंदी पर पुलिस भी नजर बनाए हुए है। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
UP News: मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपितों को सजा सुनिश्चित कराने के लिए लखनऊ समेत 10 जिलों में एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायालय स्थापित कराए जाएंगे। जिन जिलों में ऐसे मामले अधिक हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर विशेष न्यायालय खोले जाएंगे। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
Mathura News: दिल्ली के बाद अब मथुरा-वृंदावन में यमुना उफान पर है। वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में चार-पांच फीट पानी भरने के कारण नाव चल रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कहा है कि मंगलवार को मथुरा-वृंदावन की यात्रा पर न आएं। वहीं खादर क्षेत्र में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। 150 से ज्यादा कालोनियां और 29 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
UP News: उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2019-21 की समयावधि में 3.43 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी की गिरफ्त से बाहर आए हैं। प्रदेश में 2015-16 में जहां 37.68% लोग गरीबी के दायरे में थे, वहीं 2019-21 में उनकी संख्या घटकर 22.93% रह गई। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
Shaista Parveen: माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम बढ़ाने की तैयारी प्रशासन द्वारा की जा रही है। शाइस्ता पर एक लाख का इनाम घोषित किया जा सकता है। इसके साथ-साथ जैनब और आयशा पर भी इनाम घोषित किया जा सकता है। शाइस्ता पर अभी 50 हजार रुपये का इनाम है। पुलिस और एसटीएफ इन तीनों को गिरफ्तार करने में अभी नाकाम रही है। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
UP Weather Report: मानसून की बारिश यूपी के 55 जिलों में जमकर होने के आसार हैं तो वहीं दूसरी ओर एक सप्ताह तक राजधानी और उसके आसपास के जिलों में तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके कारण उमस बढ़ रही है। बिजली गिरने का अलर्ट भी मौसम विभाग ने जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस महीने जमकर मानसून के बादल बरसे हैं। खबर को पूरा पढ़ने के लिए क्लिक करें...
