UP Police: सीएम योगी ने 1494 युवाओं काे दिया नियुक्ति पत्र, बाेले- पुलिस में 30 हजार कार्मिकों की और होगी भर्ती
UP Police Recruitment Drive यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए 1374 सहायक परिचालकों और 120 कार्यशाला कर्मचारियों का चयन किया गया है। 60244 आरक्षियों की भर्ती के बाद यूपी पुलिस के दूरसंचार विभाग को 1494 प्रशिक्षित स्टाफ मिला है। जिनका उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निष्पक्ष व पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयन किया है।

राज्य ब्यूराे, जागरण, लखनऊ ः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तर प्रदेश पुलिस काे हर प्रकार से समृद्ध करने का अभियान जारी है। उत्तर प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष वरीयता में है और इसी काे अधिक मजबूत करने के क्रम में 60,244 सिपाहियाें की भर्ती के बाद यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 1494 युवाओं काे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार काे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति-पत्र वितरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में जल्द ही 30 हजार और कार्मिकों की भर्ती की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड जल्दी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस में भर्ती होने वाले कार्मिकों में 20 प्रतिशत अग्नि वीरों को भी शामिल किया जाएगा। इससे हमें प्रशिक्षित कार्मिक मिल सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती में भाई भतीजावाद चलता था। हर पद की बोली लगती थी। पूरा प्रदेश दंगों की चपेट में था। अयोध्या और काशी जैसे धार्मिक स्थलों पर भी आतंकी हमले होते थे। उस दौर में गुंडाराज, आतंकी हमले, और युवाओं का पलायन आम बात थी, लेकिन आज की यूपी एक निवेश का केंद्र बन चुका है। आज पूरे देश में कानून व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।
कानून व्यवस्था के मामले में उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। 2017 से लेकर अभी तक प्रदेश 8.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सबसे ज्यादा 2,17,500 नौकरियां उत्तर प्रदेश पुलिस में युवाओं को दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को संवेदनशील होना पड़ेगा साथ ही अपराधियों के प्रति सख्त भी। सीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था, रोजगार और विकास के हर मोर्चे पर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।
सीएम योगी के संबोधन की प्रमुख बातें
- 1494 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए
- प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू – सीएम
- पहले भर्तियों में भेदभाव और भ्रष्टाचार होता था
- पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, आज कानून का राज है
- 2017 से पहले था गुंडाराज, अब निवेश का माहौल
- 10 जिलों में पुलिस लाइन नहीं थी, अब स्थिति बदली
- पुलिस ट्रेनिंग की क्षमता बढ़ाई गई
- पहले पहचान का संकट था, आज यूपी प्रगति पर
योगी सरकार बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जोड़ रही
कार्यक्रम में माैजूद प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बयाया कि याेगी आदित्यनाथ सरकार इस वर्ष अब तक दाे लाख 16 हजार से अधिक युवाओं काे सरकारी नाैकरी दे चुकी है। योगी सरकार बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जोड़ रही है। अब तक प्रदेश में 8.50 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां, 3.75 लाख संविदा नियुक्तियां और मिशन रोजगार के तहत 2 करोड़ से अधिक निजी क्षेत्र व एमएसएमऊ में रोजगार के अवसर सृजित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि गांव और हर शहर में रोजगार उपलब्ध हो और प्रदेश का हर युवा सशक्त और स्वावलंबी बने।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि 2017 के बाद से 8.50 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि दूरसंचार विभाग पुलिस की रीड की हड्डी है। अभी तक 63 जिलों में पुलिस की डिजिटल केंद्रों की स्थापना की जा चुकी है, शेष 12 जिलों में जल्द ही पुलिस के डिजिटल केंद्रों की स्थापना पूरी कर ली जाएगी।
सहायक परिचालक पद पर 274 महिला अभ्यर्थियों
चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। सहायक परिचालक के कुल पदों में 274 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। कर्मशाला कर्मचारी के 120 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में 23 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। सहायक परिचालक के 1,374 पदों पर भर्ती-2022 के तहत 3,89,711 अभ्यर्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था। भर्ती बोर्ड ने एक फरवरी से आठ फरवरी, 2024 के मध्य 16 पालियों में आनलाइन लिखित परीक्षा कराई थी। 11 जिलों में हुई परीक्षा में 4,216 अभ्यर्थियों को अभिलेखों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाया गया था। इसके उपरांत सात से 12 मार्च, 2025 के मध्य शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) हुई थी। भर्ती बोर्ड ने प्रसामान्यीकृत अंकों (नार्मलाइज्ड स्कोर) के श्रेष्ठताक्रम के आधार पर अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित किया था। ऐसे ही कर्मशाला कर्मचारी के पदों पर आनलाइन लिखित परीक्षा के उपरांत अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
यह भी पढ़ें- CM Yogi Adityanath Janta Darshan : निश्चिंत होकर घर जाइये, आपकी हर समस्या का होगा समाधान : योगी आदित्यनाथ
यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए 1,374 सहायक परिचालकों और 120 कार्यशाला कर्मचारियों का चयन किया गया है। 60,244 आरक्षियों की भर्ती के बाद यूपी पुलिस के दूरसंचार विभाग को 1494 प्रशिक्षित स्टाफ मिला है।
जिनका उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निष्पक्ष व पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयन किया है। योगी आदित्यनाथ सरकार की पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से चयनित युवाओं को सरकारी सेवा का लगातार अवसर मिल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।